App

बस कंडक्टर का बेटा, ऑटो चलाया, पिज्जा हट में नौकरी की...फिर खड़ा किया ₹10964 करोड़ का साम्राज्य, जानिए डॉ. फारूक जी पटेल की पूरी कहानी

बस कंडक्टर के बेटे डॉ फारूक जी पटेल ने ₹1 लाख से कारोबार शुरू कर ऑटो चलाने और पिज्जा हट में नौकरी करने के बाद ₹10964 करोड़ के KP ग्रुप तक का सफर तय किया है.

बस कंडक्टर का बेटा, ऑटो चलाया, पिज्जा हट में नौकरी की...फिर खड़ा किया ₹10964 करोड़ का साम्राज्य, जानिए डॉ. फारूक जी पटेल की पूरी कहानी

Rags to Riches : कहते हैं ना जो कठिनाइयों का सामना करता है, वही असल में ताकतवर होता है. ये लाइन बस कंडक्टर के बेटे डॉ फारूक जी पटेल के जीवन पर बिलकुल सटीक बैठती हैं. कामयाबी के शिखर पर खड़े डॉ. फारूक जी पटेल की कहानी कुछ ऐसी ही है. पटेल ने अपना बिजनेस शुरू करने से पहले ऑप्टिकल शॉप में काम किया, ऑटो चलाया और पिज्जा हट में भी काम किया था. आज वे KP ग्रुप के सर्वेसर्वा हैं. वे बताते हैं कि कैसे सोच-समझकर लिए गए रिस्क और सही समय पर लिए गए फैसलों ने उनकी सफलता को जन्म दिया है.

क्या है डॉ. फारूक जी पटेल की कहानी?

एक दिन जब डॉ. फारूक जी पटेल के यहां ट्रक ड्राइवर और मजदूर नहीं आए, तो डॉ फारूक जी पटेल के पास दो रास्ते थे या तो वे अपने कस्टमर को देरी के बारे में बताते या फिर खुद काम करते. उन्होंने दूसरा रास्ता चुना. ये डिलीवरी हजीरा इंडस्ट्रियल एस्टेट के लिए थी. पटेल ने ट्रक चलाया, ईंटें पहुंचाई और फिर खुद उन्हें उतारने लगे. उन्होंने लगभग आधी रात तक काम किया. उनके कपड़े ईंट की धूल से लाल हो गए थे और ईंटें ढोने के कारण उनकी पीठ पर खरोंचें और चोटें आ गई थीं.

पटेल 'इंडिया टुडे डिजिटल' के साथ बातचीत में याद करते हुए बताते हैं कि मैंने हमेशा कमिटमेंट में विश्वास किया है. एक बार जब मैं कोई वादा कर देता हूं, तो उसे पूरा करना अपनी जिम्मेदारी मानता हूं. आज पटेल KP ग्रुप के फाउंडर चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं. उनकी तीन लिस्टेड कंपनियां KPI ग्रीन एनर्जी, KP एनर्जी और KP ग्रीन इंजीनियरिंग हैं. ग्रुप का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन अगस्त 2026 तक 10,964 करोड़ रुपये बताया गया है.

इन दो पड़ावों के बीच का सफर सिर्फ तरक्की की कहानी नहीं है. ये कहानी यह जानने की है कि कब अधिक मेहनत करनी है. कब पीछे हटना है और कब ऐसे इंडस्ट्री पर दांव लगाना है जो अभी अपनी जगह बना रही थी.

बस कंडक्टर से लेकर....

पटेल का जन्म 24 मार्च 1972 को गुजरात के भरूच जिले के सलाद्रा गांव में हुआ था. 1974 में, जब वे दो साल के थे. तो उनके पिता गुलाम पटेल का तबादला झगड़िया GSRTC डिपो से सूरत के अदाजन ST डिपो में हो गया था. उनका परिवार शहर आ गया और एक छोटे से किराए के घर में रहने लगा. उनके पिता एक किसान परिवार से थे और बस कंडक्टर का काम करते थे. पटेल कहते हैं कि बिना ज्यादा पैसे-कौड़ी के माहौल में बड़े होने की वजह से उन्हें कम उम्र में ही पैसे और काम की अहमियत समझ आ गई थी. वे कहते हैं, 'उस माहौल ने मुझमें पैसे के मामले में अनुशासन और ईमानदारी से कमाए गए हर रुपये के लिए सम्मान की भावना पैदा की.'

पटेल का सफर

12वीं क्लास के बाद पटेल ने कोई सीधा प्रोफेशनल रास्ता नहीं अपनाया. उन्होंने एक ऑप्टिकल शॉप में काम किया. ऑटो-रिक्शा चलाया और इम्पोर्ट-एक्सपोर्ट के कारोबार के बारे में सीखने के लिए मुंबई गए. उन्होंने 1990 में टेक्सटाइल इंजीनियरिंग की ट्रेनिंग भी ली, ड्रेस-मटीरियल की दुकान पर काम किया और एक छोटा रिटेल बिजनेस भी शुरू करके देखा. फिर जिंदगी में एक और बदलाव आया.

