App

देश में पहली बार एक दिन में बुक हुए 22 लाख ट्रेन टिकट: रेलवे के PRS ने कैसे रचा इतिहास?

नया रिकॉर्ड यह बताता है कि रेलवे की वेबसाइट और ऐप अब पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हो चुके हैं. आइए जानते हैं रेलवे के पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) के बारे में, जिसके जरिए यह संभव हो सका है.

देश में पहली बार एक दिन में बुक हुए 22 लाख ट्रेन टिकट: रेलवे के PRS ने कैसे रचा इतिहास?
Image Credit: भारतीय रेलवे ने एक नया कीर्तिमान बनाया

भारतीय रेलवे ने एक नया कीर्तिमान बनाया है. 7 सितंबर 2026 को रेलवे के रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) के जरिए एक ही दिन में 22.26 लाख से ज्यादा आरक्षित टिकट बुक हुए. इतिहास में पहली बार 24 घंटे के भीतर बुकिंग 22 लाख के पार गई है. यह ऐतिहासिक आंकड़ा सिर्फ एक रिकॉर्ड भर नहीं है, बल्कि यह साबित करता है कि भारतीय रेलवे का डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर अब भारी ट्रैफिक के बीच भी बिना लड़खड़ाए काम करने के लिए पूरी तरह तैयार है और करोड़ों मुसाफिरों की मांग को एक साथ आसानी से संभाल रहा है.

दरअसल, ट्रेन टिकट बुकिंग पर सबसे ज्यादा दबाव सुबह 10 और 11 बजे होता है. 10 बजे AC और 11 बजे स्लीपर के तत्काल टिकट खुलते हैं, इस दौरान लाखों लोग एक साथ वेबसाइट और ऐप पर आते हैं. पीआरएस (PRS) की असली ताकत यही है कि भारी ट्रैफिक के बाद भी इसका सर्वर क्रैश नहीं हुआ, सिस्टम ने बिना रुके हर मिनट लाखों टिकट आसानी से बुक किए. इसी मजबूत तकनीक के दम पर 22 लाख टिकटों का नया रिकॉर्ड बन पाया.

इतने सारे टिकट क्यों बुक हुए?

दरअसल, सितंबर की शुरुआत में बुकिंग का यह नया रिकॉर्ड बनने की सबसे बड़ी वजह आगामी त्योहार हैं. रेलवे में 60 से 120 दिन पहले एडवांस रिजर्वेशन शुरू हो जाता है. दिवाली, छठ पूजा और सर्दियों की छुट्टियों में घर जाने वाले लोग महीनों पहले से टिकट बुक कराने में जुट जाते हैं, जिसके चलते बुकिंग संख्या अचानक रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई.

पिछला रिकॉर्ड कितना था?

एक दिन में सबसे ज्यादा टिकट बुक होने का पिछला रिकॉर्ड 19 अगस्त 2025 को बना था. उस दिन कुल 20,45,272 टिकट बुक हुए थे. अब करीब 9 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ नया रिकॉर्ड बन गया है. 7 सितंबर 2026 को कुल 22,26,786 टिकट बुक किए गए.

पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) क्या है?

रेलवे सूचना प्रणाली केंद्र (CRIS) द्वारा विकसित पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) भारतीय रेलवे का 'डिजिटल दिमाग' है. यह वही सिस्टम है, जो तय करता है कि किस यात्री को कौन-सी सीट मिलेगी. चाहे आप रेलवे स्टेशन की खिड़की से टिकट खरीदें या घर बैठे IRCTC ऐप से, दोनों जगह इसी एक सिस्टम से टिकट कटता है.

यह सिस्टम आपके लिए क्या-क्या काम करता है?

सीट देना: टिकट बुक करते ही यह तय करता है कि सीट कंफर्म मिलेगी, आरएसी (RAC) होगी या वेटिंग लिस्ट में जाएगी.

टिकट बदलना या कैंसिल करना: अगर आपको टिकट कैंसिल कराना हो या चढ़ने का स्टेशन (Boarding Point) बदलना हो, तो यह काम इसी सिस्टम से तुरंत हो जाता है.

फाइनल लिस्ट (चार्ट) बनाना: ट्रेन छूटने से कुछ घंटे पहले जो फाइनल चार्ट बनता है, वह इसी सिस्टम से तैयार होकर निकलता है.

पहले कैसे बुक होते थे ट्रेन टिकट?

आज मोबाइल से चंद सेकंड में टिकट बुक हो जाता है, लेकिन 40 साल पहले यह काम किसी जंग जीतने जैसा था.

1986 से पहले मैनुअल दौर

कंप्यूटर नहीं थे, इसलिए सारा काम बड़े-बड़े कागजी रजिस्टरों में हाथ से लिखकर होता था. मुसाफिरों को घंटों लंबी लाइनों में खड़े रहना पड़ता था. सबसे बड़ी मुश्किल यह थी कि आप जिस स्टेशन पर खड़े हैं, वहीं से शुरू होने वाली ट्रेन का टिकट मिलता था, दूसरे शहर की ट्रेन का टिकट बुक कराना लगभग नामुमकिन था.

1986 में कंप्यूटर की पहली एंट्री

रेलवे की तकनीकी शाखा 'CRIS' ने पहली बार इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम शुरू किया. इसके बाद 'CONCERT' नाम का एक देशव्यापी नेटवर्क बना, जिसने देश के अलग-अलग रेलवे काउंटरों को आपस में जोड़ दिया. अब मुसाफिर किसी भी काउंटर से देश की किसी भी ट्रेन का टिकट ले सकते थे.

2000 के बाद इंटरनेट और मोबाइल क्रांति

IRCTC की वेबसाइट और ऐप आने से टिकट खिड़की की कतारें सीधे मुसाफिरों की जेब में आ गईं. अब रेलवन (RailOne) और मोबाइल ऐप्स के जरिए लोग घर बैठे मिनटों में सीट बुक कर लेते हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Bhoopendra Rai

Bhoopendra Rai

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More