टाटा संस की बोर्ड मीटिंग कल, IPO से लेकर चंद्रशेखरन की कुर्सी तक; इन 3 फैसलों पर टिकी निगाहें
टाटा ग्रुप के अंदर चल रही कलह पिछले दिनों हाईकोर्ट के दरवाजे तक पहुंच गई. टाटा ट्रस्ट्स की तरफ से दायर याचिका में टाटा संस की बोर्ड मीटिंग पर रोक लगाने की मांग की गई थी. लेकिन हाई कोर्ट ने इससे इनकार कर दिया है. अब यह देखने वाला मामला होगा कि टाटा संस की मीटिंग कल क्या-क्या चर्चा होगी?
देश का सबसे बड़ा कारोबारी घराने टाटा ग्रुप इस समय सुर्खियों में है. हर दिन ग्रुप और इससे जुड़ी कंपनियों को लेकर कोई न कोई खबर आ रही है. बॉम्बे हाई कोर्ट ने ग्रुप की होल्डिंग कंपनी टाटा संस की बोर्ड मीटिंग पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है. अब टाटा संस की यह बोर्ड मीटिंग कल (30 नवंबर) होने जा रही है. इस बोर्ड मीटिंग पर कॉरपोरेट जगत की नजरें टिकी हैं. हाई कोर्ट की तरफ से कहा गया कि मीटिंग में लिये जाने वाले फैसले मुकदमे के अंतिम आदेश के तहत होंगे. पहले यह मीटिंग 26 नवंबर को होनी थी. लेकिन नोएल टाटा की आपत्ति के बाद इसकी तारीख को आगे बढ़ाकर 30 नवंबर कर दिया गया था. इस बोर्ड मीटिंग का फोकस 3 अहम मुद्दों पर रहने वाला है. आइए जानते हैं क्या?
फोकस नंबर 1- आईपीओ पर सबसे ज्यादा फोकस
30 नवंबर को होने वाली बोर्ड मीटिंग में सबसे ज्यादा फोकस टाटा संस की प्रस्तावित शेयर बाजार की लिस्टिंग (IPO) को लेकर होने की उम्मीद है. कंपनी पर आरबीआई का भारी दबाव है. केंद्रीय बैंक की तरफ से सितंबर में कोर इन्वेस्टमेंट कंपनी के रूप में अपना रजिस्ट्रेशन सरेंडर करने के आवेदन को खारिज कर दिया गया. नवंबर में आरबीआई की तरफ से साफ कहा गया कि होल्डिंग कंपनी को अपर लेयर एनबीएफसी से जुड़े नियमों का पालन करना होगा. इसी में शेयर बाजार में लिस्टिंग की शर्त भी शामिल है. सूत्रों का कहना है बोर्ड छह महीने के लिस्टिंग रोडमैप का रिव्यू करेगा. प्रस्तावित टाइम लिमिट के तहत शेयरहोल्डर्स की मंजूरी के 90 दिन के अंदर सेबी के पास ड्राफ्ट प्रॉस्पेक्टस फाइल करने और 180 दिन के अंदर लिस्टिंग प्रोसेस पूरा करने का प्लान है. इस दौरान कंपनी को प्राइवेट लिमिटेड से पब्लिक कंपनी में बदलने और आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन (AOA) में बदलाव पर विचार हो सकता है.
आईपीओ का नोएल टाटा की तरफ से विरोध किया जा रहा है. उनका तर्क है कि टाटा संस को आईपीओ की तरफ बढ़ने की बजाय पहले री-स्ट्रक्चरिंग का ऑप्शन ट्राय करना चाहिए. उन्होंने बोर्ड की तरफ से मार्च 2024 में लिये गए फैसले का भी हवाला दिया. इस दौरान कर्ज चुकाने, पब्लिक फंड का इस्तेमाल बंद करने और आरबीआई रजिस्ट्रेशन रद्द कराने पर सहमति बनी थी. नोएल टाटा ने कहा कि आईपीओ पर आगे बढ़ने से पहले पुराने फैसले पर फिर से सोचा जाना चाहिए. दूसरी तरफ, एन चंद्रशेखरन और कई अन्य निदेशक आरबीआई के आदेश का पालन करना चाहते हैं. दरअसल, टाटा ट्रस्ट्स के पास टाटा संस की 66 फीसदी हिस्सेदारी है, जबकि शापूरजी पालोनजी ग्रुप के पास 18 फीसदी शेयर हैं.
बोर्ड मीटिंग से पहले टाटा संस का बड़ा गेम प्लान, हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में क्यों फाइल की केविएट?
फोकस नंबर 2- चंद्रशेखरन के तीसरे कार्यकाल के लिए EGM का प्रस्ताव
मीटिंग का दूसरा फोकस चेयरमैन के रूप में एन चंद्रशेखरन के बने रहने के लिए शेयरहोल्डर्स की मंजूरी के लिए ईजीएम बुलाने का है. चंद्रशेखरन के फरवरी 2027 से शुरू होने वाले तीसरे कार्यकाल के लिए 17 सितंबर की बोर्ड मीटिंग में मंजूरी दी गई थी. यह मंजूरी नोएल टाटा के विरोध के बावजूद दी गई थी. सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और आरडी टाटा ट्रस्ट ने चंद्रशेखरन के री-अपाइंटमेंट को बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती दी थी. उनका आरोप है इसमें कंपनी के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन के तहत वोटिंग नियमों का पालन नहीं किया गया. सितंबर की मीटिंग में नोएल टाटा ने इस प्रस्ताव का विरोध किया था, जबकि ट्रस्ट की तरफ से नामित दूसरे निदेशक वेणु श्रीनिवासन ने इसका सपोर्ट किया था. चंद्रशेखरन के री-अपाइंटमेंट को ईजीएम में ले जाने के रास्ते में बड़ी समस्या शेयरहोल्डर्स के कोरम की है. टाटा संस अगस्त में अपनी एजीएम भी आयोजित नहीं कर सका था क्योंकि कोरम पूरा नहीं था. कंपनी के नियमानुसार शेयरहोल्डर्स की मीटिंग के लिए सर रतन टाटा ट्रस्ट और सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट की तरफ से संयुक्त प्रतिनिधित्व जरूरी है.
नोएल टाटा के विरोध के बीच RBI की दो टूक, कहा-टाटा संस की लिस्टिंग करानी ही पड़ेगी; कंपनी को लिखी चिट्ठी
फोकस नंबर 3- एयर इंडिया और तेजस नेटवर्क में नया निवेश
बोर्ड मीटिंग का तीसरा एजेंडा टाटा ग्रुप की कई कंपनियों की पूंजीगत जरूरतों को पूरा करने से जुड़ा है. सूत्रों की मानें तो बोर्ड एयर इंडिया, तेजस नेटवर्क्स, अग्रतास और कुछ अन्य कंपनियों में नई इक्विटी पूंजी डालने पर विचार करेगा. टाटा संस की तरफ से अधिग्रहण किये जाने के बाद से एयर इंडिया घाटे से उबरने की कोशिश में जुटी है. इसके लिए एयरलाइंस को भारी पूंजी की लगातार जरूरत है. ग्रुप की टेलीकॉम इक्युपमेंट बनाने वाली कंपनी तेजस नेटवर्क्स को अपने ऑपरेशन और एक्सपेंशन के लिए वर्किंग कैपिटल की जरूरत है.