समंदर की लहरों पर छुट्टियों का नया ठिकाना! मुंबई पहुंचा Cordelia Sky, 2400 से ज्यादा यात्री कर सकेंगे सफर
Cordelia Sky के साथ बिल्कुल अलग अंदाज में छुट्टियां मना सकते हैं. मुंबई में कॉर्डेलिया क्रूज का दूसरा जहाज पहुंच चुका है. इसमें 2,400 से ज्यादा यात्रियों के लिए लग्जरी सुविधाएं हैं.
भारत की क्रूज इंडस्ट्री के लिए एक नया अध्याय शुरू हुआ है. ये देश के क्रूज टूरिज्म सेक्टर के एक्सपैंशन की दिशा में एक अहम कदम है. कॉर्डेलिया क्रूज के बेड़े का दूसरा जहाज 'कोर्डेलिया स्काई' मुंबई पहुंच गया है. कंपनी के मुताबिक, इस जहाज के आने से क्षमता बढ़ेगी, यात्रियों को क्रूज यात्रा के ज्यादा ऑप्शन मिलेंगे और भारत में क्रूज टूरिज्म को बढ़ावा देने में मजबूती मिलेगी.
'कोर्डेलिया स्काई' की एंट्री, कंपनी द्वारा भारत में अपना कामकाज शुरू करने के लगभग 5 साल बाद हुई है. कंपनी ने पहले अपने पहले जहाज 'कॉर्डेलिया एम्प्रेस' के साथ भारतीय बाजार में प्रवेश किया था. इस दूसरे जहाज के जुड़ने से कंपनी अपने कामकाज को बढ़ाने के प्रोजेक्ट्स पर आगे बढ़ रही है.
2,400 से अधिक यात्रियों की क्षमता
कॉर्डेलिया क्रूज की फैक्ट शीट के मुताबिक, 'कॉर्डेलिया स्काई' में एक बार में लगभग 2,404 यात्री यात्रा कर सकते हैं. इस जहाज में 12 डेक हैं और इसकी लंबाई लगभग 848 फीट है. इसका ग्रॉस टनेज 77,104 है. ये इसके आकार और कैपिसिटी को दर्शाता है. खाने-पीने के लिए जहाज पर 10 जगहें हैं, जबकि मनोरंजन के लिए 11 बार और लाउंज उपलब्ध हैं. खाने के विकल्पों में क्षेत्रीय भारतीय व्यंजनों से लेकर इटैलियन और जापानी व्यंजन शामिल हैं. इसके अलावा, यात्रियों के लिए बुफे रेस्तरां, कैफे और समुद्र के नजारे के साथ भोजन करने की सर्विस भी हैं.
मनोरंजन के भरपूर ऑप्शन
'कॉर्डेलिया स्काई' यात्रियों के मनोरंजन और आराम पर बहुत जोर दे रहा है. इस जहाज में दो स्विमिंग पूल, 5हॉट टब और 30,000 वर्ग फीट से अधिक डेक स्पेस है. इसमें लाइव शो और इवेंट्स के लिए 930 सीटों वाला मार्की थिएटर भी है. साथ ही, यात्रियों के लिए स्पोर्ट्स कोर्ट, पिकलबॉल सर्विस, फिटनेस सेंटर, स्पा और सैलून, गेमिंग लाउंज और बच्चो के लिए खास जगहें जैसी सर्विस भी मौजूद हैं. अलग-अलग जरूरतों के हिसाब से कई तरह के रहने के ऑप्शन उपलब्ध हैं. इनमें सुइट और मिनी-सुइट से लेकर समुद्र के नजारे वाले और अंदरूनी केबिन (स्टेटरूम) शामिल हैं. कॉर्डेलिया क्रूज की पैरेंट कंपनी घाटे से मुनाफे में आई है.
घाटे से मुनाफे में आई कंपनी
सितंबर तिमाही में क्रूज ट्रैवल कंपनी 'वॉटरवेज लीजर टूरिज्म प्राइवेट लिमिटेड' के लिए सबसे बड़ा बदलाव मुनाफे के मामले में देखने को मिला है. पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी को ₹8.9 करोड़ का कुल घाटा हुआ था. वहीं, अब उसने ₹58.5 करोड़ का मुनाफा कमाया है. रेवेन्यू पिछले साल के ₹101.5 करोड़ से बढ़कर ₹132.9 करोड़ हो गया. ये साल-दर-साल लगभग 31% की बढ़ोतरी है. वॉटरवेज लीजर के बिजनेस ऑपरेशन्स में कोर्डेलिया क्रूज की अहम भूमिका है.