SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बस्तर पुलिस क्रिकेट लीग: जंगलों में नक्सलियों से लोहा लेने वाले जवानों ने मैदान में दिखाया दम, मंत्री-विधायक ने भी लगाए चौके-छक्के

कोंडागांव पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित बस्तर पुलिस क्रिकेट लीग में बस्तर संभाग के सात जिलों की पुलिस टीमें हिस्सा ले रही हैं. इस दौरान वन मंत्री केदार कश्यप और विधायक लता उसेंडी भी मैदान में उतरीं और बल्लेबाजी-गेंदबाजी कर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया.

Written By Pooja
Published: Oct 10, 2026, 10:54 AM IST | Updated: Oct 10, 2026, 11:14 AM IST
Join

जिन जवानों ने बस्तर के घने जंगलों में कई-कई दिन तक मोर्चा संभालकर नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ी, आज वहीं जवान क्रिकेट के मैदान में चौके-छक्के लगाते नजर आ रहे हैं. कोंडागांव में आयोजित बस्तर पुलिस क्रिकेट लीग में वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक लता उसेंडी और बस्तर संभाग के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में खेल, उत्साह और आपसी भाईचारे की शानदार तस्वीर देखने को मिली. बस्तर संभाग के सात जिलों के पुलिस जवानों की टीमें इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं.

क्रिकेट के मैदान में उतरे मंत्री और विधायक
कोंडागांव पुलिस लाइन ग्राउंड में क्रिकेट का रोमांच अपने चरम पर नजर आया. बस्तर पुलिस क्रिकेट लीग में वन एवं परिवहन मंत्री केदार कश्यप और कोंडागांव विधायक लता उसेंडी भी क्रिकेट खेलते दिखाई दीं. दोनों ने मैदान में बल्लेबाजी और गेंदबाजी कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया. इस आयोजन में बस्तर रेंज के आईजी सहित बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों के पुलिस अधिकारी भी शामिल हुए. सात जिलों के पुलिस जवानों की भागीदारी ने इस प्रतियोगिता को संभाग स्तरीय खेल महोत्सव का रूप दे दिया.

जंगलों में संघर्ष करने वाले जवानों के लिए सुकून के पल
यह सिर्फ क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं, बल्कि उन जवानों के लिए कुछ सुकून भरे पल भी हैं, जिन्होंने बस्तर में शांति और सुरक्षा कायम करने के लिए कठिन परिस्थितियों में अपनी सेवाएं दी हैं. कभी जंगलों में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान चलाने वाले जवान आज खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं. जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में यह आयोजन सुरक्षा बलों के मनोबल, आपसी समन्वय और खेल भावना को बढ़ावा देने का संदेश देता नजर आया.

व्यापारियों ने बढ़ाए मदद के हाथ
इस प्रतियोगिता की एक और खास बात यह है कि आयोजन के खर्च में स्थानीय व्यापारी वर्ग ने सहयोग किया है. नगर के व्यापारी और अन्य सहयोगी प्रायोजक के रूप में आगे आए, जिससे पुलिस विभाग के इस आयोजन को बड़े स्तर पर आयोजित करने में मदद मिली.

शांतिपूर्ण रातों के पीछे इन जवानों का बड़ा योगदान
पंकज चंद्रा कोंडागांव पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने कहा कि, यही वे जवान हैं, जो कंधों पर बंदूक और गोला-बारूद का वजन लादकर नक्सलियों से मुकाबला करने जंगलों में निकलते थे. उनकी मेहनत और साहस से बस्तर में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है. आज जवानों और आम नागरिकों को जो शांतिपूर्ण माहौल और खूबसूरत रातें नसीब हो रही हैं, उसके पीछे इन जवानों का बड़ा योगदान है. बता दें कि, बस्तर रेंज में पुलिस कर्मियों के बीच आपसी तालमेल और खेल की भावना को बढ़ावा देने के लिए बस्तर पुलिस क्रिकेट लीग का आयोजन किया जा रहा है. यह टूर्नामेंट कोंडागांव में 8 से 10 अक्टूबर तक होगा, जिसमें बस्तर डिवीजन के सात जिलों की पुलिस टीमें हिस्सा लेंगी. पुलिस टीमें ‘वन फोर्स, वन स्पिरिट’ थीम पर क्रिकेट खेलेंगी. इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य कर्मियों के बीच टीम वर्क, अनुशासन और खेल की भावना को मजबूत करना है.

(चम्पेश जोशी की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पूजा सिंह एक डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया में 5 सालों से ज्यादा का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीतिक हलचलों, क्राइम और स्थानीय (हाइपरलोकल) मुद्दों की सटीक व रियल-टाइम डिजिटल कवरेज पर उनकी मजबूत पकड़ है.माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी करने के बाद पूजा ने अपने करियर की शुरुआत ETV भारत से की थी. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने Inshorts और नवभारत जैसे प्रमुख डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम करते हुए डिजिटल जर्नलिज्म, कंटेंट क्यूरेशन और न्यूज़ डेस्क ऑपरेशंस का अनुभव हासिल किया. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देती हैं, ताकि पाठकों तक हर जरूरी अपडेट तेजी से पहुंचे.पूजा सिंह से आप Pooja1.Singh@India.com पर ईमेल के माध्यम से सीधे संपर्क कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES