)
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर अब पुलिस की पैनी नजर है. खासकर नंबर प्लेट पर स्टीकर लगाना, उसे कपड़े से ढंकने या उसमें छेड़छाड़ कर वाहन की पहचान छिपाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है. एडिशनल एसपी यातायात रामगोपाल करियारे का कहना है कि मामले की गंभीरता और परिस्थितियों के आधार पर आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किया जा सकता है
वहीं, जनवरी 2026 से अब तक आईटीएमएस और ई-चालान प्रणाली के जरिए एक लाख 73 हजार 400 से ज्यादा चालान जारी किए जा चुके हैं. लंबित चालानों का भुगतान नहीं करने वालों को भी अब कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है. बिलासपुर में यातायात पुलिस अब तकनीक की मदद से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर नजर रख रही है.
एडिशनल एसपी का कहना है कि बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाना, नंबर प्लेट पर स्टीकर लगाना, मैग्नेट का इस्तेमाल करना या कपड़े से नंबर प्लेट ढंककर पहचान छिपाना वाहन चालकों को मुश्किल में डाल सकता है. पुलिस ऐसे वाहनों की जांच कर रही है, जिनकी नंबर प्लेट से छेड़छाड़ की गई है. इसके साथ ही अवैध मॉडिफिकेशन और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर भी नजर रखी जा रही है.
एडिशनल एसपी करियारे की चेतावनीएडिशनल एसपी रामगोपाल करियारे ने चेतावनी देते हुए कहा कि नंबर प्लेट या वाहन के दस्तावेजों से छेड़छाड़ के मामलों में परिस्थितियों के अनुसार आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जा सकता है. पुलिस का उद्देश्य ऐसे वाहनों की पहचान सुनिश्चित करना और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाए रखना है.
उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस की कार्रवाई के बीच लंबित ई-चालान भी वाहन चालकों के लिए बड़ी परेशानी बन सकते हैं. जनवरी 2026 से अब तक आईटीएमएस और ई-चालान प्रणाली के माध्यम से एक लाख 73 हजार 400 से अधिक चालान जारी किए जा चुके हैं. जिन वाहन चालकों ने अब तक जुर्माना जमा नहीं किया है, उन्हें अपने चालान की स्थिति जांचकर समय पर भुगतान करना चाहिए.
ये भी पढ़ेंः रायपुर में अन्नदाता गर्जना रैलीः धान की MSP बढ़ाने की मांग, एक नजर में जानिए किसानों की सभी डिमांड
आगे कहा कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत चालान की सूचना मोबाइल पर भेजी जाती है और भुगतान नहीं करने पर मामला न्यायालय तक पहुंच सकता है. बार-बार नोटिस की अनदेखी करने वालों के ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन या निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है. यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने, नंबर प्लेट स्पष्ट रखने, जरूरी दस्तावेज साथ रखने और बकाया चालान जमा करने की अपील की है. साफ है कि नंबर प्लेट से छेड़छाड़ और यातायात नियमों की अनदेखी अब भारी पड़ सकती है.
(रिपोर्टः शैलेंद्र सिंह ठाकुर, बिलासपुर)