App

8th Pay Commission: मुंबई दौरे की तारीख तय, बेंगलुरु में जल्द होगी बैठक, जानें फिटमेंट फैक्टर और सैलरी हाइक पर क्या है अपडेट?

8वें वेतन आयोग की परामर्श प्रक्रिया जारी है. इसमें मुंबई और बेंगलुरु समेत विभिन्न शहरों में शेयर होल्डर्स से सुझाव लिए जा रहे हैं, जबकि वेतन, पेंशन या फिटमेंट फैक्टर पर अभी कोई अंतिम घोषणा नहीं हुई है.

8th Pay Commission: मुंबई दौरे की तारीख तय, बेंगलुरु में जल्द होगी बैठक, जानें फिटमेंट फैक्टर और सैलरी हाइक पर क्या है अपडेट?

8th Pay Commission Latest Updates: केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स से जुड़े मामलों पर 8वें केंद्रीय वेतन आयोग की परामर्श प्रक्रिया लगातार जारी है. आयोग कर्मचारी संगठनों, पेंशनर एसोसिएशनों, यूनियनों और अन्य संबंधित पक्षों से बातचीत कर रहा है. इसी कड़ी में आयोग ने मुंबई और बेंगलुरु के दौरे समेत कई महत्वपूर्ण अपडेट जारी किए हैं. आयोग की ओर से जारी लेटेस्ट इनफार्मेशन में मुंबई और बेंगलुरु में होने वाली बैठकों के अलावा कंसल्टेंट नियुक्ति संबंधी दिशा-निर्देशों में बदलाव और जयपुर और चंडीगढ़ से जुड़े पुराने परामर्श कार्यक्रमों की जानकारी शामिल है.

मुंबई में 22-23 अक्टूबर को होगा आयोग का दौरा

8वें वेतन आयोग का मुंबई दौरा 22 और 23 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित है. इस दौरान कर्मचारी यूनियन, प्रतिनिधि संगठन, पेंशनर एसोसिएशन, फेडरेशन और अन्य शेयर होल्डर आयोग के साथ बातचीत के लिए अपॉइंटमेंट का अनुरोध कर सकते हैं. मुंबई दौरे के लिए अपॉइंटमेंट आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 10 अक्टूबर 2026 है. इस बैठक का स्थान और पूरा कार्यक्रम बाद में जारी किया जाएगा.

7-8 अक्टूबर को बेंगलुरु में बैठक

आयोग का बेंगलुरु दौरा 7 और 8 अक्टूबर 2026 को निर्धारित है. इस दौरे के लिए एलिजिबल शेयर होल्डर्स को आयोग से बातचीत के लिए अपॉइंटमेंट लेने का अवसर दिया गया था. बेंगलुरु दौरे के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 18 सितंबर 2026 थी, जो अब बीत चुकी है. बता दें, ये बैठक भी आयोग की स्टेकहोल्डर कंसल्टेशन प्रक्रिया का हिस्सा है. इसे वेतन या पेंशन में किसी अंतिम बदलाव के फैसले के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए.

कंसल्टेंट नियुक्ति के नियमों में बदलाव

11 अगस्त 2026 को 8वें वेतन आयोग ने कंसल्टेंट की नियुक्ति से जुड़े दिशा-निर्देशों में आंशिक संशोधन जारी किया था. ये बदलाव आयोग की प्रशासनिक और कंसल्टेंट एंगेजमेंट प्रक्रिया से संबंधित है. इसका केंद्रीय कर्मचारियों के वेतन, भत्ते, फिटमेंट फैक्टर या पेंशन में किसी बदलाव की घोषणा से सीधा संबंध नहीं है.

चंडीगढ़ दौरा भी रहा कंसल्टेशन का हिस्सा

28 जुलाई 2026 के नोटिस के मुताबिक, आयोग का चंडीगढ़ दौरा 16 से 18 सितंबर 2026 के बीच निर्धारित था. शेयर होल्डर्स को बातचीत के लिए अपॉइंटमेंट अनुरोध जमा करने की अंतिम तारीख 25 अगस्त दी गई थी. चंडीगढ़ दौरा भी आयोग की विभिन्न शेयर होल्डर के साथ जारी व्यापक परामर्श प्रक्रिया का हिस्सा रहा है.

सैलरी और फिटमेंट फैक्टर पर क्या है अपडेट?

केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स की नजरें 8वें वेतन आयोग के तहत संभावित वेतन ग्रोथ, न्यूनतम बेसिक पे और फिटमेंट फैक्टर पर बनी हुई हैं. हालांकि, ताजा नोटिसों में फिटमेंट फैक्टर, न्यूनतम बेसिक सैलरी या अंतिम सैलरी हाइक को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. कर्मचारी संगठनों की ओर से रखी जाने वाली मांगों और आयोग की अंतिम सिफारिशों में अंतर करना जरूरी है. आयोग अपनी सिफारिशें तैयार करेगा, इसके बाद सरकार उन पर निर्णय लेगी.

क्या है 8वां वेतन आयोग ?

8वां केंद्रीय वेतन आयोग केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनर्स के वेतन, भत्ते, पेंशन और अन्य सेवा संबंधी लाभों की समीक्षा कर अपनी सिफारिशें देने के लिए गठित किया गया है. आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को किया गया था. इसकी अध्यक्षता जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई कर रही हैं. आयोग में पुलक घोष सदस्य और पंकज जैन सदस्य-सचिव हैं. फिलहाल आयोग अलग-अलग शेयर होल्डर्स से सुझाव ले रहा है और इसी प्रक्रिया के तहत अलग-अलग शहरों में बैठकें आयोजित की जा रही हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Gaurav Singh

Gaurav Singh

जी न्यूज में सीनियर सब-एडिटर हैं और वर्तमान में बिजनेस व फाइनेंशियल न्यूज कवर करते हैं.  देश की राजनीति से लेकर दुनिया के बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों और घटनाओं को कवर कर चुके हैं  पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो UPTU से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है. उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले गौरव ने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की और पिछले 6 वर्षों से लगातार इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. आप गौरव सिंह से Gaurav.Singh@India.Com पर ईमेल के जरिए सीधे जुड़ सकते हैं. 
Read More