SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

दुनिया के शेयर बाजारों में भारत का डंका, अमेरिका के बाद सबसे डायनामिक मार्केट बना, Jefferies ने बताई वजह

ग्लोबल निवेश फर्म Jefferies की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका के बाद भारत दुनिया का सबसे जीवंत और सक्रिय कैपिटल मार्केट बनकर उभरा है.

Written By Gaurav Singh
Published: Nov 29, 2026, 21:04 IST | Updated: Nov 29, 2026, 21:11 IST
Image Credit: जेफरीज का कहना है कि भारतीय निवेशकों के इक्विटी पोर्टफोलियो आमतौर पर अमेरिकी निवेशकों की तुलना में ज्यादा विविध होते हैं | AI
Join

भारतीय शेयर बाजार ने वैश्विक वित्तीय बाजारों में अपनी अलग पहचान बनाई है. दुनिया की प्रमुख ग्लोबल इन्वेस्टमेंट फर्म जेफरीज (Jefferies)  की एक रिपोर्ट के मुताबिक,  भारत अमेरिका के बाद दुनिया का सबसे जीवंत और सक्रिय कैपिटल मार्केट बनकर उभरा है. रिपोर्ट में भारतीय बाजार की मजबूती का श्रेय घरेलू निवेशकों की बढ़ती भागीदारी, मिडकैप शेयरों में सक्रियता और निवेशकों के विविध पोर्टफोलियो को दिया गया है.

जेफरीज ने अपनी रिपोर्ट 'GREED & fear' में कहा है कि भारत का शेयर बाजार दुनिया के दूसरे बाजारों से अलग तरीके से विकसित हुआ है. जहां एशिया, यूरोप और लैटिन अमेरिका के निवेशक तेजी से अमेरिकी शेयरों, खासकर टेक्नोलॉजी कंपनियों में पैसा लगा रहे हैं. वहीं भारत ने घरेलू निवेशकों के दम पर अपने बाजार को मजबूती दी है.

घरेलू निवेशकों के दम पर मजबूत हुआ भारतीय बाजार

जेफरीज के मुताबिक, भारत के कैपिटल मार्केट की सबसे बड़ी ताकत घरेलू निवेशकों की भागीदारी है. रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया के कई हिस्सों में निवेशक मोबाइल ट्रेडिंग ऐप के जरिए अमेरिकी शेयरों में तेजी से पैसा लगा रहे हैं. खासकर अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनियों में निवेश बढ़ने से दक्षिण-पूर्व एशिया के कुछ शेयर बाजारों में ट्रेडिंग गतिविधियां प्रभावित हुई हैं. इसके मुकाबले भारत में खुदरा निवेशकों का मजबूत आधार बाजार को सक्रिय बनाए रखने में मदद कर रहा है.

भारतीय निवेशकों का पोर्टफोलियो ज्यादा डायवर्सिफाइड

रिपोर्ट में भारतीय और अमेरिकी शेयर बाजार के बीच कुछ अहम अंतर भी बताए गए हैं. जेफरीज का कहना है कि भारतीय निवेशकों के इक्विटी पोर्टफोलियो आमतौर पर अमेरिकी निवेशकों की तुलना में ज्यादा विविध होते हैं. इसके अलावा भारत के मिडकैप शेयरों में भी निवेशकों की दिलचस्पी बनी हुई है. इससे बाजार में अलग-अलग आकार की कंपनियों को निवेश आकर्षित करने का अवसर मिलता है.

जेफरीज ने भारत में पैसिव इन्वेस्टिंग की अपेक्षाकृत कम भूमिका को भी एक सकारात्मक पहलू बताया है. पैसिव फंड ऐसे निवेश फंड होते हैं, जो किसी शेयर बाजार सूचकांक को ट्रैक करते हैं और उसी के अनुसार निवेश करते हैं.

रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में इंडेक्स आधारित निवेश का चलन काफी बढ़ा है. इसके कारण निवेश का बड़ा हिस्सा कुछ प्रमुख कंपनियों में केंद्रित हो सकता है. जेफरीज ने चिंता जताई है कि इससे निवेशक कंपनियों के वास्तविक कारोबार और उनके शेयरों के मूल्यांकन पर पर्याप्त ध्यान दिए बिना भी निवेश कर सकते हैं.

