)
Crude Oil Price: इंटरनेशनल मार्केट में क्रूड ऑयल (Crude Oil) के दाम में एक बार फिर से तेजी देखी जा रही है. ट्रेडर्स की तरफ से इस समय दो बड़े और अहम कारणों पर पैनी नजर बनाकर रखी गई है. इसमें एक तरफ यमन के हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच लगातार बढ़ रहा संघर्ष है. दूसरी तरफ रूस से डीजल की बढ़ती सप्लाई है. इन जियो-पॉलिटिकल उथल-पुथल के बीच उथल ग्लोबल एनर्जी मार्केट में काफी असमंजस वाला माहौल बना हुआ है. अब जब क्रूड ऑयल फिर से चढ़कर 107 डॉलर के करीब पहुंच गया है तो यह आशंका जताई जा रही है कि देश की सरकारी तेल कंपनियां फिर से पेट्रोल-डीजल के दाम में इजाफा कर सकती हैं.
देश की प्राइवेट तेल कंपनियों की तरफ से पहले ही पेट्रोल 5 रुपये और डीजल 3 रुपये लीटर महंगा कर दिया गया है. बुधवार के कारोबारी सत्र के दौरान सुबह से ही क्रूड ऑयल के दाम में उछाल देखने को मिल रहा है. ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 89 सेंट की तेजी के साथ चढ़कर 106.58 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. इसके अलावा अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट यानी WTI क्रूड फ्यूचर्स 80 सेंट की तेजी के साथ 94.94 डॉलर पर ट्रेड करता नजर आया. हालांकि, जानकारों का यह भी कहना है कि रूस से आने वाले डीजल के कारण क्रूड ऑयल के दाम में बहुत ज्यादा तेजी आने की उम्मीद नहीं है.
सऊदी अरब की सरकारी तेल कंपनी सऊदी अरामको के धहरान स्थित एडमिनिस्ट्रेटिव बिल्डिंग पर हूती विद्रोहियों की तरफ से हमला कर दिया गया. इसमें वहां आग लग गई. हालांकि, आग के बढ़ने से पहले ही इस पर काबू पा लिया गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. पिछले कुछ हफ्तों से हूती विद्रोही लगातार सऊदी अरब पर बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन से हमले कर रहे हैं. सऊदी की तरफ से समर्थन के जवाब में हो रहे हमलों और रियाद के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुई स्ट्राइक ने ग्लोबल सप्लाई चेन को लेकर चिंता को और बढ़ा दिया है.
बाजार से जुड़े जानकारों का कहना है कि रूस से डीजल का एक्सपोर्ट बढ़ने से ग्लोबल मार्केट में सप्लाई की तंगी कुछ कम होगी. इससे क्रूड ऑयल की कीमत पर लगाम लगी रहेगी और दाम काबू में रहेंगे. ओपेक और उसके सहयोगी ग्रुप OPEC+ ने भी प्रोडक्शन में बढ़ोतरी के संकेत दिए हैं. हालांकि, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में ईरान की नई पॉलिसी और अमेरिका के मिडटर्म इलेक्शन के बीच तेल बाजार पर तनाव के बादल अभी भी मंडरा रहे हैं.
इंटरनेशनल मार्केट में क्रूड ऑयल (Crude Oil) की लगातार बढ़ती कीमत और रिफाइनिंग कॉस्ट के चलते देश की प्राइवेट तेल कंपनियों ने तेल की कीमत में इजाफा कर दिया है. नायरा एनर्जी (Nayara Energy) और जियो-बीपी (Jio-BP) ने अपने आउटलेट्स पर पेट्रोल-डीजल के रेट में इजाफा कर दिया है. नायरा एनर्जी ने पेट्रोल 5 रुपये लीटर और डीजल 3 रुपये लीटर महंगा कर दिया है. ग्लोबल मार्केट में क्रूड ऑयल की लागत बढ़ने के कारण प्राइवेट रिटेलर्स को घाटा उठाना पड़ रहा था. हालांकि, इंडियन ऑयल, बीपीसीएल और एचपीसीएल जैसी सरकारी तेल कंपनियों ने फिलहाल दाम में किसी तरह का बदलाव नहीं किया है.