1991 में पटेल UK चले गए और पिज्जा हट में काम करने लगे. वहां वे बाद में टीम लीडर बने. उन्हें काम करने की एक अलग जगह और ज्यादा व्यवस्थित बिजनेस माहौल का अनुभव मिला. लेकिन, इस नौकरी से उन्हें यह भी साफ हो गया कि वे असल में क्या चाहते थे? वे कहते हैं, 'UK में काम करने से आर्थिक स्थिरता मिल सकती थी. लेकिन, इससे मेरा अपना कुछ बनाने और भारत की तरक्की में योगदान देने का बड़ा सपना पूरा नहीं होता.' वे 1993 में भारत लौट आए.

पहला बिजनेस और पहला एग्जिट

सूरत वापस आकर पटेल ने ढुलाई (कार्टिंग), मटीरियल हैंडलिंग और कंस्ट्रक्शन से जुड़े छोटे-मोटे काम शुरू किए. 1994 में उन्होंने फजल टॉवर, अदाजन पाटिया में एक छोटे से ऑफ़िस से उस कंपनी की नींव रखी जो आगे चलकर KP ग्रुप बनी. उनकी शुरुआती पूंजी लगभग 1 लाख रुपये थ. इस काम में गुजरात भर की इंडस्ट्रियल कंपनियों के लिए मटेरियल की ढुलाई और छोटे-मोटे कंस्ट्रक्शन के काम करना शामिल था. पटेल ऑपरेशन के हर हिस्से से जुड़े थे- चाहे ट्रक और ड्राइवर हों या कस्टमर, पेमेंट और डिलीवरी. जब हजीरा में डिलीवरी के लिए उनके ट्रक ड्राइवर और मजदूर नहीं आए, तो फारूक पटेल ने खुद ट्रक चलाया और ईंटें उतारीं. हजीरा में ईंटों वाली घटना उसी दौर की है. लेकिन, उन शुरुआती महीनों में एक और सबक मिला जो उतना ही अहम साबित हुआ.

6 से 8 महीनों के अंदर ही पटेल को एहसास हो गया कि बिजनेस मॉडल उस दिशा के हिसाब से नहीं था. जिसमें वह आगे बढ़ना चाहते थे. सिर्फ इसलिए काम जारी रखने के बजाय कि उन्होंने इसमें पहले ही समय और पैसा लगाया था. उन्होंने ट्रक और बिजनेस की संपत्तियां अपने पार्टनर को सौंप दीं और फोकस्ड कॉर्पोरेट कंपनी बनाने के लिए सूरत लौट आए. पहली बार एंटरप्रेन्योर बनने वाले व्यक्ति के लिए बिजनेस से पीछे हटना उसे शुरू करने से ज्यादा मुश्किल हो सकता है.

ट्रकों से टेलीकॉम टावर तक

अगला बड़ा अवसर भारत के तेजी से बढ़ते मोबाइल कम्युनिकेशन सेक्टर से आया. KP ग्रुप ने टेलीकॉम इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में कदम रखा और करीब 13 वर्षों तक देश के 16 राज्यों में मोबाइल टावर इंफ्रास्ट्रक्चर पर काम किया. पटेल ने साझा टावर मॉडल पर भी काम किया. इसमें अलग-अलग मोबाइल ऑपरेटरों के लिए अलग-अलग टावर बनाने के बजाय एक ही इंफ्रास्ट्रक्चर को कई ऑपरेटर इस्तेमाल कर सकते थे.

पटेल कहते हैं, 'मेरे कई दोस्तों और रिश्तेदारों ने मेरा मजाक उड़ाया और मेरा मजाक बनाते हुए कहा कि मैं सोलर में जाकर अपने भविष्य के साथ जुआ खेल रहा हूं.' पटेल के मुताबिक, सोलर कारोबार के शुरुआती दिन उनके करियर के सबसे मुश्किल दौर में से एक थे.

चुनौतियां सिर्फ कारोबारी फैसलों तक सीमित नहीं थीं. पटेल के मुताबिक, अनिश्चितता, वित्तीय दबाव और नए कारोबार को खड़ा करने की मुश्किलों ने उनकी निजी जिंदगी पर भी असर डाला. वे कहते हैं, 'इस बेहद मुश्किल दौर के दौरान मुझे गहरे मानसिक और भावनात्मक तनाव का सामना करना पड़ा और मैं डिप्रेशन के दौर से भी गुजरा.' उनके मुताबिक, इस समय आस्था, फोकस और लगातार प्रयास ने उन्हें कारोबार पर काम करते रहने में मदद की.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Gaurav Singh

Gaurav Singh

जी न्यूज में सीनियर सब-एडिटर हैं और वर्तमान में बिजनेस व फाइनेंशियल न्यूज कवर करते हैं.  देश की राजनीति से लेकर दुनिया के बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों और घटनाओं को कवर कर चुके हैं  पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो UPTU से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है. उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले गौरव ने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की और पिछले 6 वर्षों से लगातार इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. आप गौरव सिंह से Gaurav.Singh@India.Com पर ईमेल के जरिए सीधे जुड़ सकते हैं. 
Read More