TCS, एयरटेल और इंफोसिस बने टॉप गेनर्स, टॉप 10 कंपनियों का मार्केट कैप ₹3.65 लाख करोड़ बढ़ा
बीते सप्ताह शेयर बाजार में जोरदार तेजी के बीच देश की 10 में से 9 दिग्गज कंपनियों के संयुक्त मार्केट कैप में 3.65 लाख करोड़ रुपए की भारी बढ़ोतरी हुई है.
Indian Share Market : भारतीय शेयर बाजार (Share Market) में बीते सप्ताह आई तेज उछाल के बीच देश की 10 सबसे वैल्युएबल कंपनियों में से 9 के संयुक्त मार्केट कैपिटलाइजेशन में 3.65 लाख करोड़ रुपए की बढ़ोतरी दर्ज की गई. इस दौरान टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), भारती एयरटेल और इंफोसिस सबसे अधिक लाभ पाने वाली कंपनियों के रूप में उभरीं हैं. दलाल स्ट्रीट पर सकारात्मक माहौल के बीच सप्ताह के दौरान सेंसेक्स 2,256.94 अंक यानी 3.11 प्रतिशत चढ़ा, जबकि निफ्टी में 625.7 अंकों यानी 2.77 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई.
TCS सबसे बड़ी वेल्थ क्रिएटर
शीर्ष 10 कंपनियों में टीसीएस सबसे बड़ी वेल्थ क्रिएटर रही. कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन 1,08,542.63 करोड़ रुपए बढ़कर 8,91,134.96 करोड़ रुपए पर पहुंच गया. इसके बाद भारती एयरटेल का स्थान रहा, जिसकी मार्केट वैल्यू 61,406.53 करोड़ रुपए बढ़कर 11,88,815.45 करोड़ रुपए हो गई. वहीं, इंफोसिस ने 55,893.05 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी दर्ज की और उसका मार्केट कैपिटलाइजेशन 4,71,409.41 करोड़ रुपए पर पहुंच गया.
देश की सबसे वैल्युएबल लिस्टेड कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैपिटलाइजेशन भी 53,047.56 करोड़ रुपए बढ़कर 16,37,437.19 करोड़ रुपए हो गया और उसने अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा है.
निजी क्षेत्र के बैंकों में भी अच्छी तेजी
निजी क्षेत्र के बैंकों में भी अच्छी तेजी देखने को मिली. एचडीएफसी बैंक की मार्केट वैल्यू 32,379.05 करोड़ रुपए बढ़कर 11,22,628.07 करोड़ रुपए हो गई, जबकि आईसीआईसीआई बैंक का मार्केट कैप 30,769.95 करोड़ रुपए बढ़कर 10,02,871.44 करोड़ रुपए हो गया.
अन्य बढ़त दर्ज करने वाली कंपनियों में बजाज फाइनेंस शामिल रही, जिसकी वैल्यू 14,786.65 करोड़ रुपए बढ़कर 6,11,326.72 करोड़ रुपए हो गई. भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के बाजार पूंजीकरण में 4,933.5 करोड़ रुपए की वृद्धि हुई और यह 5,02,204.82 करोड़ रुपए पर पहुंच गया. वहीं, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की मार्केट वैल्यू 3,323.07 करोड़ रुपए बढ़कर 8,87,722.84 करोड़ रुपए हो गई.
लार्सन एंड टुब्रो के मार्केट कैपिटलाइजेशन में गिरावट
शीर्ष 10 कंपनियों में केवल लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) ऐसी कंपनी रही, जिसके बाजार पूंजीकरण में गिरावट दर्ज की गई, और कंपनी की मार्केट वैल्यू 9,232.26 करोड़ रुपए घटकर 4,99,725.06 करोड़ रुपए रह गई. देश की सबसे वैल्युएबल कंपनियों की रैंकिंग में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर रही. इसके बाद भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, टीसीएस, एसबीआई, बजाज फाइनेंस, एलआईसी, लार्सन एंड टुब्रो और इंफोसिस का स्थान रहा.
IT शेयरों में मजबूत सुधार
सितंबर तिमाही के उत्साहजनक नतीजों के बाद घरेलू बाजार में सूचना प्रौद्योगिकी (IT) शेयरों में काफी मजबूत सुधार देखने को मिला है. ऑनलाइन ट्रेडिंग और वेल्थ टेक फर्म 'एनरिच मनी' के CEO पोनमुडी आर के मुताबिक, कई बड़े शेयरों में फिर से खरीदारी शुरू होने से भी बाजार को बढ़त मिली है. 'एनरिच मनी' के CEO पोनमुडी आर ने बताया, 'यह तेजी मुख्य रूप से सितंबर तिमाही के अच्छे नतीजों के बाद IT शेयरों में आए जोरदार उछाल की वजह से आई है. इसके साथ ही, कई बड़े शेयरों में फिर से खरीदारी देखने को मिली, जिससे बाजार को और समर्थन मिला.'
(IANS के इनपुट के साथ)