SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

टाटा ग्रुप का विवाद और गहराया? नोएल टाटा ने मांगी बोर्ड मीटिंग की रिकॉर्डिंग, टाटा संस ने क्यों किया इनकार

टाटा संस की तरफ से नोएल टाटा की 17 सितंबर की बोर्ड मीटिंग रिकॉर्डिंग देने की मांग को खारिज कर दिया गया है. आइए जानते हैं एन चंद्रशेखरन की नियुक्ति और टाटा ग्रुप के अंदर चल रहे इस विवाद की पूरी कहानी के बारे में-

Written By Kriyanshu Saraswat
Published: Nov 14, 2026, 14:25 IST | Updated: Nov 14, 2026, 14:29 IST
Image Credit: (File Pic) जिस मीटिंग की वीडियो रिकॉर्डिंग की मांग नोएल टाटा ने की है, वो 17 सितंबर 2026 को हुई थी.
Join

देश के सबसे बड़े कारोबारी घराने टाटा ग्रुप के अंदर पिछले काफी समय से सबकुछ ठीक नहीं चल रहा. पिछले दिनों टाटा संस और नोएल टाटा के बीच का विवाद खुलकर सामने आ गया था. लेकिन अब टाटा संस ने टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा की एक मांग को सिरे से खारिज कर दिया है. दरअसल, नोएल टाटा ने 17 सितंबर को हुई बोर्ड मीटिंग की ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग की मांग की थी, जिसमें एन चंद्रशेखरन को दोबारा टाटा संस का चेयरमैन नियुक्त किया गया था. इस मीटिंग के दौरान नोएल टाटा अकेले ऐसे डायरेक्टर थे जिन्होंने एन चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति का विरोध किया था. इसके बाद यह सवाल किया जाने लगा है कि आखिर टाटा के बोर्डरूम में यह खींचतान क्यों चल रही है? टाटा संस की तरफ से रिकॉर्डिंग को देने से इनकार क्यों कर दिया गया?

रिकॉर्डिंग देने से इनकार क्यों किया?

टाटा संस के कंपनी सेक्रेटरी सुप्रकाश मुखोपाध्याय ने 9 नवंबर को टाटा ट्रस्ट्स को एक चिट्ठी भेजकर कंपनी के रुख के बारे में जानकारी दी. कंपनी की तरफ से बताया गया कि आमने-सामने होने वाली बोर्ड मीटिंग की ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग डायरेक्टर्स के साथ शेयर करने की परंपरा नहीं है. नियमों के अनुसार वीडियो रिकॉर्डिंग की उसी समय जरूरत होती है जब कोई डायरेक्टर ऑनलाइन मीटिंग में जुड़ता है. टाटा संस की तरफ से यह भी साफ किया गया कि ऐसी रिकॉर्डिंग को न तो संभालकर रखना जरूरी है और न ही किसी को दिया जाना.

टाटा ग्रुप में सबसे बड़ा बदलाव, 16 साल बाद नोएल टाटा ने छोड़ा चेयरमैन पद; अब किसके हाथ आई कमान?

कंपनी की तरफ से बताया गया कि 17 सितंबर की मीटिंग के ड्राफ्ट मिनट्स 1 अक्टूबर को बोर्ड के ऐप पर अपलोड किये गए थे और 8 अक्टूबर को मिले सुझावों के बाद उनमें जरूरी बदलाव भी किये गए. अगली बोर्ड मीटिंग में जब इस डॉक्यूमेंट को पेश किया जाएगा तब डायरेक्टर्स अपनी बात रख सकते हैं. इसके साथ कंपनी कानून के तहत चंद्रशेखरन की नियुक्ति से जुड़ी जानकारी रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज को भी तय समय के अंदर दे दी गई है.

नोएल टाटा ने क्यों मांगी थी मीटिंग की रिकॉर्डिंग?

नोएल टाटा की तरफ से बोर्ड मीटिंग की रिकॉर्डिंग मांगे जाने के पीछे एन चंद्रशेखरन के कामकाज और कंपनी के भविष्य को लेकर चल रहे गहरे मतभेद हैं. सबसे बड़ा मामला टाटा संस की शेयर बाजार लिस्टिंग को लेकर है. नोएल टाटा की तरफ से यह माना जा रहा है कि होल्डिंग कंपनी को पब्लिक होने से रोकने के लिए चंद्रशेखरन ने जरूरी कदम नहीं उठाए. इस पर चंद्रशेखरन का कहना है कि आरबीआई के नियमों के अनुसार कंपनी को कानून का पालन करना होगा. 2017 से चंद्रशेखरन के कार्यकाल में लिये गए बड़े फैसलों जैसे एयर इंडिया, डिजिटल वेंचर्स और इलेक्ट्रॉनिक्स बिजनेस के प्रदर्शन पर भी नोएल टाटा की तरफ से चिंता जाहिर की गई.

टाटा ने फिर खेला बड़ा दांव, चंद्रशेखरन ने इटली की पीएम से मुलाकात कर फाइनल की ₹228000 करोड़ की डील

17 सितंबर की मीटिंग में क्या-क्या हुआ?

रिपोर्ट्स के अनुसार 17 सितंबर को बॉम्बे हाउस में हुई मीटिंग में नोएल टाटा ने चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति के कानूनी आधार और शेयरहोल्डर्स की मंजूरी पर सवाल उठाए थे. वह मीटिंग बीच में ही छोड़कर चले गए थे. उनके जाने के एक घंटे के अंदर ही टाटा संस ने चंद्रशेखरन की नियुक्ति का पब्लिकली ऐलान कर दिया था. दिलचस्प बात यह रही कि टाटा ट्रस्ट्स के दूसरे नॉमिनी डायरेक्टर वेणु श्रीनिवासन ने खुद चंद्रशेखरन के पक्ष में वोट  किया.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

क्रियांशु सारस्वत वरिष्ठ बिजनेस जर्नलिस्ट (Business Journalist) हैं, उन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 साल का अनुभव है. मौजूदा समय में वह Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में बतौर 'असिस्टेंट न्यूज एडिटर' कार्यरत हैं. क्रियांशु को बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, टैक्सेशन, कमोडिटी और सरकारी योजनाओं आदि से जुड़ी खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में महारथ हासिल है. Zee News से पहले क्रियांशु ने टाइम्स इंटरनेट, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और अमर उजाला की वेबसाइट में अहम संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं. इस दौरान क्रियांशु ने ऑटो, टेक्नोलॉजी और लाइफस्‍टाइल लीड की जिम्मेदारी संभाली है. अभी क्रियांशु बिजनेस लीड हैं. यूपी से ताल्‍लुक रखने वाले क्र‍ियांशु पत्रकार‍िता में पोस्ट ग्रेजुएट हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES