SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

महंगाई का डबल अटैक, सब्जियों के दाम और ग्रामीण महंगाई से बिगड़ा थाली का बजट, खुदरा दर 5.54% पहुंची

खाने-पीने की चींजों की कीमतें बढ़ने से सितंबर में खुदरा महंगाई दर अगस्त के 4.83% से बढ़कर 5.54% हो गई है. इन आंकड़ों से पता चलता है कि खाने-पीने की चींजों की कीमतों का घरेलू बजट पर दबाव बना रहा.

Written By Gaurav Singh
Published: Oct 12, 2026, 04:19 PM IST | Updated: Oct 12, 2026, 04:48 PM IST
Join

Retail Inflation : महंगाई के मोर्चे पर आम जनता को झटका लगा है. सितंबर में 5.54% पर खुदरा महंगाई पहुंच गई है. सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) के जारी शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर 2026 में भारत में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 5.54% हो गई है, जबकि खाद्य महंगाई दर 7.74% तक पहुंच गई है.

रिटेल और खाने-पीने के सामानों की महंगाई

सितंबर में ग्रामीण इलाकों में रिटेल महंगाई दर 6.08% थी, जबकि शहरी इलाकों में यह 4.88% थी. इससे पता चलता है कि शहरों की तुलना में ग्रामीण भारत में कीमतों का दबाव अधिक है. ग्रामीण इलाकों में खाने-पीने की सामानों की महंगाई दर  8.06% थी जबकि शहरी इलाकों में ये दर 7.18% थी. उस महीने पूरे देश में खाने-पीने की सामानों की महंगाई दर 7.74% रही.

ग्रामीण इलाकों में महंगाई का दबाव

ये आंकड़े ग्रामीण और शहरी परिवारों के लिए कीमतों के रुझानों में अंतर को दिखाते हैं. ग्रामीण इलाकों में दोनों ही कैटेगरी में महंगाई अधिक दर्ज की गई है.

प्याज की कीमतें बढ़ीं, चांदी के गहने महंगे बने रहे

सितंबर में लिस्ट में शामिल चीज़ों में प्याज की महंगाई सबसे अधिक रही, जिसकी कीमतें पिछले साल के मुकाबले 108.09% बढ़ गईं. अगस्त में यह बढ़ोतरी 48.78% थी. चांदी के गहनों की महंगाई दर 87.80% रही. हालांकि, ये अगस्त में दर्ज 106.81% से कम थी. अदरक की कीमतें 62.85% बढ़ीं, जबकि लहसुन की महंगाई दर पिछले महीने के 43.60% से बढ़कर 54.62% हो गई है. नींबू की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई और महंगाई दर 36.41% तक पहुंच गई है.

दूसरी ओर, कुछ सामानों  में नेगेटिव महंगाई (कीमतों में गिरावट) दर्ज की गई. आलू की कीमतें पिछले साल के मुकाबले 11.50% गिरीं, जबकि टमाटर की कीमतों में 8.62% की गिरावट आई. 

कपड़े और जूते-चप्पल की महंगाई का क्या रहा हाल?

सितंबर में कपड़े और जूते-चप्पल की महंगाई दर 3.93% रही, जबकि घर और यूटिलिटी सेवाओं की महंगाई दर 2.74% थी. स्वास्थ्य सेवाओं की महंगाई दर में महीने-दर-महीने आधार पर मामूली बढ़ोतरी 1.4% देखी गई है, जबकि फर्निशिंग और घरेलू सामान की महंगाई दर 3.11% रही है. रेस्टोरेंट और रहने-ठहरने की सेवाओं की महंगाई दर बढ़कर 9.36% हो गई, जबकि शिक्षा सेवाओं की महंगाई दर अगस्त के 3.73% से बढ़कर 3.94% हो गई है.

पान, तंबाकू और नशीले पदार्थों की महंगाई दर 4.8% दर्ज की गई. पर्सनल केयर और अन्य मदों की महंगाई दर अगस्त के 15.17% से घटकर 13.75% हो गई है. मनोरंजन, खेल और संस्कृति की महंगाई दर 2.16% रही है.

सितंबर में मोटर कारों और जीपों, भिंडी और नारियल में भी नेगेटिव महंगाई दर्ज की गई. MoSPI ने बताया कि कीमतों का डेटा अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 1,407 शहरी बाजारों (ऑनलाइन बाजारों सहित) और 1,465 गांवों से इकट्ठा किया गया था. सितंबर के दौरान ग्रामीण और शहरी दोनों बाजारों में रिस्पॉन्स रेट 100% रहा.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जी न्यूज में सीनियर सब-एडिटर हैं और वर्तमान में बिजनेस व फाइनेंशियल न्यूज कवर करते हैं.  देश की राजनीति से लेकर दुनिया के बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों और घटनाओं को कवर कर चुके हैं  पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो UPTU से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है. उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले गौरव ने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की और पिछले 6 वर्षों से लगातार इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. आप गौरव सिंह से Gaurav.Singh@India.Com पर ईमेल के जरिए सीधे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES