App

महंगे iPhone ने बिगाड़ा दिवाली का मूड! दशहरे पर 30% तक गिरी बिक्री, 2026 में शिपमेंट घटने का अनुमान

दशहरे के आस-पास भारत में iPhone की बिक्री में 30% तक गिरावट आई है. महंगी कीमतों, त्योहारी ऑफर्स की कमी और ग्राहकों की सतर्कता के चलते दिवाली पर भी मांग कमजोर रहने की आशंका है.

महंगे iPhone ने बिगाड़ा दिवाली का मूड! दशहरे पर 30% तक गिरी बिक्री, 2026 में शिपमेंट घटने का अनुमान
Image Credit: 2026 में iPhone शिपमेंट में डबल डिजिट की गिरावट का अनुमान है. X/iphone

iphone Sales : भारत में एप्पल का जबरदस्त क्रेज है. लेकिन, दशहरा के आस-पास एप्पल के आईफोन की बिक्री में 30% तक की गिरावट आई है. रिटेलर्स को उम्मीद है कि दिवाली के दौरान भी डिमांड कम ही रहेगी, क्योंकि ऊंची कीमतें, कम प्रमोशनल ऑफर और ग्राहकों की सतर्कता के कारण लोग खरीदारी करने से बच रहे हैं.

भारत में आईफोन की शिपमेंट 2025 के रिकॉर्ड 14.3 मिलियन यूनिट्स से घटकर 2026 में डबल डिजिट से कम होने की उम्मीद है. इसमें साल की दूसरी छमाही में यह गिरावट ज्यादा देखने को मिल सकती है. ये सुस्ती तब आई है जब आईफोन 18 प्रो सीरीज और नया आईफोन डुओ लॉन्च किए गए हैं.

 कीमतें बढ़ने से ग्राहक अधिक सतर्क हुए 

रिटेलर्स का कहना है कि पुराने और नए दोनों तरह के मॉडल्स की कीमतें बढ़ने से ग्राहक अधिक सतर्क हो गए हैं. साथ ही, लोग अब अपने फोन को लंबे समय तक इस्तेमाल कर रहे हैं. इससे नई खरीदारी में देरी हो रही है. इंटरनेशनल डेटा कॉरपोरेशन (IDC) की एनालिस्ट उपासना जोशी ने कहा, 'रिटेलर्स से मिल रहे फीडबैक से पता चलता है कि बिक्री धीमी है, जो कि कीमतों में बढ़ोतरी और त्योहारी ऑफर्स की कमी के अनुरूप है. हमें उम्मीद है कि इस साल पूरे बाजार में त्योहारी डिमांड कम रहेगी.'

रिपोर्ट में ओम्डिया (Omdia) के एनालिस्ट संयम चौरसिया के हवाले से कहा गया है कि पुराने मॉडल्स और आईफोन 18 प्रो सीरीज की ऊंची कीमतों का असर मांग पर पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि सितंबर में नए 'बेस' आईफोन 18 के लॉन्च न होने से भी त्योहारी बिक्री की रफ्तार पर असर पड़ा है. ऐसे में डिमांड चौथी तिमाही से खिसककर 2027 की पहली तिमाही में जा सकती है.

रिटेलर्स के पास जमा हो गया है स्टॉक

त्योहारी सीजन में अच्छी बिक्री की उम्मीद में रिटेलर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स ने पहले ही काफी स्टॉक जमा कर लिया था. लेकिन, बिक्री कमजोर रहने के कारण डिस्ट्रीब्यूशन चैनलों में काफी स्टॉक (खासकर पुराने आईफोन मॉडल्स-जैसे आईफोन 15, 16 और 17 सीरीज) बच गया है.

