SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

भारत में चीनी का उत्पादन क्यों बढ़ा? एथेनॉल पर रोक से किसानों, मिलों और ग्राहकों पर क्या होगा असर?

भारत में चीनी उत्पादन में चार गुना बढ़ोतरी दर्ज की गई है. एथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी के इस्तेमाल पर रोक से घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता बढ़ने की उम्मीद है. इसका असर कीमतों और चीनी उद्योग पर भी पड़ सकता है.

Written By Gaurav Singh
Published: Nov 21, 2026, 21:19 IST | Updated: Nov 21, 2026, 21:26 IST
Image Credit: चीनी उत्पादन 2.8 से 2.9 करोड़ मीट्रिक टन रहने का अनुमान है | Social media
Join

एथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी के इस्तेमाल पर सरकार की ओर से प्रतिबंध लगाए जाने के फैसले से चालू एथेनॉल आपूर्ति वर्ष (ईएसवाई 2027) के पहले महीने में भारत का चीनी उत्पादन चार गुना से अधिक बढ़ गया है. यह जानकारी शनिवार को जारी एक रिपोर्ट में दी गई.

आईसीआरए की रिपोर्ट के अनुसार, ईएसवाई 2027 के पहले महीने में घरेलू चीनी उत्पादन बढ़कर 13 लाख मीट्रिक टन (एमटी) पर पहुंच गया. यह एक साल पहले की समान अवधि की तुलना में काफी अधिक है. हालांकि, उद्योग के अनुमानों के मुताबिक, मौजूदा चीनी सीजन में भंडार का स्तर अपेक्षाकृत कम बना हुआ है.

चीनी की उपलब्धता बढ़ेगी

रिपोर्ट में यह भी अनुमान जताया गया है कि एथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी के इस्तेमाल पर लगाई गई रोक से घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता बढ़ेगी. ऐसा उस समय होगा, जब पिछले सीजन से आगे बढ़ने वाला चीनी का भंडार ऐतिहासिक औसत से कम रहने का अनुमान है.

चीनी उत्पादन 2.8 से 2.9 करोड़ मीट्रिक टन रहने का अनुमान 

इसके अलावा, चीनी वर्ष 2027 (एसवाई2027) में शुद्ध चीनी उत्पादन 2.8 से 2.9 करोड़ मीट्रिक टन रहने का अनुमान है, जबकि चीनी वर्ष 2026 (एसवाई2026) में यह करीब 2.76 करोड़ मीट्रिक टन था. पिछले चीनी वर्ष में लगभग 30 लाख मीट्रिक टन चीनी का इस्तेमाल इथेनॉल उत्पादन के लिए किया गया था.

रिपोर्ट के अनुसार, 2.83 करोड़ मीट्रिक टन की अनुमानित घरेलू खपत के मुकाबले एसवाई 2027 के अंत तक चीनी का बचा हुआ भंडार 35 से 45 लाख मीट्रिक टन रहने का अनुमान है. यह एसवाई 2026 के लिए अनुमानित 48 लाख मीट्रिक टन के भंडार से कम है. इसमें 10 लाख मीट्रिक टन के स्वीकृत आयात कोटे को भी शामिल किया गया है.

अनुमानित भंडार देश की दो महीने से भी कम की खपत के बराबर होगा, जो दो से तीन महीने के ऐतिहासिक मानक से नीचे है. हालांकि, त्योहारों के दौरान मजबूत मांग और आपूर्ति में कमी के बीच नवंबर में घरेलू चीनी की कीमतें मजबूत बनी रहीं.

ये भी पढ़ें : आ गई गुड न्यूज! 70 डॉलर तक गिरेंगे कच्चे तेल के दाम, भारत में कब सस्ता होगा पेट्रोल-डीजल ?

महाराष्ट्र में चीनी की कीमतें नवंबर में 51.4 रुपए प्रति किलोग्राम हो गईं

महाराष्ट्र में चीनी की कीमतें अक्टूबर के 49.1 रुपए प्रति किलोग्राम से बढ़कर नवंबर में 51.4 रुपए प्रति किलोग्राम हो गईं. वहीं, उत्तर प्रदेश में कीमतें 51.1 रुपए प्रति किलोग्राम से बढ़कर 54.8 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गईं. आईसीआरए के अनुसार, 'इसके परिणामस्वरूप, त्योहारों के दौरान भारी मांग और उत्तर प्रदेश से उत्पादन की धीमी रफ्तार के बीच अखिल भारतीय स्तर पर चीनी की कीमतें 51 रुपए प्रति किलोग्राम से बढ़कर 54.7 रुपए प्रति किलोग्राम हो गईं.' इसके अलावा, अक्टूबर 2026 के दौरान अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चीनी की कीमतों में मजबूती दर्ज की गई.

कच्ची चीनी की कीमतें सितंबर 2026 के 395 डॉलर प्रति मीट्रिक टन और अक्टूबर 2025 के 343 डॉलर प्रति मीट्रिक टन के मुकाबले बढ़कर अक्टूबर 2026 में 445 डॉलर प्रति मीट्रिक टन हो गईं. इसी तरह, सफेद चीनी की कीमतें अक्टूबर 2026 में बढ़कर 540 डॉलर प्रति मीट्रिक टन हो गईं, जबकि एक महीने पहले सितंबर 2026 में यह 519 डॉलर और एक साल पहले अक्टूबर 2025 में 440 डॉलर प्रति मीट्रिक टन थीं.

अक्टूबर 2025 में कच्ची चीनी के मुकाबले सफेद चीनी की कीमतों का अंतर 97 डॉलर प्रति मीट्रिक टन था, जो घटकर 94 डॉलर प्रति मीट्रिक टन रह गया. इसके अतिरिक्त, भारत के एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम के तहत ईएसवाई2026 में 20 प्रतिशत मिश्रण दर बनी रही. इस वर्ष के दौरान 1,089 करोड़ लीटर से अधिक एथेनॉल की आपूर्ति की गई, जिसमें अकेले अक्टूबर 2026 में 102 करोड़ लीटर एथेनॉल की आपूर्ति शामिल है.

(IANS के इनपुट के साथ)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जी न्यूज में सीनियर सब-एडिटर हैं और वर्तमान में बिजनेस व फाइनेंशियल न्यूज कवर करते हैं.  देश की राजनीति से लेकर दुनिया के बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों और घटनाओं को कवर कर चुके हैं  पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो UPTU से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है. उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले गौरव ने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की और पिछले 6 वर्षों से लगातार इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. आप गौरव सिंह से Gaurav.Singh@India.Com पर ईमेल के जरिए सीधे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES