ट्रेड डील का इंतजार हुआ लंबा? भारत समेत 16 देशों पर भारी टैरिफ लगाने की तैयारी में ट्रंप; क्या होगा असर?
भारत और चीन समेत 16 देशों पर अमेरिका फिर से भारी-भरकम टैरिफ लगाने की तैयारी कर रहा है. ट्रंप प्रशासन का आरोप है कि ये देश सरकारी सब्सिडी देकर अपने इंडस्ट्री को फायदा पहुंचा रहे हैं. यूएस के इस कदम के बाद भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर चल रही बातचीत पर क्या असर होगा?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप फिर से अपनी व्यापारिक नीतियों के जरिये दुनियाभर के मार्केट में हलचल मचाने की तैयारी में हैं. ट्रंप प्रशासन एक बार फिर से भारत और चीन समेत दुनियाभर के 16 देशों पर नए और भारी टैरिफ लगाने की प्लानिंग कर रहा है. अमेरिका की तरफ से आरोप लगाया जा रहा है कि ये देश अपने देश की कंपनियों को सरकारी सब्सिडी और आर्थिक मदद देकर इंटरनेशनल मार्केट में सस्ते सामान की बिक्री कर रहे हैं, इसका नुकसान अमेरिकी कंपनियों को हो रहा है. एक तरफ भारत और अमेरिका ट्रेड डील को अंतिम रूप देने की कोशिश कर रहे हैं. दूसरी तरफ इस तरह की खबर आने के बाद दोनों देशों के बीच होने जा रही ट्रेड डील फिर से लटक सकती है.
वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी प्रशासन पिछले कई महीने से दुनिया के प्रमुख देशों की तरफ से अपनी कंपनियों को दी जाने वाली इंडस्ट्रियल सब्सिडी की जांच कर रहा था. बताया जा रहा है कि अब यह जांच लगभग पूरी हो गई है. रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) जेमीसन ग्रीर इस हफ्ते जांच के नतीजों और नए टैरिफ का ऐलान कर सकते हैं. हालांकि, इस घोषणा की तारीख में कुछ बदलाव हो सकता है. इस प्रपोज्ड कार्रवाई के दायरे में भारत, चीन, जापान, साथ कोरिया और यूरोपीय यूनियन समेत 16 प्रमुख इकोनॉमी शामिल हैं. अमेरिका की तरफ से यह माना जा रहा है कि इन देशों से आने वाले प्रोडक्ट पर भारी इम्पोर्ट ड्यूटी लगाकर ही अमेरिकी मार्केट को बचाया जा सकता है.
यूरोप, ब्रिटेन, न्यूजीलैंड, ओमान....भारत के साथ कारोबार के लिए लाइन लगाए खड़े हैं बड़े-बड़े देश, 2026 में FTA की लगी झड़ी
मुकाबला नहीं कर पा रही अमेरिकी कंपनियां
ट्रंप प्रशासन का आरोप है कि भारत और चीन अपनी घरेलू जरूरत से ज्यादा इंडस्ट्रियल प्रोडक्ट की बिक्री कर रहे हैं. यहां की सरकार अपनी इंडस्ट्री को भारी सब्सिडी, सस्ता लोन और दूसरी तरह की मदद मुहैया कराती हैं. इससे कंपनियों की प्रोडक्शन कॉस्ट कम हो जाती है और कंपनियां ग्लोबल मार्केट में बेहद सस्ते दाम पर अपने माल की बिक्री कर पाती हैं. अमेरिका का यह भी कहना है कि इस कारण अमेरिकी कंपनियां बाजार में मुकाबला नहीं कर पातीं और इससे घरेलू मैन्युफैक्चरिंग कमजोर हो रही है. ट्रंप सरकार इस कॉम्पटीशन को रोकने के लिए नए टैरिफ को जरूरी बता रही है.
किन सामानों पर पड़ेगा असर?
वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार प्रपोज्ड टैरिफ का असर भारत और चीन समेत 16 देशों से अमेरिका को भेजे जोने वाले लगभग सभी सामान पर पड़ेगा. यह भी उम्मीद की जा रही है कि स्टील, एल्युमीनियम और ऑटोमोबाइल जैसे कुछ खास सेक्टर को इससे बाहर रखा जाए. इसका कारण यह है कि अमेरिका ने राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए इन सेक्टरों पर पहले से ही अलग से टैरिफ लगा रखा है. इसके बावजूद टेक्सटाइल, केमिकल, इंजीनियरिंग गुड्स और फार्मा सेक्टर से जुड़े इंडियन एक्सपोर्टर्स के लिए यह फैसला चिंता का कारण बन सकता है.
India-US Trade Deal: भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर कितनी बची है बात? कब मिल सकती है गुड न्यूज, वाणिज्य सचिव ने दिया बड़ा अपडेट
भारत पर कितना टैरिफ लगने की उम्मीद?
अभी नए टैरिफ को लेकर किसी तरह का फैसला नहीं हुआ है. लेकिन अमेरिकी अधिकारियों की तरफ से साफ इशारा दिया गया कि नई दरें 2025 में लगाए गए टैरिफ के आसपास हो सकती हैं. सभी देशों पर एक जैसा टैक्स नहीं लगाया जाएगा. जापान, साउथ कोरिया और यूरोपीय यूनियन ने ट्रंप प्रशासन के साथ पहले ही कुछ बातचीत कर ली हैं. ऐसे में उन पर 15 फीसदी या उससे भी कम टैरिफ लगाए जाने की उम्मीद है. चीन पर सबसे ज्यादा टैरिफ लगाया जा सकता है, क्योंकि अमेरिका यही मानता है कि चीन सबसे ज्यादा सब्सिडी देता है. भारत और वियतनाम की बात करें तो अमेरिका के साथ अलग-अलग व्यापारिक शर्तों के कारण दोनों देशों पर ज्यादा टैरिफ लगाया जा सकता है. ट्रंप प्रशासन ऐसा नियम भी बनाने के बारे में सोच रहा है, जिसके तहत यदि कोई देश आने वाले समय में अपनी पॉलिसी में बदलाव करता है तो उस पर टैरिफ को बढ़ाया जा सके.
भारत के साथ अटक जाएगी ट्रेड डील?
अमेरिका की तरफ से जिस कदम को उठाए जाने की उम्मीद की जा रही है, उससे दोनों देशों के बीच ट्रेड डील को लेकर चल रही बातचीत फिर से लटक सकती है. दोनों देशों की तरफ से 7 फरवरी 2026 को एक इंटरिम बिजनेस फ्रेमवर्क का ऐलान किया गया था. इस समझौते के तहत अमेरिका भारतीय प्रोडक्ट पर लगने वाले रेसिप्रोकल टैरिफ को 25 से घटाकर 18 फीसदी करने पर राजी हुआ था. इसके साथ ही रूस से क्रूड ऑयल खरीदने के कारण भारत पर लगाया गया 25 प्रतिशत का एक्स्ट्रा पेनल्टी टैरिफ भी वापस लेने की बात हुई थी. लेकिन फरवरी के अंत में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप के पुराने टैरिफ को रद्द कर दिया था. सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अमेरिका को अपनी टैरिफ पॉलिसी बदलनी पड़ी. कॉमर्स सेक्रेटरी राजेश अग्रवाल ने फिक्की के एक कार्यक्रम के दौरान इस देरी का कारण बताया था.
आने वाले समय में क्या होगा?
वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के बाद दुनियाभर की नजरें अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि के ऑफिशियल ऐलान पर टिकी हैं. यदि अमेरिका भारत पर भारी टैरिफ लगाता है तो इसका सीधा असर भारतीय निर्यातकों के प्रॉफिट और दोनों देशों के व्यापारिक रिश्तों पर पड़ेगा. आने वाले दिनों में यह देखना होगा कि भारत सरकार नए टैरिफ संकट से निपटने के लिए वाशिंगटन के साथ किस तरह की कूटनीतिक और व्यापारिक रणनीति को अपनाती है.