SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

दिवाली पर मिठाई बनाना पड़ेगा महंगा! 4 हफ्तों में ₹4 बढ़े चीनी के दाम, दिल्ली से कोलकाता तक कीमतों में उछाल

दिवाली से पहले देशभर में चीनी की कीमतों में तेज उछाल आया है. महज चार हफ्तों में खुदरा भाव ₹4 से ज्यादा बढ़कर औसतन ₹59.50 प्रति किलो पहुंच गया है, जबकि कोलकाता में कीमत ₹65 प्रति किलो दर्ज की गई है.

Written By Gaurav Singh
Published: Nov 04, 2026, 08:57 PM IST | Updated: Nov 04, 2026, 09:02 PM IST
Image Credit: कोलकाता में भाव ₹65, अहमदाबाद में खुदरा कीमत ₹60.78 तक पहुंची । AI
Join

Sugar Prices Surge : दीपावली से पहले देश में चीनी की कीमतें महज चार हफ्तों में ₹4 प्रति किलोग्राम से भी ज्यादा बढ़ गई हैं. त्योहारों के समय बढ़ती मांग को नियंत्रित करने के लिए केंद्रीय उपभोक्ता मामले मंत्रालय द्वारा आपूर्ति को लेकर कई कदम उठाए जाने के बावजूद पूरे भारत में चीनी का औसत खुदरा भाव ₹59.50 प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया है.

प्रमुख व्यापारिक केंद्रों में थोक भाव औसतन ₹55.40 प्रति किलोग्राम रहे. ये पिछले साल की तुलना में ₹12 से ₹13 प्रति किलोग्राम की भारी बढ़ोतरी को दर्शाते हैं. एक साल पहले, चीनी का खुदरा भाव ₹46.50 प्रति किलोग्राम था, जबकि थोक बाजारों में यह लगभग ₹43.23 प्रति किलोग्राम के आस-पास था.

अहमदाबाद में खुदरा कीमत ₹60.78 तक पहुंची

बड़े शहरी केंद्रों को लॉजिस्टिक लागत और त्योहारों के सीजन में अत्यधिक खपत का सबसे ज्यादा असर झेलना पड़ रहा है. इसके कारण अलग-अलग क्षेत्रों में खुदरा कीमतों में काफी अंतर देखने को मिल रहा है.

• कोलकाता: महानगरों में सबसे ज्यादा खुदरा भाव ₹65 प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया. ये पिछले साल इसी अवधि में ₹50 प्रति किलोग्राम था.

• दिल्ली: यहां भाव ₹64 प्रति किलोग्राम रहा, जबकि 12 महीने पहले यह ₹46 प्रति किलोग्राम था.

• मुंबई: यहां रिटेल भाव ₹61 प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया, ये पिछले साल ₹45 प्रति किलोग्राम था.

• गुजरात: राज्य के उपभोक्ता मामलों के आंकड़ों के मुताबिक, चीनी का औसत खुदरा भाव लगभग ₹60.78 प्रति किलोग्राम है. गुजरात की मिलों में थोक भाव (एक्स-मिल) S-30 ग्रेड के लिए ₹5,211 से ₹5,341 प्रति क्विंटल और M-30 ग्रेड के लिए ₹5,321 से ₹5,575 प्रति क्विंटल (GST को छोड़कर) के बीच हैं.

काफी महंगी बिक रही है ब्रांडेड और पैकेटबंद चीनी

अहमदाबाद समेत गुजरात के शहरी बाजारों में, ब्रांडेड और पैकेटबंद चीनी काफी महंगी बिक रही है. सुपरमार्केट में रिफाइंड, सल्फर-मुक्त और ब्रांडेड विशेष चीनी की कीमतें पहले ही ₹62 से ₹65 प्रति किलोग्राम के स्तर को पार कर चुकी हैं.

ये भी पढ़ें : DA Hike: दीपावली से पहले 8 लाख सरकारी कर्मचारियों की हुई बल्ले-बल्ले! DA में 3% की बढ़ोतरी का ऐलान

उत्पादन में कमी और वैश्विक संकेतों से कीमतों में उछाल

इंडस्ट्री विशेषज्ञों का मानना ​​है कि कीमतों में ये तेजी मौसमी दबाव के कारण आई है:

सीजन में कम उत्पादन: 2025-26 सीजन के लिए कुल घरेलू चीनी उत्पादन शुरुआती अनुमानों से कम रहा, जिससे बचा हुआ स्टॉक (कैरी-ओवर इन्वेंट्री) भी कम रह गया.

त्योहारी मांग में उछाल: घरों और व्यावसायिक स्तर पर मिठाइयां बनाने के लिए चीनी की भारी मांग के कारण बाजार में इसकी उपलब्धता कम हो गई.

आपूर्ति में रुकावट की आशंका: बेमौसम फसल को नुकसान, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सीमित आपूर्ति और कुछ जगहों पर सट्टेबाजी के लिए स्टॉक जमा करने की प्रवृत्ति ने कीमतों में तेजी ला दी.

कीमतों में और बढ़ोतरी को रोकने के लिए केंद्र सरकार ने स्टॉक रखने की सीमा तय की है. बाजार पर निगरानी बढ़ाई है. 31 दिसंबर तक बिना शुल्क के कच्ची चीनी (रॉ शुगर) आयात करने की छूट दी और मासिक कोटा पहले ही जारी कर दिया, जिसमें दिवाली से पहले 1.4 मिलियन टन की अतिरिक्त मात्रा भी शामिल थी.

2026-27 के पेराई सीजन का नया उत्पादन, जो 8 अक्टूबर को जल्दी शुरू हो गया था. अब बाजारों में पहुंचने लगा है. नेशनल फेडरेशन ऑफ कोऑपरेटिव शुगर फैक्ट्रीज लिमिटेड (NFCSF) के आंकड़ों के अनुसार, 30 अक्टूबर तक 152 चालू मिलों ने 8.45 लाख टन चीनी का उत्पादन किया है. इससे प्रमुख खपत वाले क्षेत्रों में आपूर्ति की कमी को दूर करने में मदद मिली है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जी न्यूज में सीनियर सब-एडिटर हैं और वर्तमान में बिजनेस व फाइनेंशियल न्यूज कवर करते हैं.  देश की राजनीति से लेकर दुनिया के बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों और घटनाओं को कवर कर चुके हैं  पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो UPTU से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है. उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले गौरव ने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की और पिछले 6 वर्षों से लगातार इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. आप गौरव सिंह से Gaurav.Singh@India.Com पर ईमेल के जरिए सीधे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES