छत्तीसगढ़ में 'कुबेर' की गाड़ी! बोलेरो का दरवाजा खुलते ही उड़े पुलिस के होश, अंदर ठसाठस भरे थे 4 करोड़ के करारे-करारे नोट
दुर्ग जिले की पुलिस ने एक बोलेरो पिकअप वाहन से 4 करोड़ रुपये की भारी नकदी जब्त की. यह नकदी रायपुर के अभनपुर से नागपुर होते हुए उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी.
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले की पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है. गुप्त सूचना के आधार पर दुर्ग पुलिस को पता चला था कि रायपुर के अभनपुर इलाके से एक बोलेरो पिकअप गाड़ी में भारी मात्रा में संदिग्ध नकदी लादी गई है, जिसे नागपुर के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जाने की योजना थी. जानकारी मिलते ही दुर्ग पुलिस की टीम ने तुरंत नाकेबंदी की और कुम्हारी टोल प्लाजा के पास उस संदिग्ध वाहन का पीछा शुरू कर दिया. पुलिस टीम ने बड़ी सतर्कता दिखाते हुए खुर्सीपार के पास उस वाहन को रोक लिया और उसे घेर लिया. तलाशी के दौरान गाड़ी से 4 करोड़ रुपये के नकदी के बंडल जब्त किए गए.
गाड़ी के अंदर मिले 4 करोड़ रुपये
गाड़ी रोकने के बाद पुलिस ने पिकअप में सवार लोगों से पूछताछ शुरू की. शुरुआत में उन्होंने अधिकारियों का ध्यान भटकाने और उन्हें गुमराह करने की कोशिश की. हालांकि, कड़ी पूछताछ के बाद और अपने संदेह के आधार पर पुलिस ने बोलेरो का दरवाजा खोला और तलाशी ली, जिसे देखकर अधिकारी खुद हैरान रह गए. गाड़ी के अंदर उन्हें भारी मात्रा में नोटों की गड्डियां मिलीं. गिनती और सत्यापन के बाद बरामद की गई कुल रकम लगभग 4 करोड़ रुपये बताई गई है.
यह भी पढ़ें: प्रभु श्रीराम-लक्ष्मण और हनुमान पहुंचे थाने! रावण दहन को लेकर दर्ज कराई FIR, जानिए पूरा मामला
पुलिस को गुमराह करने की कोशिश नाकाम
पुलिस ने फिलहाल दो लोगों चालक और एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लिया है. आरोपियों की पहचान भावेश जानी और विष्णु देव दुबे के रूप में हुई है. दोनों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि रायपुर के अभनपुर इलाके से एक बोलेरो पिकअप ट्रक में भारी मात्रा में नकदी ले जाई जा रही है, जो नागपुर के रास्ते उत्तर प्रदेश की ओर जा रही थी. पुलिस की एक टीम ने कुम्हारी टोल प्लाजा के पास वाहन का पीछा किया और उसे खुर्सीपार के पास रोक लिया. पूछताछ करने पर वाहन में सवार लोगों ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की. लेकिन जब सख्ती की गई और वाहन को खोला गया, तो नोटों की गड्डियां मिलीं. पुलिस ने इस घटना की जानकारी आयकर विभाग को दे दी है और फिलहाल मामले की जांच चल रही है.
कब होगा पर्दाफाश?
दुर्ग जिले में पुलिस द्वारा 4 करोड़ रुपये की भारी नकद राशि जब्त किए जाने से कई गंभीर सवाल खड़े होते हैं कि आखिर किस मकसद से और किसके इशारे पर इतनी बड़ी बेहिसाब रकम छत्तीसगढ़ से नागपुर होते हुए उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी? फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है, लेकिन यह देखना काफी दिलचस्प होगा कि केंद्रीय और स्थानीय जांच एजेंसियां किस तरह इस कैश नेटवर्क की तह तक पहुंचती हैं और इसके असली मास्टरमाइंड का पर्दाफाश करती हैं.
दुर्ग से हितेश शर्मा की रिपोर्ट