)
छत्तीसगढ़ से मानसून की विदाई के साथ ही मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव आ रहा है. मौसम विभाग ने राज्य के कई इलाकों में अगले दो दिनों के लिए तेज हवाओं, आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार, राजधानी रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव समेत कई जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. इस दौरान आंधी और बिजली गिरने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की भी उम्मीद है. विभाग ने लोगों से सुरक्षित जगहों पर रहने और खराब मौसम के दौरान खुले में बाहर न निकलने की अपील की है.
बुधवार को कई जगहों पर हल्की बारिश हुई और मौसम मिला-जुला रहा. तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 33.9°C दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक है. यह पूरे प्रदेश में सबसे अधिक तापमान रहा. वहीं पेंड्रारोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.2°C दर्ज किया गया.
आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, आज गुरुवार को राज्य के एक-दो हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है. साथ ही, बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफान की भी संभावना है. विभाग का अनुमान है कि राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है.
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान कई जगहों पर तेज हवाएं और बिजली गिरने की भी संभावना है.
क्यों बदल रहा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में मौसम के बदलते हालात के पीछे तीन बड़े सक्रिय मौसम सिस्टम हैं. दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे सटे छत्तीसगढ़ के इलाकों में ऊपरी वायुमंडल में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना है. ऊपरी वायुमंडल में ही दक्षिणी झारखंड और उसके आस-पास एक और साइक्लोनिक सिस्टम मौजूद है, जो छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी असर डाल रहा है. अलग-अलग ऊंचाई पर बन रही ट्रफ लाइनों की वजह से राज्य के मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव हो रहा है. इन तीन सिस्टम की वजह से 40-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलने और साथ में आंधी-तूफान व बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग ने दी सलाह
बेमौसम बारिश और तेज हवाओं का यह दौर पूरे राज्य में मौसम के हालात को पूरी तरह बदल देगा. मौसम विभाग की चेतावनी के बाद, लोगों को सलाह दी गई है कि वे आंधी और बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदानों या पेड़ों के नीचे न रहें.