बगहा में बाघ का खौफनाक हमला: चारा काटने गई महिला को जबड़े में दबाकर घसीटा, मौके पर ही दर्दनाक मौत
बगहा में सिरिसिया के मस्जिदिया सरेह में चारा लाने गई महिला पर बाघ ने हमला कर दिया. इस हमले में महिला की मौके पर मौत हो गई. वहीं, इस घटना के बाद से पटखौली के बरवल मंझरिया में बाघिन की चहलकदमी से ग्रामीण में दहशत हैं.
बगहा के एक गांव से सटे सरेह में चारा लाने गई महिला पर बाघ ने हमला कर दिया है. वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से भटके बाघ के हमले में महिला की दर्दनाक मौत हो गई है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. वहीं, मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई.
दरअसल, वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के मदनपुर वन क्षेत्र स्थित सिरिसिया के पचरुखा मस्जिदिया सरेह में बाघ की चहलकदमी के बाद खेत में सोहनी कर चारा काट रही महिला पर एकाएक बाघ ने हमला कर दिया. खास बात यह है कि महिला को जबड़े में पकड़कर बाघ घसीट ले गया, लिहाजा उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
जानकारी के मुताबिक, नौरंगिया थाना क्षेत्र के सिरिसिया पचरुखा मस्जिदिया सरेह में सलमा खातून नाम की महिला चारा लाने गई थी. इसी दौरान घात लगाए बैठे बाघ ने महिला पर हमला कर दिया. बाघ के हमले में महिला की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है. लिहाजा, बाघ के हमले के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल है. यही वजह है कि लोग वन विभाग से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और बाघ की निगरानी बढ़ाने की मांग कर रहे हैं.
बताया जा रहा है कि टाइगर अटैक की इस घटना की सूचना मिलते ही मदनपुर रेंजर नसीम अहमद अंसारी मौके पर पहुंचे. वन विभाग की टीम ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है. साथ ही पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया भी जारी है. खुद इस घटना की पुष्टि करते हुए रेंजर नसीम अहमद ने मुआवजा दिलाने के साथ ही सतर्कता की अपील की है.
उधर, पटखौली थाना क्षेत्र के बरवल मंझरिया इलाके में भी बाघिन की चहलकदमी से ग्रामीणों में दहशत है. दावा किया जा रहा है कि लगातार वन्यजीवों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग की टीम निगरानी में जुटी है. वन विभाग प्रशासन ने ग्रामीणों से सरेह और जंगल से सटे इलाकों में सतर्क रहने की अपील की है.
बता दें कि इन दिनों बंगाल के बक्सा टाइगर रिजर्व में एक बाघिन भेजने की कवायद तेज है, जिसके लिए सुंदरवन, बक्सा टाइगर रिजर्व और VTR समेत NTCA की संयुक्त टीम बाघिन का चयन करने समेत उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ने में जुटी है. ऐसे में लगातार यहां हो रहे टाइगर और टाइग्रेस मूवमेंट ने वनवर्ती इलाके के लोगों के लिए नई मुसीबत खड़ी कर दी है. हालांकि, वन विभाग की ओर से कोई भी वन्यजीव दिखने या उनकी चहलकदमी होने पर तत्काल VTR प्रशासन को सूचना देने की अपील की जा रही है, जिसके तहत बीते कुछ दिनों से माइकिंग करवाकर लोगों को सतर्क करने में भी वन विभाग की अलग-अलग टीमें जुटी हुई हैं. इसके बावजूद मानव और वन्यजीव संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है.
रिपोर्ट: इमरान अजीज