)
Flydubai airlines: ईरान युद्ध के चलते खाड़ी देशों में भारी तनाव है. युद्ध के केंद्र में इजरायल है. इन सबके बीच 30 सितंबर को UAE के दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रहे विमान में कॉकपिट के अंदर चाकूबाजी और हाईजैंकिंग की वारदात ने यूएई और इजरायल के बीच हवाई संपर्क के साथ-साथ रिश्तों में तनाव ला दिया है.
फ्लाईदुबई एयरलाइन के विमान में वारदात
Flydubai FZ1073 विमान में क्रैश और हाइजैकिंग की कोशिश ने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया. विमान उड़ा रहे भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की जांबाजी ने 184 लोगों को मौत के मुंह से बचा लिया. इस हादसे के बाद से कई सवाल उठ रहे हैं. जो विमान दुबई से इजरायल जा रही थी, उसमें को-पायलट ओमानी नागरिक था, प्लेन क्रैश करवाने के पीछे मंशा क्या थी? कॉकपिट में चाकू कैसे पहुंचा? सवाल कई है,लेकिन हम बात करेंगे Flydubai FZ1073 विमान की, जिसे क्रैश होने से बचाकर भारतीय पायलट स्मित ना सिर्फ '9/11 जैसा अटैक टाल लिया और पूरी दुनिया के लिए हीरो बन गए.
35000 फुट की ऊंचाई पर हाईजैक की कोशिश
दुबई से इजराइल के तेल अवीव शहर जा रही Flydubai Flight FZ1073 35000 फीट की ऊंचाई पर उड़ान भर रही थी. अचानक विमान ने ATS को इमरजेंसी सिग्नल स्क्वॉड कोड 7700 भेजा. फिर प्लेन की हाइजैंकिंग से जुड़ा 7500 Code भेजा गया.कोड मिलते ही इजरायल में हड़कंप मच गया. सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. घटना के बाद से ही फ्लाईदुबई की चर्चा है. दुबई की सबसे बड़ी सरकारी विमानन कंपनियों में से एक इस एयरलाइन के पास 17 साल से ज्यादा का फ्लाइंग अनुभव है, 6855 से ज्यादा कर्मचारी है. 7.7 अरब वैल्यूएशन वाली इस कंपनी के पास 140 डेस्टिनेशन का फ्लाइंग रूट है.
FlyDubai कितनी बड़ी कंपनी है?
फ्लाईदुबई की 100 फीसदी हिस्सेदारी संयुक्त अरब अमीरात की सरकारी कंपनी दुबई एविएशन कॉर्पोरेशन के पास है. साल 2008 में शुरू हुई इस एयरलाइन ने 2009 में पहली उड़ान भरी. कंपनी के पास 140 से अधिक डेस्टिनेशल रूट्स हैं. 56 से ज्यादा देशों को कनेक्ट करती हैं और हफ्ते में 2200 से अधिक उड़ानें भरती हैं.
कौन हैं FlyDubai के मालिक
Flydubai का नेतृत्व शेख अहमद बिन सईद अल मकतूम(Sheikh Ahmed bin Saeed Al Maktoum) करते हैं. फ्लाईदुबई के अलावा वो एमिरेट्स एयरलाइन (Emirates Airline)के सीईओ और दुबई एयरपोर्ट के चेयरमैन है. फोर्ब्स की लिस्ट में इन्हें टॉप 100 सीईओ में शामिल किया गया. 1 अरब से अधिक की संपत्ति के मालिक अल मकतूम दुबई के रईसों में शामिल हैं.
इजरायल के लिए 'लाइफलाइन' , अब संकट में एयरलाइन
फ्लाईदुबई की FZ1073 फ्लाइट के कॉकपिट में हुई वारदात के बाद इजरायल के लिए फ्लाईदुबई के सभी विमानों को अस्थायी तौर पर रद्द कर दिया गया है. जो एयरलाइन इजरायल के लिए साल 2023 के बाद से दुनिया से जुड़ने का सबसे अहम जरिया है, वो ही अब सवालों में घिरा है. इस एयरलाइन को फिलहाल अस्थायी तौर पर बंद किया गया है, जिसका असर इजरायल के पर्यटन सेक्टर से लेकर अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है. हवाई संपर्क टूटने से राजस्व प्रभावित होता है. वहीं खाड़ी देश के साथ संबंधों में खटास बढ़ सकती है.
UAE-इजरायल संबंधों के बीच ब्रिज का काम
अब्राहम अकार्ड समझौते के बाद साल 2020 से UAE और इजरायल के बीच विमान सेवा की शुरुआत हुई थी, जिसके बाद फ्लाईदुबाई एयरलाइन ने इजरायल रूट पर सफर की शुरुआत की. 2023 में हमास हमले के बाद जब इजरायल के लिए कई देशों ने अपनी उड़ान सेवा बंद कर दी, फ्लाईदुबई ने तब भी अपनी सर्विस जारी रखी. इस एयरलाइन के जरिए इजरायली दुबई होते हुए एशिया,अफ्रीका और दूसरे देशों से जुड़े रहे. फ्लाईदुबई सिर्फ एयरलाइन नहीं, बल्कि यूएई और इजरायल के बीच संबंधों को सामान्य को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी है. कॉकपिट हादसे के बाद Flydubai Airlines सवालों में घिरा है.