App

जिस BookMyShow पर PM मोदी के कार्यक्रम की टिकटें मिनटों में हुईं फुल, जानिए उसकी कहानी

कंपनी में कई बड़े निवेशक भी हिस्सेदार रहे हैं और अब KKR की करीब 6 प्रतिशत हिस्सेदारी की डील ने BookMyShow को फिर से सुर्खियों में ला दिया है.

जिस BookMyShow पर PM मोदी के कार्यक्रम की टिकटें मिनटों में हुईं फुल, जानिए उसकी कहानी

अगर आपने कभी फिल्म या इवेंट की टिकट ऑनलाइन बुक की है, तो BookMyShow का नाम जरूर सुना होगा. लेकिन इस बार ये प्लेटफॉर्म फिल्मों की वजह से नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वडोदरा कार्यक्रम की वजह से चर्चा में है. PM मोदी के कार्यक्रम के लिए BookMyShow पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हुआ और देखते ही देखते सभी सीटें बुक हो गईं. रिपोर्ट्स के मुताबिक करीब एक घंटे में सीटें फुल हो गईं और लगभग 42 हजार लोग वेटिंग लिस्ट में पहुंच गए.

खास बात ये है कि किसी बड़े राजनीतिक कार्यक्रम में लोगों के रजिस्ट्रेशन और सीट मैनेजमेंट के लिए BookMyShow जैसे डिजिटल टिकटिंग प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया गया. QR कोड आधारित एंट्री और व्यवस्थित सीटिंग की व्यवस्था ने इस आयोजन को पारंपरिक राजनीतिक रैली से अलग बनाया है. यही वजह है कि अब सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि PM मोदी के कार्यक्रम की टिकटें इतनी तेजी से कैसे बुक हुईं? बड़ा सवाल यह भी है कि BookMyShow आखिर किसकी कंपनी है? इसका मालिक कौन है? ये कंपनी शुरू कैसे हुई और आज इसका कारोबार कितना बड़ा हो चुका है?

BookMyShow का मालिक कौन है?

BookMyShow को चलाने वाली कंपनी का नाम BigTree एंटरटेनमेंट है. कंपनी को 1999 में आशीष हेमराजानी, राजेश बालपांडे और परिक्षित दार ने मिलकर की थी. BookMyShow के मुताबिक, आशीष हेमराजानी BigTree एंटरटेनमेंट 
के फाउंडर और CEO हैं. इसलिए ये समझना जरूरी है कि BookMyShow किसी एक व्यक्ति के नाम पर चलने वाला छोटा स्टार्टअप नहीं है. इसके पीछे BigTree एंटरटेनमेंट नाम की कंपनी है. इसमें समय-समय पर कई निवेशकों ने पैसा लगाया है.

हाल ही में ग्लोबल इन्वेस्टमेंट फर्म KKR ने भी BookMyShow में करीब 6 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के लिए 40-50 मिलियन डॉलर निवेश करने की घोषणा की है. इस डील के आधार पर कंपनी की अनुमानित वैल्यू करीब 667 मिलियन से 833 मिलियन डॉलर आंकी गई यानी आज BookMyShow का बिजनेस सिर्फ उसके संस्थापकों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें संस्थापकों के साथ बड़े निवेशकों की भी हिस्सेदारी है.

कैसे शुरू हुई BookMyShow की कहानी?

BookMyShow की कहानी दिलचस्प है. इसकी शुरुआत सीधे BookMyShow से नहीं हुई थी. आशीष हेमराजानी ने 1997 में JWT से अपना करियर शुरू किया था. इसके बाद 1999 में उन्होंने अपनी कंपनी BigTree Entertainment शुरू की. कंपनी का शुरुआती फोकस एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के लिए डिजिटल सॉल्यूशन तैयार करने पर था.उस दौर में भारत में इंटरनेट से मनोरंजन कार्यक्रमों की टिकट बुक करना आम बात नहीं थी. लोगों को टिकट खरीदने के लिए सिनेमाघरों या टिकट काउंटरों पर जाना पड़ता था. इसी सोच ने आगे चलकर ऑनलाइन टिकटिंग बिजनेस की नींव रखी.

2007 में आया BookMyShow

BigTree Entertainment ने 2007 में BookMyShow को लॉन्च किया. कंपनी ने शुरुआत में मुख्य रूप से फिल्मों और सिनेमाघरों की ऑनलाइन टिकट बुकिंग पर फोकस किया. धीरे-धीरे लोगों की आदत बदलने लगी. सिनेमाघर की लाइन में लगने के बजाय लोग मोबाइल और कंप्यूटर से फिल्म की सीट चुनकर टिकट बुक करने लगे. इसके बाद BookMyShow ने फिल्मों से आगे बढ़कर कॉन्सर्ट, स्पोर्ट्स, थिएटर, कॉमेडी शो, इवेंट्स और दूसरी लाइव एंटरटेनमेंट कैटेगरी में भी विस्तार किया. आज कंपनी की वेबसाइट पर Movies के साथ इवेंट्स, प्ले, स्पोर्ट्स और एक्टिविटीज जैसी कई कैटेगरी मौजूद हैं.

आखिर BookMyShow पैसे कैसे कमाता है?

आम तौर पर जब कोई ग्राहक BookMyShow से टिकट खरीदता है, तो उसे टिकट की कीमत के अलावा इंटरनेट हैंडलिंग या बुकिंग फीस जैसी अतिरिक्त राशि भी देनी पड़ सकती है. लेकिन, कंपनी की कमाई का मॉडल सिर्फ ग्राहक से ली जाने वाली फीस तक सीमित नहीं है. BookMyShow इवेंट आयोजकों, सिनेमाघरों और एंटरटेनमेंट कंपनियों के साथ भी काम करता है. प्लेटफॉर्म पर किसी शो या इवेंट को लिस्ट करने से लेकर टिकट बेचने तक की पूरी डिजिटल व्यवस्था में कंपनी की भूमिका हो सकती है यानी जितने ज्यादा टिकट बिकेंगे और जितने ज्यादा बड़े इवेंट प्लेटफॉर्म पर आएंगे. कंपनी के लिए कमाई के अवसर उतने ही बढ़ेंगे.