आईफोन की कम डिमांड सबसे बड़ी चिंता का विषय

कुछ रिटेलर्स को करेंसी में उतार-चढ़ाव और आयात से जुड़ी चुनौतियों का भी सामना करना पड़ा है. नुकसान से बचने के लिए कई व्यापारी अपना स्टॉक बेचने से बच रहे हैं. हालांकि, रिटेलर्स का कहना है कि ग्राहकों की कम डिमांड ही सबसे बड़ी चिंता का विषय है. रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ फाइनेंसिंग और डिस्काउंट स्कीमों को हटा लेने से भी पुराने मॉडल्स की बिक्री पर असर पड़ा है. इस साल दिवाली देर से होने के कारण त्योहारी खरीदारी का कुछ हिस्सा अक्टूबर में शिफ्ट हो गया है, इसलिए पूरे सीजन के प्रदर्शन का सही अंदाजा लगाना अभी जल्दबाजी होगी.

आईफोन डुओ की सप्लाई में कमी

पुराने मॉडलों की मांग कम हो गई है, जबकि आईफोन 18 प्रो और प्रो मैक्स की सप्लाई में कमी देखी जा रही है. ग्राहकों की दिलचस्पी के बावजूद नया आईफोन डुओ बाजार में बहुत कम मात्रा में उपलब्ध है. रिटेलर्स का अनुमान है कि शुरुआत में डुओ की बिक्री के लिए केवल 6,000-7,000 यूनिट ही उपलब्ध कराई गईं हैं. कुछ रिटेलर्स ने बताया कि उन्हें 100 यूनिट के ऑर्डर की उम्मीद थी, लेकिन मिलीं केवल 5 से 7 यूनिट. वहीं, ग्राहक इस डिवाइस को पाने के लिए 25,000 रुपये से लेकर 1 लाख रुपये तक का एक्स्ट्रा प्रीमियम देने को भी तैयार थे.

भारत में आईफोन डुओ की शुरुआती कीमत 2,99,900 रुपये है, जबकि अमेरिका में टैक्स से पहले इसकी कीमत 1,999 डॉलर है.

'ऑल इंडिया मोबाइल रिटेलर्स एसोसिएशन' (AIMRA),  (1.5 लाख से अधिक मोबाइल रिटेलर्स का प्रतिनिधित्व करता है) ने बताया कि दुकानों पर डुओ के डेमो यूनिट तो भेजे गए, लेकिन बिक्री के लिए स्टॉक बहुत कम था. एसोसिएशन ने ये भी आरोप लगाया कि नए डिवाइस पाने के लिए डिस्ट्रीब्यूटर्स रिटेलर्स पर पुराने आईफोन मॉडल खरीदने का दबाव डाल रहे हैं. उन्होंने एप्पल इंडिया से 'मिस्ट्री ऑडिट' (गुप्त जांच) कराने की मांग की है.

प्रीमियम मार्केट में एप्पल की मजबूत पकड़ बरकरार

त्योहारी सीजन में बिक्री सुस्त रहने के बावजूद भारत के प्रीमियम स्मार्टफोन बाजार में एप्पल की स्थिति मजबूत बनी हुई है. IDC के अनुसार, जून तिमाही में भारतीय स्मार्टफोन बाजार में वैल्यू के हिसाब से एप्पल की हिस्सेदारी 27% थी. हालांकि, ऊंची कीमतों के कारण अब ऐसे ग्राहकों की संख्या कम हो रही है जो इन डिवाइस को खरीद सकते हैं. इसके अलावा, पुराने आईफोन अभी भी अच्छा काम कर रहे हैं. इससे ग्राहक अपना फोन बदलने (रिप्लेसमेंट) में देरी कर रहे हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Gaurav Singh

Gaurav Singh

जी न्यूज में सीनियर सब-एडिटर हैं और वर्तमान में बिजनेस व फाइनेंशियल न्यूज कवर करते हैं.  देश की राजनीति से लेकर दुनिया के बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों और घटनाओं को कवर कर चुके हैं  पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो UPTU से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है. उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले गौरव ने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की और पिछले 6 वर्षों से लगातार इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. आप गौरव सिंह से Gaurav.Singh@India.Com पर ईमेल के जरिए सीधे जुड़ सकते हैं. 
Read More