बारिश थमते ही चढ़ा पारा, 6 डिग्री तक बढ़ा तापमान...फिर भीगेंगे छत्तीसगढ़ के कई जिले, 19 सितंबर से सक्रिय होगा नया वेदर सिस्टम
छत्तीसगढ़ में 19 सितंबर से बारिश की गतिविधियां फिर से तेज होने के आसार हैं. 20 और 21 सितंबर को कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी है.
छत्तीसगढ़ में फिलहाल बारिश का दौर थमा हुआ है, लेकिन 19 सितंबर से एक बार फिर बारिश की गतिविधियां जोर पकड़ सकती हैं. उत्तर अंडमान सागर में बनने वाला लो-प्रेशर सिस्टम राज्य में नमी बढ़ा सकता है. 18 सितंबर को कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और आंधी के साथ बिजली गिरने की संभावा है, जबकि 20 से 21 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट है. फिलहाल बारिश थमने से कई जिलों में तापमान 5-6 डिग्री तक बढ़ा है.
छत्तीसगढ़ के मौसम का हाल
मौसम में बदलाव की वजह उत्तर थाईलैंड के ऊपर बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन बताया जा रहा है. इसके 18 सितंबर की शाम तक उत्तर अंडमान सागर तक पहुंचने की संभावा है. इसके बाद 19 सितंबर को उत्तर अंडमान सागर में लो-प्रेशर एरिया बनने के आसार हैं. मौसम विभाग के अनुसार, लो प्रेशर सिस्टम बनने के बाद यह अगले 3 से 4 दिनों में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है. इसके दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र तट की ओर बढ़ने की संभावना है. इस सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में नमी बढ़ेगी और बारिश की गतिविधियां फिर तेज हो सकती हैं. फिलहाल बारिश में कमी आने से प्रदेश के कई जिलों में तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया है.
आज का मौसम
मौसम विभाग ने 18 सितंबर को प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान लगाया है. कुछ इलाकों में बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफान की भी संभावना है. अगले दो दिनों तक कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. हालांकि 19 सितंबर से बारिश की गतिविधियां और तेजी बढ़ने की उम्मीद है.
रायपुर का मौसम
राज्य में सबसे ज्यादा तापमान बिलासपुर में 34.6°C दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान पेंड्रा रोड में 20.8°C रहा. शुक्रवार को राजधानी रायपुर में बादल छाए रहने की उम्मीद है. अधिकतम तापमान लगभग 34°C और न्यूनतम तापमान लगभग 26°C रहने की संभावना है.
20 और 21 सितंबर को कैसा रहेगा मौसम?
आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ में मौसम की गतिविधियां तेज होने की संभावना है. 20 और 21 सितंबर को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. इस दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है. लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है.