शेयर बाजार से रुपये तक... नवंबर में बल्ले-बल्ले! सेंसेक्स 13% चढ़ा, HSBC ने बताई तेजी की वजह
HSBC की रिपोर्ट के मुताबिक, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और विदेशी निवेशकों की वापसी से नवंबर में भारतीय बाजारों में जोरदार रिकवरी आई है.
HSBC Report on Share Market: भारतीय बाजारों में नवंबर के दौरान व्यापक स्तर पर जोरदार रिकवरी देखने को मिली है. कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, दुनियाभर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में कमजोरी और विदेशी निवेशकों की नई खरीदारी से निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है. HSBC ग्लोबल इन्वेस्टमेंट रिसर्च की रिपोर्ट के मुताबिक, इस तेजी के साथ भारतीय बाजार पिछले कुछ महीनों में दूसरे इमर्जिंग बाजारों के मुकाबले हुए कमजोर प्रदर्शन से भी उबर गए हैं.
शेयर बाजार, रुपये और सरकारी बॉन्ड तीनों में तेजी देखने को मिली है. ये संकेत है कि बाजार में निवेशकों का रुख अब जोखिम से बचने (Risk Aversion) के बजाय जोखिम लेने (Risk Appetite) की ओर बढ़ रहा है. लेकिन, विदेशी ब्रोकरेज फर्म HSBC का मानना है कि 2027 तक इस तेजी को बरकरार रखने के लिए घरेलू आर्थिक विकास को लेकर बेहतर उम्मीदों और बैंकिंग सिस्टम में अधिक लिक्विडिटी की जरूरत होगी.
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की ओर से बढ़ती महंगाई के बीच मौद्रिक नीति सख्त बनाए रखने से बैंकिंग सिस्टम में नकदी की उपलब्धता पर दबाव बना रह सकता है.
नवंबर में भारतीय बाजारों की जोरदार वापसी
HSBC ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि 2026 के अधिकांश समय में भारतीय बाजारों का प्रदर्शन दूसरे उभरते बाजारों के मुकाबले कमजोर रहा था, लेकिन नवंबर में तस्वीर बदल गई. इस दौरान शेयर बाजार, विदेशी मुद्रा और ब्याज दरों से जुड़े बाजारों में मजबूती देखने को मिली.
रिपोर्ट के मुताबिक, नवंबर में अब तक सेंसेक्स में करीब 13 फीसदी की तेजी दर्ज की गई है. वहीं, भारतीय रुपया मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 92.50 के स्तर से नीचे पहुंच गया और आठ महीने के उच्चतम स्तर पर कारोबार करने लगा.
ये भी पढ़ें : Explainer: बैंकों में कम जमा हो रहा पैसा, लोन मांगने वाले बढ़ गए; RBI के यू-टर्न से आम आदमी पर क्या होगा असर?
बॉन्ड यील्ड में भी आई गिरावट
बाजार में निवेशकों का भरोसा बढ़ने का असर सरकारी बॉन्ड पर भी दिखाई दिया. 10 साल के बेंचमार्क सरकारी बॉन्ड की यील्ड में करीब 20 बेसिस पॉइंट की गिरावट आई. आमतौर पर बॉन्ड यील्ड में गिरावट का मतलब बॉन्ड की कीमतों में बढ़ोतरी होता है.
यह तेजी ऐसे समय में आई है, जब बैंकिंग सिस्टम नकदी की उपलब्धता को लेकर दबाव का सामना कर रहा है. HSBC के मुताबिक, शेयर, करेंसी और बॉन्ड बाजारों में एक साथ आई मजबूती निवेशकों की बढ़ती जोखिम लेने की क्षमता को दर्शाती है. इक्विटी और डेट मार्केट के रिटर्न में सकारात्मक संबंध भी इसी बदलाव का संकेत है.
भारतीय बाजारों में तेजी की क्या है वजह?
HSBC की रिपोर्ट के मुताबिक, नवंबर में विदेशी निवेशकों की वापसी भारतीय बाजारों में तेजी की बड़ी वजह रही है. पिछले कुछ वर्षों में घरेलू निवेशकों ने विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) की बिकवाली के असर को कम करने में अहम भूमिका निभाई है.
भारत के मर्चेंडाइज एक्सपोर्ट में भी अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. पिछले क्वार्टर में देश का वस्तु निर्यात सालाना आधार पर 25 फीसदी बढ़ा. इसके पीछे रुपये की प्रतिस्पर्धी स्थिति, व्यापार समझौतों और निर्यातकों की ओर से नए बाजारों में विस्तार को प्रमुख कारण बताया गया है.
HSBC के अनुसार, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और विदेशी निवेशकों की वापसी ने नवंबर में भारतीय शेयरों, रुपये और सरकारी बॉन्ड को मजबूती दी है. हालांकि, 2027 में इस तेजी को जारी रखने के लिए घरेलू आर्थिक विकास की बेहतर संभावनाओं और बैंकिंग सिस्टम में पर्याप्त नकदी की जरूरत होगी.