SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

छत्तीसगढ़ में माओवादियों का करोड़ों का खजाना बरामद, बीजापुर के जंगल में मिला 4.29 करोड़ का सोना और 24 लाख कैश

बीजापुर के इंद्रावती नदी के जंगल में सुरक्षा बलों ने माओवादी डंप से 3.84 किलो सोना और 24.22 लाख रुपये नकद बरामद किया. सोने की कीमत करीब 4.29 करोड़ रुपये आंकी गई.

Edited By Renu Akarniya
Published: Nov 28, 2026, 18:04 IST | Updated: Nov 28, 2026, 18:15 IST
Image Credit: छत्तीसगढ़ में माओवादियों का करोड़ों का खजाना बरामद, बीजापुर के जंगल में मिला 4.29 करोड़ का सोना और 24 लाख कैश
Join

मध्य प्रदेश के बीजापुर जिले में माओवादी डंप के खिलाफ सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई के बीच एक और बड़ी बरामदगी हुई है. भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में इंद्रावती नदी के आसपास स्थित जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए माओवादी डंप से 3.84 किलोग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं. बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 29 लाख रुपये बताई गई है.

इंद्रावती नदी के पास जंगल में माओवादी डंप छिपे होने की सूचना मिली
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 नवंबर को भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के इंद्रावती नदी के आसपास के जंगल में जमीन के अंदर माओवादी डंप छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में डीआरजी, थाना भैरमगढ़ और बीडीएस की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान चलाया.

बीडीएस टीम ने डिमाइनिंग और तलाशी अभियान चलाया, करोड़ा का सोना मिला 
थाने से लगभग 8 से 10 किलोमीटर दूर इंद्रावती नदी के पास चिन्हित स्थान पर बीडीएस टीम ने डिमाइनिंग और तलाशी अभियान चलाया. इस दौरान जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया एक स्टील का डिब्बा बरामद हुआ. डिब्बे की तलाशी लेने पर उसमें 33 सोने के बिस्किट मिले. प्रत्येक बिस्किट का वजन 10 तोला बताया गया है. कुल सोने का वजन 330 तोला यानी लगभग 3.84 किलोग्राम है. पुलिस के अनुसार इसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपये है.

24.22 लाख रुपये कैश बरामद
इसके अलावा टेप से लिपटे एक पैकेट में 500 रुपये के नोटों के रूप में कुल 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद भी बरामद किए गए. पुलिस ने बताया कि बरामद सोने और नकदी के संबंध में थाना भैरमगढ़ में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

अब तक 8.24 करोड़ नकद और 12.34 किलो सोना बरामद
पुलिस के अनुसार, डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा और सीआरपीएफ के संयुक्त प्रयासों से जिले में माओवादी डम्प के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इन कार्रवाइयों के परिणामस्वरूप बीजापुर जिले के विभिन्न स्थानों से अब तक कुल 8 करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपये नकद और 12.34 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है.

इंद्रावती नदी के जंगल में हुई ताजा बरामदगी को माओवादी नेटवर्क की आर्थिक गतिविधियों के खिलाफ सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें: MP के DGP नियुक्ति पर सस्पेंस बरकरार: कैलाश मकवाणा की विदाई या एक्सटेंशन? आदेश का इंतजार

(बीजापुर से पवन दुर्गम की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और हाइपर लोकल की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग, यूटिलिटी से जुड़ी खबरों पर काम कर रही हैं. रेनू पिछले 4 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. DU से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से अपने करियर की शुरुआत की. लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा है.रेनू अकर्णिया से आप renu.akarniya@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES