SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

टाटा ग्रुप में सबसे बड़ा बदलाव, 16 साल बाद नोएल टाटा ने छोड़ा चेयरमैन पद; अब किसके हाथ आई कमान?

नोएल टाटा ने 16 साल बाद टाटा इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया है. अब बहराम वकील के हाथों में यह जिम्मेदारी सौंपी गई है. आइए विस्तार से जानते हैं कौन हैं बहराम वकील?

Written By Kriyanshu Saraswat
Published: Nov 12, 2026, 11:13 AM IST | Updated: Nov 12, 2026, 11:16 AM IST
Image Credit: (File Pic) नोएल टाटा 9 जून 2004 को कंपनी के बोर्ड में शामिल हुए थे.
Join

देश के सबसे बड़े कारोबारी घराने की टाटा ग्रुप की बात होती है तो हर छोटी-बड़ी हलचल सुर्खियों में रहती है. टाटा ग्रुप से एक ऐसी ही बड़ी खबर सामने आ रही है, जिसके बाद बिजनेस जगत और शेयर मार्केट में हलचल तेज हो गई है. टाटा इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन की 16 साल से ज्यादा समय तक कमान संभालने के बाद नोएल टाटा ने चेयरमैन और डायरेक्टर पद से रिजाइन कर दिया है. हो सकता है यह सुनने के बाद आपको यही लग रहा हो कि शायद कोई विवाद हुआ है, लेकिन असली मामला कुछ और ही है. दरअसल, यह बदलाव टाटा ग्रुप के तय नियमों का ही हिस्सा है. ये बदलाव हर लीडर पर समान रूप से लागू होते हैं. कंपनी ने नोएल टाटा के योगदान को देखते हुए उन्हें चेयरमैन एमेरिटस की उपाधि दी है. यह किसी भी लीडर के लिए सम्मान की बात होती है.

नोएल टाटा ने क्यों छोड़ा यह पद?

टाटा ग्रुप में कॉर्पोरेट गवर्नेंस के नियम बेहद साफ हैं. इन नियमों के अनुसार ग्रुप की कंपनियों में नॉन-एग्जीक्यूटिव और नॉन-इंडिपेंडेंट डायरेक्टर्स के लिए रिटायरमेंट की उम्र 70 साल तय है. नोएल टाटा ने इसी महीने उम्र के 70 पड़ाव पूरे किये हैं. इस नियम का पालन करते हुए उन्होंने रिजाइन करने का फैसला किया है. कंपनी की तरफ से रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया गया कि नोएल टाटा 11 नवंबर को कामकाज खत्म होने के बाद इन पदों से रिटायर हो गए हैं. उनका इस कंपनी से पुराना रिश्ता है. नोएल टाटा 9 जून 2004 को कंपनी के बोर्ड में शामिल हुए थे. इसके बाद 24 जून 2010 को उन्हें चेयरमैन बनाया गया था. कंपनी ने उनकी प्रश्ंसा करते हुए कहा कि उनकी लीडरशिप में टाटा इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन ने कई अहम मुकाम हासिल किये हैं.

टाटा ने फिर खेला बड़ा दांव, चंद्रशेखरन ने इटली की पीएम से मुलाकात कर फाइनल की ₹228000 करोड़ की डील

कौन हैं नए चेयरमैन

नोएल टाटा की जिम्मेदारी जाने-माने कॉर्पोरेट एडवोकेट बहराम वकील को दी गई है. बहराम वकील 12 नवंबर से कंपनी के नए चेयरमैन पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. बहराम वकील लॉ फर्म AZB एंड पार्टनर्स के को-फाउंडर हैं. वकील को कॉर्पोरेट रीस्ट्रक्चरिंग, इंसॉल्वेंसी, इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रोजेक्ट फाइनेंस का महारथी माना जाता है. बहराम वकील का टाटा इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन से पुराना रिश्ता है. वह पिछले कई साल से कंपनी के साथ जुड़े हुए हैं. मार्च 2026 में ही वकील को कंपनी का वाइस-चेयरमैन बनाया गया है. वह देश के इंसॉल्वेंसी एंड बैंकरप्सी कोड से जुड़े सुधारों और फाइनेंशियल रेगुलेशन की अहम कमिटियों में काम कर चुके हैं.

बोर्ड में एक और बड़ी एंट्री

टाटा इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन ने चेयरमैन बदलने के साथ ही अपने बोर्ड में एक मजबूत और नया चेहरा जोड़ा है. कंपनी की तरफ से अबीजर शब्बीर दीवानजी को 5 साल के लिए एडिशनल नॉन-एग्जीक्यूटिव इंडिपेंडेंट डायरेक्टर नियुक्त किया गया है. उनका अपॉइंटमेंट 12 नवंबर 2026 से प्रभावी हो गया है. हालांकि, इस पर शेयरहोल्डर्स की मंजूरी मिलना बाकी है. दीवानजी नियोस्ट्रैट एडवाइजर्स एलएलपी के संस्थापक हैं और इससे पहले वह KPMG और EY जैसी दिग्गज कंसल्टेंसी फर्म में फाइनेंशियल सर्विसेज प्रैक्टिस के हेड रह चुके हैं. उनके पास फाइनेंशियल सर्विसेज और रीस्ट्रक्चरिंग का लंबा अनुभव है.

Tata Sons के अंदर आखिर चल क्या रहा है? SEBI चेयरमैन तुहिन कांत पांडे ने किया बड़ा खुलासा

कई बड़े बोर्ड से बाहर हुए नोएल टाटा

नोएल टाटा ने 70 साल की उम्र पूरी कर ली है और इसका असर महज टाटा इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन तक ही सीमित नहीं है. यह बदलाव टाटा ग्रुप की कई कंपनियों में चल रहे एक बड़े लीडरशिप ट्रांजिशन का हिस्सा है. नोएल टाटा ने ट्रेंट, वोल्टास और टाटा इंटरनेशनल की चेयरमैनशिप भी छोड़ दी है. इन कंपनियों में नए लीडर्स के नाम तय कर दिये गए हैं. ट्रेंट के चेयरमैन की कमान भी बहराम वकील को सौंपी गई है. वोल्टास की जिम्मेदारी सुनील डिसूजा संभालेंगे.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

क्रियांशु सारस्वत वरिष्ठ बिजनेस जर्नलिस्ट (Business Journalist) हैं, उन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 साल का अनुभव है. मौजूदा समय में वह Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में बतौर 'असिस्टेंट न्यूज एडिटर' कार्यरत हैं. क्रियांशु को बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, टैक्सेशन, कमोडिटी और सरकारी योजनाओं आदि से जुड़ी खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में महारथ हासिल है. Zee News से पहले क्रियांशु ने टाइम्स इंटरनेट, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और अमर उजाला की वेबसाइट में अहम संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं. इस दौरान क्रियांशु ने ऑटो, टेक्नोलॉजी और लाइफस्‍टाइल लीड की जिम्मेदारी संभाली है. अभी क्रियांशु बिजनेस लीड हैं. यूपी से ताल्‍लुक रखने वाले क्र‍ियांशु पत्रकार‍िता में पोस्ट ग्रेजुएट हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES