)
बेतिया में बाढ़ की विभीषिका के बीच जिला प्रशासन की मानवीय पहल सामने आई है. नौतन के मंगलपुर में बाढ़ पीड़ितों के लिए स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया है. मेडिकल टीम तटबंधों पर शरण लिए पीड़ितों का इलाज कर रही है और उन्हें तत्काल दवाएं मुहैया कराई जा रही हैं. गर्भवती महिलाओं को आयरन की गोलियां बांटी जा रही हैं. बुखार, पेट दर्द समेत अन्य आवश्यक दवाओं का वितरण डॉक्टरी जांच के बाद किया जा रहा है.
वहीं, बुजुर्गों को बीपी की दवाओं के साथ टॉनिक का वितरण किया जा रहा है. मंगलपुर, शिवराजपुर और फुलियाखाड़ जैसे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में डॉक्टरों की टीम लगातार भ्रमण कर रही है और मरीजों को इलाज के बाद दवाएं दे रही है. बाढ़ प्रभावित गांवों में 3-3 एम्बुलेंस तैनात की गई हैं, ताकि किसी भी मरीज की स्थिति बिगड़ने पर उसे फौरन जीएमसीएच भेजा जा सके.
डॉक्टर ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश पर मेडिकल टीम बाढ़ प्रभावित इलाकों में तैनात है. दवाओं के साथ-साथ एम्बुलेंस भी उपलब्ध रखी गई है, ताकि बाढ़ पीड़ितों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो. बाढ़ पीड़ितों ने बताया कि जिला प्रशासन ने उनके बीच मेडिकल टीम तैनात की है, जहां इलाज के बाद दवाएं मिल रही हैं. इसके लिए उन्होंने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया है.
बाढ़ के पानी से सड़क ध्वस्त, दर्जनों गांवों का संपर्क टूटा
नौतन के भारती तेलुआ टोला में सड़क संपर्क टूट गया है, जिससे दर्जनों गांवों का आवागमन ठप हो गया है. भारती तेलुआ टोला में पक्की सड़क बाढ़ के पानी से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है. लगभग 7 फीट चौड़ी सड़क टूट गई है और उसमें से पानी का तेज़ प्रवाह हो रहा है.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) को कल वीडियो कॉलिंग के जरिए इस सड़क की स्थिति दिखाई गई थी, लेकिन कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा. अधिकारियों ने एक घंटे में आने का आश्वासन दिया था, लेकिन वे नहीं आए. दर्जनों गांवों की लाइफलाइन मानी जाने वाली यह सड़क ध्वस्त हो चुकी है, पर अधिकारियों की बेरुखी की वजह से अभी तक सड़क की मरम्मत नहीं हो सकी है.
पुजहा पटिजिरवा में बाढ़ के पानी से पुल ध्वस्त, आवागमन पूरी तरह बाधित
बैरिया प्रखंड के पुजहा पटिजिरवा-बेतिया मुख्य मार्ग का पुल ध्वस्त हो गया है. सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे आवागमन ठप हो गया है. बाढ़ के पानी से लगभग 30 से 40 फीट चौड़ी सड़क और पुल क्षतिग्रस्त हुआ है. जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि छोटेलाल चौक के समीप पुल ध्वस्त होने के कारण आवागमन बाधित है, इसलिए आम लोग सुरक्षित वैकल्पिक रास्तों का प्रयोग करें.

योगापट्टी में बाढ़ पीड़ितों के लिए भोजन का आयोजन
बेतिया के योगापट्टी में बाढ़ पीड़ितों के लिए लगातार राहत कार्य किए जा रहे हैं. इसी क्रम में योगापट्टी के हरपुरवा बाजार में 2 अक्टूबर, 2026 दिन शुक्रवार को एक राहत शिविर का आयोजन किया गया. इस मानवीय पहल का नेतृत्व क्षेत्र संख्या-14, योगापट्टी के जिला परिषद और पैक्स अध्यक्ष गौरव कुमार उर्फ गुड्डू कुमार ने किया. इस राहत शिविर आयोजन के दौरान बाढ़ से प्रभावित ग्राम भावनीपुर, जगदम्बापुर ढ़बिया और बरईया टोला के निवासियों ने भोजन किया. शिविर में करीब 1000 से भी अधिक बाढ़ पीड़ितों ने पहुंचकर खाना खाया. इस राहत कार्य में बुधराम कुमार, हवलदार चौधरी, राजू कुमार, रवींद्र कुमार प्रसाद, मुकेश यादव, अमजद अंसारी और हरिकेश चौधरी ने अपना योगदान दिया.
रिपोर्ट: धनंजय द्विवेदी