बोइंग के बाद अब इस एयरलाइन ने किया बड़ी छंटनी का ऐलान, 850 कर्मचारियों पर मंडराया खतरा, भारत शिफ्ट होंगी नौकरियां
Qantas Airways ने भी बड़ी छंटनी के संकेत दे दिए हैं. लगभग 850 नौकरियों में कटौती करने की तैयारी की जा रही है. इससे पहले बोइंग ने 5 फीसदी वर्कफोर्स कम करने का ऐलान किया था.
Qantas Airways: महंगे फ्यूल ने एयरलाइंस कंपनियों के लिए ऑपरेशनल कॉस्ट को बढ़ा दिया है. बढ़ते कॉस्टिंग की वजह से बड़ी-बड़ी एयरलाइंस छंटनी कर रही है. ऑस्ट्रेलियाई एयरलाइन क्वांटास एयरवेज (Qantas Airways) ने भी बड़ी छंटनी के संकेत दे दिए हैं. कंसल्टिंग फर्म एक्सेंचर के साथ एक नई टेक्नोलॉजी साझेदारी के तहत लगभग 850 नौकरियों में कटौती करने की तैयारी की जा रही है.
नौकरियों के साथ बदलेगा ठिकाना
एयरलाइंस बड़े लेऑफ के साथ-साथ अपने बैक ऑफिस को आउटसोर्स करने की तैयारी कर रही है. एयरलाइंस कई बैक-ऑफिस कार्यों को आउटसोर्स कर ज्यादातर नौकरियों को भारत में स्थानांतरित करने की तैयारी कर रही है.
साल 2027 के जून-जुलाई से एयरलाइंस पुनर्गठन फाइनेंस, प्रोक्योरमेंट, ह्यूमन रिसोर्स और मार्केटिंग विभागों के कर्मचारियों की छंटनी कर सकती है. एयरलाइंस पुराने सिस्टम को आधुनिक बनाना चाहती है और अपने कामकाज में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल बढ़ाना चाहती है.
इससे पहले बोइंग ने ऐलाव किया था कि वह अपने कमर्शियल विमान उत्पादन को बढ़ाने की योजना को धीमा कर रहा है. बोइंग ने अपने कर्मचारियों की संख्या में लगभग 5 प्रतिशत की कटौती करने का ऐलान किया है. कंपनी ने बताया कि कारखानों और सप्लायर्स को उत्पादन को स्थिर करने के लिए अधिक समय मिल सके, इसलिए वो अपने प्रोडक्शन को धीमा कर रहा है.
एयरलाइन के सीईओ ने इसे लेकर अपने कर्मचारियों को संदेश भेजा है. कंपनी की साईओ वैनेसा हडसन ने कहा कि एयरलाइन हर साल टेक्नोलॉजी पर 1 अरब ऑस्ट्रेलियन डॉलर से अधिक खर्च करती है, लेकिन फिर भी वह दशकों पहले बने 1,000 से अधिक पुराने एप्लिकेशन पर निर्भर है. ये सिस्टम एक साथ काम करने के लिए नहीं बनाए गए थे, और अब इनका रखरखाव करना बहुत जटिल हो गया है.
कंपनी ने प्रभावित होने वाले ज्यादातर पदों का काम भारत में एक्सेंचर की टीमों को सौंप दिया जाएगा, जबकि कुछ काम ऑस्ट्रेलिया में ही होते रहेंगे. कंपनी ने कहा है कि उसकी कोशिश होगी कि प्रभावित कर्मचारियों को कहीं और काम पर रखा जा सके. एयरलाइन ने बताया कि एक्सेंचर द्वारा संभाले जाने वाले कामों में धीरे-धीरे ऑटोमेशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के जरिए बदलाव लाए जाएंगे.