)
विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी महिला आरक्षण का समर्थन करती है, लेकिन इसके नाम पर पिछड़े, अतिपिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज के राजनीतिक अधिकारों को कमजोर करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
मुकेश सहनी ने सवाल उठाया कि जब सरकार महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देना चाहती है, तो इसे मौजूदा लोकसभा और विधानसभा की सीटों पर ही लागू क्यों नहीं किया जा रहा है? इसके लिए परिसीमन और सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी की शर्त क्यों रखी जा रही है? इतना ही नहीं मुकेश सहनी ने कहा कि महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ने के बजाय सरकार इसे सीधे लागू करे.
मुकेश सहनी ने कहा कि केंद्र सरकार के प्रस्ताव में लोकसभा की अधिकतम सीटें बढ़ाकर 850 करने और विधानसभा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रावधान है. यह केवल सीटें बढ़ाने का मामला नहीं है, बल्कि इससे देश में राजनीतिक प्रतिनिधित्व का संतुलन भी प्रभावित हो सकता है. सरकार को बताना चाहिए कि इस प्रक्रिया में पिछड़े, अतिपिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज के अधिकार कैसे सुरक्षित रहेंगे.
बिहार की जाति आधारित गणना का हवाला देते हुए सहनी ने कहा कि राज्य में पिछड़ा वर्ग की आबादी 3,54,63,936 और अत्यंत पिछड़ा वर्ग की आबादी 4,70,80,514 है. दोनों को मिलाकर इनकी हिस्सेदारी 8,25,44,450 यानी लगभग 63.14 प्रतिशत है. अनुसूचित जाति की आबादी 19.65 प्रतिशत और अनुसूचित जनजाति की आबादी 1.68 प्रतिशत है, जब बिहार की इतनी बड़ी आबादी पिछड़े और अतिपिछड़े वर्गों से आती है, तो उनके राजनीतिक प्रतिनिधित्व की अनदेखी कैसे की जा सकती है? आबादी हमारी, संघर्ष हमारा और वोट हमारा, लेकिन सत्ता और निर्णय लेने की प्रक्रिया में हिस्सेदारी किसी और की हो, यह व्यवस्था अब स्वीकार नहीं होगी.
मुकेश सहनी ने मांग की कि परिसीमन की प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए. निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करते समय आबादी और सामाजिक संरचना का ध्यान रखा जाए. किसी भी समाज या समुदाय का राजनीतिक प्रतिनिधित्व कमजोर करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए. उन्होंने केंद्र सरकार से मौजूदा लोकसभा और विधानसभा सीटों पर ही 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करने, ओबीसी महिलाओं के लिए अलग सब-कोटा देने और मुस्लिम महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व के लिए ठोस प्रावधान करने की मांग की.