कल बैंक खुले रहेंगे या बंद? छठ पूजा पर क्या है अपडेट, इन शहरों में नहीं होगा कामकाज
उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही छठ पर्व का समापन हो जाएगा. 16 नवंबर को इस मौके पर किन-किन शहरों में बैंक बंद रहेंगे? इसके साथ ही आप नवंबर के महीने की दूसरी छुट्टियों की लिस्ट भी चेक कर लीजिए.
अगर आप भी 16 नवंबर (सोमवार) को बैंक से रिलेटिड किसी काम का प्लान कर रहे हैं तो अपको यह पता होना जरूरी है कि बैंक कल खुलेंगे या नहीं. हो सकता है इस दिन आपके घर के पास वाली ब्रांच बंद हो और उसके काम ही न हो . 16 नवंबर को देशभर में कई जगह छठ पर्व के मौके पर अवकाश की घोषणा की गई है. चार दिन तक चलने वाले इस महापर्व का समापन 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ हो रहा है. ऐसे में हर किसी के मन में यही सवाल है कि क्या 16 नवंबर को बैंक बंद रहेंगे या इस दिन बैंकों में काम होगा? अगर आपके भी चेक जमा करने, पासबुक अपडेट कराने या कैश से जुड़े जरूरी काम अटके हुए हैं तो घर से निकलने से पहले आरबीआई की लिस्ट जरूर चेक कर लें.
आरबीआई के हॉलिडे कैलेंडर के अनुसार छठ के मौके पर 16 नवंबर को देशभर में बैंक बंद नहीं रहेंगे. यह छुट्टी केवल उन राज्यों और शहरों में लागू हेागी, जहां छठ पर्व को बड़े लेवल पर मनाया जाता है. आरबीआई की लिस्ट के अनुसार 16 नवंबर को पटना और रांची में सभी सरकारी और प्राइवेट बैंक बंद रहेंगे. दूसरी तरफ देश की मेट्रो सिटी नई दिल्ली, मुंबई और कोलकाता में आम दिनों की तरह कामकाज होगा. यहां पर रहने वाले अपनी नजदीकी ब्रांच जाकर काम पूरा कर सकते हैं. इस साल छठ पूजा की शुरुआत 13 नवंबर से हुई थी. पहले दिन नहाय-खाय, 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को डूबते सूर्य को अर्घ्य देना और 16 को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर इस पर्व का समापन हो रहा है.
नवंबर में किस-किस दिन बंद रहेंगे बैंक
छठ पूजा के बाद भी नवंबर में छुट्टियों का सिलसिला थमने वाला नहीं है. देश के अलग-अलग हिस्सों में स्थानीय त्योहारों और जयंती के चलते कई दिन बैंक बंद रहने वाले हैं.
- 20 नवंबर: इस दिन उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सभी बैंक बंद रहेंगे. यहां पारंपरिक त्योहार इगास-बग्वाल के चलते बैंकों की छुट्टी घोषित की गई है.
- 23 नवंबर: मेघालय की राजधानी शिलांग में इस दिन बैंक नहीं खुलेंगे. यहां सेंग कुट स्नेम पर्व के कारण बैंकों में अवकाश रहेगा.
- 24 नवंबर: गुरु नानक जयंती, कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर देश के ज्यादातर शहरों में बैंक बंद रहेंगे. इस दिन आइजोल, बेलापुर, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, देहरादून, हैदराबाद, ईटानगर, जयपुर, जम्मू, कानपुर, कोहिमा, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, नई दिल्ली, रायपुर, रांची, शिमला और श्रीनगर में बैंक की शाखाओं में कामकाज नहीं होगा.
- 27 नवंबर: महीने के आखिरी शुक्रवार को कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में बैंकों का अवकाश रहेगा. यहां कनकदास जयंती के मौके पर छुट्टी रहेगी.
वीकेंड वाली छुट्टियों का रखें ध्यान
त्योहारों के अलावा प्रत्येक संडे और हर महीने के दूसरे व चौथे शनिवार को भी पूरे देश में बैंक बंद रहेंगे. नवंबर 2026 में रविवार की छुट्टियां 1, 8, 15, 22 और 29 तारीख को पड़ रही हैं. 15 नवंबर को रविवार होने के कारण पहले ही देश भर में बैंक बंद थे. 14 नवंबर को महीने का दूसरा शनिवार होने के कारण बैंक नहीं खुले थे. अब महीने का चौथा शनिवार 28 नवंबर को पड़ रहा है. इस दिन पूरे भारत में बैंकों की छुट्टी रहेगी.