SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

छुट्टी के दिन काम पर डबल सैलरी, सैलरी कटौती करना आसान नहीं...महाराष्ट्र सरकार ने लागू किये न्यू वेज रूल्स

महाराष्ट्र सरकार की तरफ से न्यू वेज रूल्स 2026 को जारी कर दिया गया है. अब ओवरटाइम करने पर कर्मचारियों को दोगुनी सैलरी मिलेगी. इसके साथ ही नए नियम के तहत आपकी सैलरी कटौती करना भी आसान नहीं होगा. इसके लिए कर्मचारी को पहले से जानकारी देनी होगी.

Written By Kriyanshu Saraswat
Published: Nov 19, 2026, 09:41 IST | Updated: Nov 19, 2026, 09:45 IST
Image Credit: (File Photo) 6 दिन के वर्किंग वीक के बाद छुट्टी संडे को होगी, कंपनी चाहे तो इसमें बदलाव कर सकती है.
Join

अगर महाराष्ट्र की किसी प्राइवेट कंपनी, फैक्ट्री या दिहाड़ी पर काम करते हैं तो यह खबर आपसे जुड़ी है. आमतौर पर कर्मचारियों की शिकायत रहती है कि कंपनियां उनसे तय समय से ज्यादा काम करवा लेती हैं लेकिन इसकी एवज में सही से पैसा नहीं देतीं. अगर आपकी कुछ ऐसी ही शिकायत है तो यह खबर आपके काम की है. महाराष्ट्र सरकार ने 63 साल पुराने नियमों को खत्म करके नए महाराष्ट्र वेज रूल्स 2026 (Maharashtra Wage Rules, 2026) जारी किये हैं. 5 नवंबर को नोटिफाई किये गए नए नियम 1963 के दो पुराने कानूनों की जगह लेंगे. आसान भाषा में समझते हैं कि इस बड़े बदलाव से आपकी सैलरी, छुट्टियों और ओवरटाइम पर क्या असर पड़ने वाला है?

महाराष्ट्र सरकार के न्यू वेज रूल्स के अनुसार अब कोई भी कंपनी अपने कर्मचारी से तय समय से ज्यादा काम नहीं करवा सकेगी. ऐसे कर्मचारी जिनकी सैलरी डेली वेज के हिसाब से तय नहीं होती, उनके लिए हफ्ते में अधिकतम 48 घंटे काम करने की लिमिट को तय कर दिया गया है. वहीं, रोजाना मजदूरी करने वाले (डेली-वेज वर्कर) के लिए सामान्य वर्किंग डे 8 घंटे का होगा. हर कर्मचारी को हफ्ते में कम से कम एक दिन का वीकली ऑफ दिया जाना जरूरी होगा. 6 दिन के वर्किंग वीक के बाद यह छुट्टी आमतौर पर संडे को होगी. कंपनी चाहे तो किसी वर्किंग डे को भी वीकली रेस्ट डे तय कर सकती है. यदि किसी जरूरी काम के कारण आपको अपनी छुट्टी वाले कंपनी बुलाया जाता है तो कंपनी को उसके बदले किसी दूसरे दिन छुट्टी देनी जरूरी होगी.

ओवरटाइम पर दोगुना पैसा

नए नियम का सबसे बड़ा फायदा ओवरटाइम करने वालों को मिलेगा. यदि किसी कंपनी ने आपसे तय लिमिट से ज्यादा काम करा लिया है तो खास परिस्थितियों में कंपनी को सामान्य सैलरी दर से कम से कम दोगुना यानी 2x ओवरटाइम देना जरूरी होगा. इसका सीधा सा मतलब है कि अब आपकी मेहनत का हर एक घंटे के लिए आपको दो घंटे का पैसा मिलेगा.

छठ के बाद यात्रियों की वापसी पर रेलवे अलर्ट! रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वार रूम से संभाली कमान

कैसे तय होगी मिनिमम सैलरी?

राज्य सरकार की तरफ से मिनिमम वेज कैलकुलेशन रोजाना के आधार पर तय की जाएगी. हर घंटे का रेट निकालने के लिए रोजाना की न्यूनतम मजदूरी को 8 से डिवाइड किया जाएगा. महीने की सैलरी निकालने के लिए इसे 26 से गुना किया जाएगा. काम की नेचर के हिसाब से कर्मचारियों को चार कैटेगरी में डिवाइड किया गया है. इनमें हाईली स्किल्ड, स्किल्ड, सेमी-स्किल्ड और अनस्किल्ड शामिल हैं. महंगाई से राहत देने के लिए हर एक साल में दो बार यानी 1 अप्रैल और 1 अक्टूबर से पहले वेरिएबल डियरनेस अलाउंस में बदलाव किया जाएगा. यह बढ़ोतरी लेबर ब्यूरो द्वारा जारी कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स के आधार पर तय होगी.

सैलरी कटौती पर लगी लगाम

कंपनियां किसी भी बहाने से आपकी आधे से ज्यादा सैलरी नहीं काट पाएंगी. नए नियमों के अनुसार किसी भी वेज पीरियड में कुल कटौती कर्मचारी की कुल सैलरी के 50 फीसदी से ज्यादा नहीं हो सकती. यदि किसी नुकसान या जुर्माने के कारण कंपनी सैलरी से पैसे काटना चाहती है तो उसे इसके लिए पहले आपको वजह बतानी होगी. इसके साथ ही आपको जवाब देने के लिए कम से कम 7 दिन का समय देना होगा.

सैलरी स्लिप और रिकॉर्ड रखना जरूरी

कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए कंपनियों को सैलरी मिलने के दिन या उससे पहले सैलरी स्लिप देना जरूरी होगा. इसके साथ ही सभी कंपनियों को कर्मचारियों, सैलरी, ओवरटाइम और अटेंडेंस का रिकॉर्ड डिजिटल या फिजिकल रूप में कम से कम 5 साल तक संभालकर रखना होगा.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

क्रियांशु सारस्वत वरिष्ठ बिजनेस जर्नलिस्ट (Business Journalist) हैं, उन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 साल का अनुभव है. मौजूदा समय में वह Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में बतौर 'असिस्टेंट न्यूज एडिटर' कार्यरत हैं. क्रियांशु को बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, टैक्सेशन, कमोडिटी और सरकारी योजनाओं आदि से जुड़ी खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में महारथ हासिल है. Zee News से पहले क्रियांशु ने टाइम्स इंटरनेट, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और अमर उजाला की वेबसाइट में अहम संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं. इस दौरान क्रियांशु ने ऑटो, टेक्नोलॉजी और लाइफस्‍टाइल लीड की जिम्मेदारी संभाली है. अभी क्रियांशु बिजनेस लीड हैं. यूपी से ताल्‍लुक रखने वाले क्र‍ियांशु पत्रकार‍िता में पोस्ट ग्रेजुएट हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES