)
राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल ऑडिटोरियम में राज्य-स्तरीय खेल पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने राज्य के 126 बेहतरीन खिलाड़ियों और कोचों को खेल पुरस्कारों से सम्मानित किया. इसके अलावा अलग-अलग प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले 666 खिलाड़ियों और कोचों को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए कुल ₹1.74 करोड़ से ज्यादा की प्रोत्साहन और पुरस्कार राशि प्रदान की गई.
राष्ट्रीय खेल दिवस पर छत्तीसगढ़ में सम्मान समारोह
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि, सरकार छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं की पहचान करने, उन्हें निखारने और राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है. मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए ₹100 करोड़ का प्रावधान किया गया है. इससे राज्य के खेल बुनियादी ढांचे का नेटवर्क मजबूत हो रहा है और साथ ही बेहतरीन खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरी के रास्ते भी खुल रहे हैं. ऐसे 156 खिलाड़ियों की सूची पहले ही जारी की जा चुकी है.
'खेल सुविधाओं और अधोसंरचना का लगातार विस्तार'
सीएम ने आगे कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए छत्तीसगढ़ में खेल सुविधाओं और अधोसंरचना का लगातार विस्तार किया जा रहा है. पिछले ढाई वर्षों में IPL और 'खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स' सहित कई राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन प्रदेश में हुआ है. हॉकी, आर्चरी सहित विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं देने के लिए नए स्टेडियम, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और अकादमियां विकसित की जा रही हैं.
CM साय ने 126 खिलाड़ियों-प्रशिक्षकों को किया सम्मानित
वहीं सोशल मीडिया साइट एक्स पर जानकारी देते हुए सीएम साय ने लिखा कि, 'राष्ट्रीय खेल दिवस पर रायपुर में आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह में प्रदेश के 126 उत्कृष्ट खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। इनकी उपलब्धियां पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव हैं. प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और आगे बढ़ने के अवसर मिलें, इसके लिए हमारी सुशासन सरकार द्वारा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, खेल एवं तीरंदाजी अकादमियों, हॉकी स्टेडियम और एस्ट्रोटर्फ जैसी अधोसंरचनाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक और ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ के माध्यम से हमारी प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने के बड़े मंच भी मिल रहे हैं.'
राष्ट्रीय खेल दिवस पर रायपुर में आयोजित ‘राज्य खेल अलंकरण समारोह’ में प्रदेश के 126 उत्कृष्ट खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। इनकी उपलब्धियां पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव हैं।
प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और आगे बढ़ने के अवसर मिलें, इसके लिए… pic.twitter.com/9mv4rOLuKH— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) August 29, 2026