ये भी पढ़ें :ट्रेड से लेकर निवेश तक... भारत-कनाडा के बीच होने जा रहा बड़ा समझौता, जानिए डील से कौन-कौन से खुलेंगे नए रास्ते?

पेमेंट फॉर ऑर्डर फ्लो पर भी भारत-अमेरिका में अंतर

जेफरीज ने दोनों बाजारों के नियामकीय ढांचे में भी अंतर बताया है. भारत में निवेश से जुड़े ऐप्स में पेमेंट फॉर ऑर्डर फ्लो (Payment for Order Flow) की अनुमति नहीं है. इस सिस्टम में ब्रोकर ग्राहकों के ट्रेडिंग ऑर्डर को किसी खास ट्रेडिंग फर्म की ओर भेजने के बदले पेमेंट प्राप्त करते हैं. जेफरीज के अनुसार, इस तरह के अंतर भी भारतीय बाजार की संरचना को अमेरिकी बाजार से अलग बनाते हैं.

अमेरिकी शेयर बाजार में बढ़ता निवेश चिंता का विषय

जेफरीज ने अपनी रिपोर्ट में अमेरिकी शेयर बाजार में वैश्विक निवेश की बढ़ती हिस्सेदारी पर चिंता जताई है. खासकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी कंपनियों में निवेश बढ़ने के कारण अमेरिकी बाजार में पूंजी का बड़ा हिस्सा केंद्रित होता जा रहा है. 

रिपोर्ट के अनुसार, 24 दिसंबर 2024 तक MSCI AC वर्ल्ड इंडेक्स के तहत वैश्विक शेयर बाजार के कुल मार्केट कैप में अमेरिकी शेयरों की हिस्सेदारी 67.2 प्रतिशत थी. जेफरीज का मानना है कि यह स्तर अपने उच्चतम स्तर के करीब हो सकता है.

फर्म ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिकी शेयरों के वैल्यूएशन में बड़ी गिरावट आती है, तो अमेरिकी इक्विटी में जरूरत से ज्यादा निवेश करने वाले अंतरराष्ट्रीय निवेशकों को भारी नुकसान हो सकता है. इसका असर वैश्विक निवेश और वित्तीय बाजारों पर भी पड़ सकता है.

अमेरिकी बॉन्ड से दूरी, लेकिन शेयरों में विदेशी निवेश जारी

रिपोर्ट में अमेरिकी सरकारी बॉन्ड और शेयरों में विदेशी निवेश के बीच एक दिलचस्प अंतर भी सामने आया है. विदेशी सरकारी संस्थानों के पास मौजूद अमेरिकी ट्रेजरी सिक्योरिटीज की हिस्सेदारी 2011 के अंत में 36.4 प्रतिशत थी, जो सितंबर 2026 में घटकर 11.5 प्रतिशत रह गई.

विदेशी निवेशकों ने अमेरिकी शेयरों में निवेश जारी रखा है. सितंबर 2026 को समाप्त हुए 12 महीनों के दौरान अंतरराष्ट्रीय निवेशकों ने अमेरिकी इक्विटी में शुद्ध रूप से 945 अरब डॉलर का निवेश किया.

जेफरीज ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिकी शेयर बाजार में बड़ी गिरावट आती है, तो इससे वहां के घरेलू निवेशकों की संपत्ति और खर्च करने की क्षमता प्रभावित हो सकती है. इसका असर अमेरिकी अर्थव्यवस्था और मौद्रिक नीति पर भी पड़ सकता है.

जेफरीज का मानना है कि घरेलू निवेशकों की मजबूत भागीदारी, विविध निवेश पोर्टफोलियो और सक्रिय मिडकैप बाजार ने भारत को वैश्विक शेयर बाजारों में एक खास स्थान दिलाया है. अमेरिका भले ही दुनिया का सबसे बड़ा कैपिटल मार्केट बना हुआ है, लेकिन भारत उसके बाद सबसे जीवंत बाजार के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जी न्यूज में सीनियर सब-एडिटर हैं और वर्तमान में बिजनेस व फाइनेंशियल न्यूज कवर करते हैं.  देश की राजनीति से लेकर दुनिया के बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों और घटनाओं को कवर कर चुके हैं  पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो UPTU से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है. उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले गौरव ने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की और पिछले 6 वर्षों से लगातार इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. आप गौरव सिंह से Gaurav.Singh@India.Com पर ईमेल के जरिए सीधे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES