बिलासपुर साइबर ठगी: इंस्टाग्राम पर युवती से दोस्ती, फिर 66 लाख का फ्रॉड, SECL के रिटायर्ड अफसर को ऐसे लगाया चूना
बिलासपुर में ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा कमाने के नाम पर ठगों ने SECL के 63 वर्षीय रिटायर्ड अधिकारी से 66 लाख रुपये ऐंठ लिए. आइए इस पूरे मामले के बारे में जानते हैं.
बिलासपुर से साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जहां ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर एसईसीएल के एक सेवानिवृत्त अधिकारी को 66 लाख रुपये का चूना लगा दिया गया. ठगों ने इंस्टाग्राम पर युवती के जरिए पहले पीड़ित से दोस्ती की, फिर निवेश के नाम पर लाखों रुपये अपने बताए खातों में ट्रांसफर करवा लिए. जब मुनाफे की रकम निकालने के लिए अतिरिक्त टैक्स मांगा गया, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ.
दरअसल, बिलासपुर के अशोक नगर, बिरकोना रोड निवासी 63 वर्षीय कुलदीप सिंह ठाकुर एसईसीएल में डिप्टी जनरल मैनेजर के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं. मिली शिकायत के मुताबिक, 2 जून 2026 को इंस्टाग्राम के माध्यम से उनकी पहचान तनिशा ठाकुर नाम की युवती से हुई. युवती ने खुद को गुरुग्राम की एक कंपनी में वित्त प्रबंधक बताया और अमेरिकी शेयर बाजार में ट्रेडिंग के जरिए बेहतर मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया.
अलग-अलग किश्तों में ट्रांसफर
इसके बाद, पीड़ित को एक ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म डाउनलोड कराया गया. निवेश के नाम पर उन्होंने अपने एक्सिस बैंक खाते से छह अलग-अलग किश्तों में कुल 66 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए. इनमें 17 लाख, 10 लाख, 10 लाख, 4 लाख, 10 लाख और 15 लाख रुपये शामिल हैं.
पुलिस मामले की जांच कर रही
आरोप है कि जब कुलदीप सिंह ने अपनी कमाई निकालने की कोशिश की, तो उनसे अग्रिम टैक्स जमा करने को कहा गया. इसी मांग के बाद उन्हें ठगी का संदेह हुआ. पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और अक्टूबर को रेंज साइबर थाने में लिखित आवेदन दिया. फिलहाल, शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ASP पंकज पटेल की ये अपील
वहीं ASP शहर पंकज पटेल ने लोगों से खास अपील की है कि सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाली ऐसी पोस्ट और निवेश से जुड़े आकर्षक ऑफर के झांसे में न आएं, जिनमें कम समय में अत्यधिक मुनाफा देने का दावा किया जाता है. किसी भी अनजान व्यक्ति या कंपनी के कहने पर अपनी मेहनत की कमाई निवेश करने से पहले पूरी जानकारी और विश्वसनीयता की जांच जरूर करें.
ये भी पढ़ेंः बिलासपुर में ट्रैफिक पुलिस सख्त: नंबर प्लेट पर स्टीकर या कपड़ा लगाया तो बढ़ सकती हैं मुश्किलें
साइबर ठगी से बचने का उपाय
अगर कोई सोशल मीडिया पर बड़ा लाभ दिलाने का दावा करता है, तो लालच में फैसला लेने के बजाय अपनी समझ और सोच का इस्तेमाल करें. अत्यधिक मुनाफे के लालच में जल्दबाजी करना आपकी वर्षों की जमा पूंजी को खतरे में डाल सकता है. सतर्कता ही साइबर ठगी से बचने का सबसे बड़ा उपाय है.
(रिपोर्टः शैलेंद्र सिंह ठाकुर, बिलासपुर)