बस्तर में राम वन गमन पथ की बदलेगी सूरत, योजना के नाम पर आमने-सामने BJP-कांग्रेस?
बस्तर में राम वन गमन पथ परियोजना को नया स्वरूप देने की तैयारी चल रही है. पर्यटन विभाग दूसरे चरण में कई धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को जोड़ने की योजना बना रहा है. इस पर बीजेपी-कांग्रेस ने भी अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं.
छत्तीसगढ़ के बस्तर में राम वन गमन पथ को नया स्वरूप देने की तैयारी पर्यटन विभाग की तरफ से शुरू कर दी गई है. इस संभाग के कई धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को इस परियोजना से जोड़ने की भी योजना बनाई जा रही है. 2019 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने इस परियोजना की घोषणा की थी. जबकि साल 2011 में इस परियोजना की आधिकारिक तौर पर शुरुआत की गई थी. पहले चरण में बस्तर के कई ऐतिहासिक और फेमस स्थलों को इस परियोजना में शामिल किया गया था.
इस परियोजना के तहत एक पर्यटन सर्किट डेवलप करने का तत्कालीन सरकार ने दावा किया था. अब इस परियोजना के दूसरे चरण में पर्यटन विभाग ने बस्तर के कई महत्वपूर्ण स्थलों को शामिल करने की तैयारी की है, वहीं राम वन गमन पथ के स्वरूप बदले जाने को लेकर सियासी घमासान भी शुरू हो गया है. कांग्रेस ने भाजपा पर उनके कार्यकाल की योजनाओं के जरिए अपनी सियासत चमकाने का आरोप लगाया है.
बीजेपी-कांग्रेस आमने-सामने
कांग्रेस का आरोप है कि सरकार के पास अपनी खुद की कोई परियोजना नहीं है. शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि राम के नाम का उपयोग करते हुए बीजेपी कांग्रेस कार्यकाल की योजनाओं पर अपना ठप्पा लगाने का प्रयास कर रही है. वहीं, राम वन गमन पथ परियोजना को लेकर भाजपा ने भी कांग्रेस पर तीखा हमला किया है. बीजेपी जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे ने कहा कि कांग्रेस कभी राम के अस्तित्व को नकारती है. वहीं, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद से अब तक कांग्रेस के नेता दर्शन करने नहीं गए. ऐसे में कांग्रेस के पास इस मामले में राजनीति करने का अधिकार नहीं है.
ये भी पढ़ेंः आस्था + विकास का संगम: उत्तराखंड की तर्ज पर 1000 KM लंबा 'आस्था पथ', 5 शक्तिपीठों से कैसे बदलेगी छत्तीसगढ़ की आर्थिक तस्वीर?
कई फेमस स्थल शामिल हैं
गौरतलब है कि राम वन गमन पथ परियोजना में कोंडागांव जिले के रामपुर, जगदलपुर के दलपत सागर, केशकाल, गढ़धनोरा, चित्रकोट जलप्रपात, रामपाल, एक ऐतिहासिक मंदिर और तीरथगढ़ सहित दंतेवाड़ा के बारसूर, दंतेश्वरी मंदिर और सुकमा के रामाराम जैसे स्थल शामिल हैं. लेकिन राम वन गमन पथ के बोर्ड अब भी जर्जर बने हुए हैं. सरकार एक ओर परियोजना को एक्सटेंशन देने की तैयारी कर रही है, लेकिन अब देखना होगा कि सरकार द्वारा बस्तर में धार्मिक पर्यटन के साथ बस्तर की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को भी राष्ट्रीय पहचान दिलाने का दावा कितना जमीनी हकीकत बन पाता है.
(रिपोर्टः अनूप अवस्थी, जगदलपुर)