Middle East Conflict: 27 अक्टूबर तक अकासा एयर की रियाद-जेद्दा उड़ानें बंद, यात्रियों की बढ़ीं मुश्किलें
मिडिल ईस्ट के बढ़ते तनाव और सुरक्षा चिंताओं के कारण अकासा एयर ने रियाद और जेद्दा के लिए अपनी उड़ानों का निलंबन 27 अक्टूबर 2026 तक बढ़ा दिया है.
Middle East Tension: मिडिल ईस्ट में जारी तनावपूर्ण सुरक्षा स्थिति के बीच अकासा एयर ने रविवार को सऊदी अरब के रियाद और जेद्दा के लिए अपनी उड़ानों का निलंबन 27 अक्टूबर तक बढ़ाने की घोषणा की. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक बयान में एयरलाइन ने कहा कि क्षेत्र की मौजूदा स्थिति का सावधानीपूर्वक आकलन करने के बाद यह फैसला लिया गया है. कंपनी ने कहा कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा तथा उनका कल्याण उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है.
अकासा एयर की रियाद-जेद्दा उड़ानें 27 अक्टूबर तक बंद
अकासा एयर ने कहा, 'मध्य पूर्व की मौजूदा सुरक्षा स्थिति को देखते हुए रियाद और जेद्दा के लिए तथा वहां से संचालित होने वाली हमारी सभी उड़ानों का निलंबन 27 अक्टूबर 2026 तक बढ़ाया जा रहा है.'
एयरलाइन ने कहा कि यह निर्णय क्षेत्रीय परिस्थितियों की पूरी समीक्षा के बाद लिया गया है और सुरक्षा से जुड़े सभी पहलू उसके लिए सबसे महत्वपूर्ण हैं. कंपनी ने बताया कि वह हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और सेवाओं को दोबारा शुरू करने से पहले स्थिति का रियल टाइम मूल्यांकन करती रहेगी. यात्रियों को होने वाली असुविधा कम करने के लिए अकासा एयर ने कहा कि रद्द उड़ानों से प्रभावित यात्रियों को पूर्ण रिफंड या बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपनी यात्रा पुनर्निर्धारित करने का विकल्प दिया जाएगा.
'रिफंड की राशि 7 दिनों के भीतर वापस कर दी जाएगी'
एयरलाइन के मुताबिक, रिफंड की राशि सात दिनों के भीतर उसी माध्यम से वापस कर दी जाएगी, जिससे भुगतान किया गया था. जिन यात्रियों ने ट्रैवल एजेंट या अन्य यात्रा साझेदारों के माध्यम से टिकट बुक कराया है, उन्हें सहायता के लिए सीधे उनसे संपर्क करने की सलाह दी गई है.
एयरलाइन ने कहा, 'हम लगातार घटनाक्रम पर नजर रख रहे हैं और स्थिति का वास्तविक समय में आकलन कर रहे हैं. प्रभावित यात्री पूर्ण रिफंड का विकल्प चुन सकते हैं, जो सात दिनों के भीतर मूल भुगतान माध्यम में वापस कर दिया जाएगा या बिना किसी अतिरिक्त लागत के अपनी यात्रा को पुनर्निर्धारित कर सकते हैं. जिन यात्रियों ने ट्रैवल पार्टनर्स के माध्यम से बुकिंग की है, वे सहायता के लिए सीधे उनसे संपर्क करें.'
अकासा एयर ने दोहराया कि उसके लिए यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा और उनका कल्याण सर्वोपरि है.
(IANS के इनपुट के साथ)