कंपनियों के मुनाफे में आई तूफानी तेजी, FY27 में 14% ग्रोथ की उम्मीद; HSBC ने बढ़ाया अनुमान
HSBC की रिपोर्ट के मुताबिक, बेहतर नतीजों के चलते FY27 में कॉरपोरेट आय वृद्धि का अनुमान बढ़कर 14% हो गया है, जिसमें मिडकैप और स्मॉलकैप कंपनियों की अहम भूमिका रही.
वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में भारतीय कॉरपोरेट क्षेत्र ने मजबूत और व्यापक आय सुधार दर्ज किया है. शुक्रवार को जारी एक रिपोर्ट के अनुसार, कंपनियों के मुनाफे में दिसंबर 2023 के बाद सबसे तेज वृद्धि देखने को मिली और अधिकांश कंपनियों ने बाजार की अपेक्षाओं को पूरा किया या उनसे बेहतर प्रदर्शन किया.
एचएसबीसी ग्लोबल इन्वेस्टमेंट रिसर्च की अर्निंग्स समीक्षा रिपोर्ट के मुताबिक, दूसरी तिमाही में 67 प्रतिशत कंपनियों ने या तो अनुमान के अनुरूप प्रदर्शन किया या उसे पीछे छोड़ दिया. यह संकेत देता है कि कॉरपोरेट क्षेत्र में आय वृद्धि का दायरा अब अधिक व्यापक हो रहा है.
रिपोर्ट के अनुसार, कमोडिटी कंपनियों को छोड़कर अन्य कंपनियों की बिक्री में सालाना आधार पर 17 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि शुद्ध लाभ (नेट इनकम) में 19 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, जो लगभग तीन वर्षों में सबसे मजबूत तिमाही प्रदर्शन है.
मिडकैप और स्मॉलकैप कंपनियों का सबसे बड़ा योगदान
आय वृद्धि में सबसे बड़ा योगदान मिडकैप और स्मॉलकैप कंपनियों का रहा. मिडकैप कंपनियों के मुनाफे में 30 प्रतिशत और स्मॉलकैप कंपनियों के मुनाफे में 32 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई. हालांकि, मजबूती केवल छोटी कंपनियों तक सीमित नहीं रही, बल्कि बड़ी कंपनियों ने भी बेहतर आय वृद्धि दिखाई.
रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में कॉरपोरेट शुद्ध आय में 16 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की जा चुकी है. फिलहाल बाजार का अनुमान है कि दूसरी छमाही में आय वृद्धि की गति कुछ धीमी होकर 12 प्रतिशत रह सकती है. इसके बावजूद पूरे वित्त वर्ष के लिए कॉरपोरेट आय वृद्धि लगभग 14 प्रतिशत रहने का अनुमान है.
ये भी पढ़ें : अमेरिका, चीन, जापान में कोहराम, भारत के शेयर बाजार ने मारी छलांग, सेंसेक्स लो से 1400 अंक तक उछला, तेजी के पीछे कौन?
कॉरपोरेट आय अनुमानों में सुधार
विश्लेषकों ने कहा कि संभावित सुस्ती को पहले ही अनुमानों में शामिल कर लिया गया है. इसलिए आने वाले महीनों में आय अनुमानों में बड़ी कटौती की आशंका अपेक्षाकृत कम है. सितंबर के अंत के बाद से वित्त वर्ष 2027 के लिए कॉरपोरेट आय अनुमानों में भी सुधार हुआ है. बाजार की आम सहमति के अनुसार, आय वृद्धि के अनुमान लगभग 1.5 प्रतिशत अंक बढ़ाए गए हैं। इस सुधार के पीछे बेसिक मटेरियल्स, ऊर्जा और वित्तीय सेवाओं जैसे क्षेत्रों की बेहतर संभावनाएं प्रमुख कारण रही हैं.
वहीं, दूसरी ओर ऑटोमोबाइल, सीमेंट, रसायन (केमिकल्स) और बीमा क्षेत्र की कंपनियों के लिए आय अनुमानों में कुछ कटौती की गई है, आगे की तस्वीर की बात करें तो बाजार फिलहाल वित्त वर्ष 2027-28 में भी लगभग 16 प्रतिशत कॉरपोरेट आय वृद्धि का अनुमान लगा रहा है, जो यह दर्शाता है कि निवेशकों को आने वाले वर्षों में भी कंपनियों की कमाई में मजबूती की उम्मीद है.
क्षेत्रवार प्रदर्शन में वित्तीय सेवाएं, औद्योगिक क्षेत्र, मेटल्स और ऊर्जा क्षेत्र आय वृद्धि के सबसे बड़े चालक बनकर उभरे. इसके विपरीत ऑटोमोबाइल, उपभोक्ता उत्पाद और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्रों का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा.
रिपोर्ट के अनुसार, कुल ईबीआईटीडीए मार्जिन में 60 आधार अंक (बेसिस प्वाइंट) की गिरावट दर्ज की गई. सबसे अधिक दबाव सीमेंट और ऑटोमोबाइल कंपनियों के मार्जिन पर देखने को मिला. हालांकि, यूटिलिटी क्षेत्र इस मामले में अपवाद रहा, जहां लाभ मार्जिन में विस्तार दर्ज किया गया.
(IANS के इनपुट के साथ)