अब सिर्फ टिकटिंग कंपनी नहीं रही BookMyShow

BookMyShow ने पिछले कुछ वर्षों में अपने बिजनेस मॉडल को काफी बदल दिया है. पहले इसे मुख्य रूप से ऑनलाइन मूवी टिकटिंग प्लेटफॉर्म माना जाता था. लेकिन, अब कंपनी लाइव एंटरटेनमेंट के कारोबार में भी तेजी से आगे बढ़ रही है. Financial एक्सप्रेस की एक हालिया रिपोर्ट के मुताबिक BigTree Entertainment का लाइव-इवेंट रेवेन्यू FY23 में करीब 237.5 करोड़ रुपये था. ये FY25 में बढ़कर करीब 756 करोड़ रुपये हो गया. इसी दौरान ऑनलाइन टिकटिंग से कंपनी का रेवेन्यू करीब 828 करोड़ रुपये रहा है. FY25 में BigTree Entertainment की कुल आय करीब 1,869 करोड़ रुपये और नेट प्रॉफिट करीब 192 करोड़ रुपये बताया गया.


बड़े कॉन्सर्ट भी BookMyShow के कारोबार का हिस्सा

भारत में पिछले कुछ वर्षों में लाइव कॉन्सर्ट और म्यूजिक इवेंट्स का बाजार तेजी से बढ़ा है. Coldplay, Ed Sheeran और Travis Scott जैसे अंतरराष्ट्रीय कलाकारों के भारत में हुए कार्यक्रमों से भी टिकटिंग और लाइव एंटरटेनमेंट बिजनेस को काफी बढ़ावा मिला है. BookMyShow का लाइव एंटरटेनमेंट कारोबार अब ऐसे बड़े इवेंट्स की दिशा में भी काम कर रहा है. कंपनी Sunburn और Lollapalooza India जैसे इवेंट ब्रांड्स से भी जुड़ी हुई है. इससे BookMyShow का कारोबार टिकट बेचने से आगे बढ़कर इवेंट के पूरे इकोसिस्टम में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रहा है.

PM मोदी के कार्यक्रम की बुकिंग क्यों रही खास?

आमतौर पर राजनीतिक रैलियों में लोगों की एंट्री स्थानीय संगठन, पास या आमंत्रण के जरिए होती है. लेकिन, इस कार्यक्रम में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए BookMyShow का इस्तेमाल किया गया. इसका मतलब यह भी है कि BookMyShow जैसे प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल अब सिर्फ सिनेमा या म्यूजिक कॉन्सर्ट तक सीमित नहीं माना जा रहा. बड़े स्तर के सार्वजनिक कार्यक्रमों में डिजिटल रजिस्ट्रेशन, QR एंट्री और सीट मैनेजमेंट के लिए भी ऐसे प्लेटफॉर्म उपयोगी साबित हो सकते हैं.

क्या BookMyShow किसी बड़ी कॉरपोरेट कंपनी का हिस्सा है?

BookMyShow की मूल कंपनी BigTree Entertainment है. कंपनी में समय-समय पर अलग-अलग निवेशकों ने निवेश किया है. कंपनी के इतिहास के मुताबिक Accel Partners और SAIF Partners जैसे निवेशकों ने पहले भी इसमें निवेश किया था. 2016 में Stripes Group की अगुवाई में कंपनी ने करीब 550 करोड़ रुपये की फंडिंग जुटाई थी. अब KKR की हिस्सेदारी की घोषणा ने एक बार फिर कंपनी की वैल्यू और बिजनेस मॉडल को चर्चा में ला दिया है. Reuters के अनुसार KKR करीब 6 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीद रहा है.

BookMyShow नाम कैसे पड़ा?

क्या आप जानते हैं कि BookMyShow का नाम हमेशा से BookMyShow नहीं था? कंपनी का शुरुआती नाम ‘Go For Ticketing’ था. इसके बाद 2002 में कंपनी का नाम ‘India Ticketing’ रखा गया. लेकिन, 2007 में कंपनी ने अपने कर्मचारियों के बीच नए नाम के सुझाव के लिए एक प्रतियोगिता आयोजित की. इसी दौरान कंपनी में इंटर्नशिप कर रहे एक इंजीनियरिंग छात्र ने ‘BookMyShow’ नाम सुझाया. ये नाम कंपनी के टिकटिंग और मनोरंजन से जुड़े कारोबार के उद्देश्य के बिल्कुल अनुकूल लगा और आखिरकार इसे ही कंपनी का नया नाम बना दिया गया. इस तरह ‘India Ticketing’ से शुरू हुई कहानी आगे चलकर BookMyShow के नाम से पहचानी जाने लगी.

एक नजर में BookMyShow का सफर

BOOKMYSHOW
Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Gaurav Singh

Gaurav Singh

जी न्यूज में सीनियर सब-एडिटर हैं और वर्तमान में बिजनेस व फाइनेंशियल न्यूज कवर करते हैं.  देश की राजनीति से लेकर दुनिया के बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों और घटनाओं को कवर कर चुके हैं  पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो UPTU से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है. उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले गौरव ने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की और पिछले 6 वर्षों से लगातार इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. आप गौरव सिंह से Gaurav.Singh@India.Com पर ईमेल के जरिए सीधे जुड़ सकते हैं. 
Read More