)
India EU Trade Deal: साल 2026 की शुरुआत खाड़ी युद्ध के साथ हुई. कच्चे तेल के दामों ने अर्थव्यवस्था को गहरी चोट दी, लेकिन साल का अंत इकोनॉमी के लिए बूस्टर डोज साबित होने वाला है. भारत का व्यापार सीधे छलांग लगा सकता है. एक साथ 27 देशों के दरवाजे भारतीय निर्यात को बढ़ा देंगे. मुफ्त व्यापार एक्सपोर्ट को बढ़ाने के साथ-साथ भारतीय बाजार में सस्ते यूरोपीय सामानों की उपलब्धता बढ़ा देगा.
दरअसल साल 2026 के आखिरी में भारत-ईयू फ्री ट्रेड एग्रीमेंट लागू हो सकता है. इस फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से द्विपक्षीय संबंधों और अर्थव्यवस्था दोनों को बढ़ावा मिलेगा. जर्मनी के राज्य लोअर सैक्सनी के मुख्यमंत्री ओलाफ लीस की माने, तो भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौता दोनों देशों के कारोबारियों के लिए नए अवसर पैदा करेगा. भारतीय कंपनियों और यूरोप की कारोबारियों के बीच व्यावसायिक संबंधों को मजबूत करने में मदद करेगा.
उन्होंने कहा कि इस समझौते के बाद लोअर सैक्सनी और भारत की कंपनियों के बीच सीधे संपर्क बढ़ाना और भी महत्वपूर्ण हो जाएगा, खासकर निवेश, मुक्त व्यापार और कलपुर्जों के आदान-प्रदान के क्षेत्र में बढ़ोतरी होगी. उन्होंने कहा कि जर्मनी की कंपनियां भारत में निवेश करना चाहती हैं, वहीं भारतीय कंपनियां भी लोअर सैक्सनी में निवेश करने की इच्छुक हैं.
नवंबर के शुरुआत में भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) ने नई दिल्ली में सातवीं भारत-ईयू रणनीतिक साझेदारी समीक्षा बैठक की थी, जिसमें दोनों पक्षों ने अपनी रणनीतिक साझेदारी के सभी पहलुओं की समीक्षा की. अब इंतजार है कि कब मदर ऑफ ऑल डील कहलाने वाला भारत-ईयू ट्रेड डील पूरी होती है.