SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

खिड़की से फेंका रिश्वत का पैसा फिर भी नहीं बचे साहब! बेगूसराय में असिस्टेंट कमिश्नर 25 हजार घूस लेते धराए, GST को करना था एडजस्टमेंट

निगरानी विभाग की टीम ने बेगूसराय सेल टैक्स कार्यालय में कार्रवाई करते हुए सहायक कर आयुक्त प्रकाश चंद्र और उनके सहायक डाटा एंट्री ऑपरेटर संतोष झा को 25 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है. दोनों पर आरोप है कि वह जीएसटी समायोजन के नाम पर रिश्वत मांगी थी.

Edited By Shailendra
Published: Oct 06, 2026, 04:58 PM IST | Updated: Oct 06, 2026, 05:01 PM IST
Image Credit: बेगूसराय में GST समायोजन के नाम पर रिश्वत ले रहे असिस्टेंट कमिश्नर गिरफ्तार (Photo- वीडियो ग्रैब)
Join

बेगूसराय में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने 6 अक्टूबर, 2026 दिन मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की है. निगरानी की विभाग की टीम ने बेगूसराय सेल टैक्स कार्यालय में पदस्थापित असिस्टेंट कमिश्नर प्रकाश चंद्र मोहन और डाटा ऑपरेटर संतोष झा को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई के बाद सेल टैक्स कार्यालय में हड़कंप मच गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान असिस्टेंट कमिश्नर प्रकाश चंद्र मोहन और डाटा ऑपरेटर संतोष कुमार झा के रूप में हुई है. दोनों पर शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपये रिश्वत लेने का आरोप है. बताया जा रहा है कि उलाव निवासी कपड़ा व्यवसायी ज्योति कुमार ने निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी.

जीएसटी समायोजन के नाम पर मांगी थी रिश्वत
शिकायत के मुताबिक, जीएसटी की राशि के समायोजन के लिए सहायक कर आयुक्त प्रकाश चंद्र और डाटा एंट्री ऑपरेटर संतोष झा की ओर से 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी. इसके बदले करीब साढ़े तीन लाख रुपये के जीएसटी कर के समायोजन की बात कही गई थी. व्यवसायी ने 50 हजार रुपये देने के बजाय 25 हजार रुपये रिश्वत देने की सहमति जताई और पूरे मामले की शिकायत निगरानी विभाग से की.

व्यवसायी को चिह्नित नोटों की गड्डी दी गई
शिकायत मिलने के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने 5 अक्टूबर को मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की. निगरानी टीम की योजना के मुताबिक, व्यवसायी को चिह्नित नोटों की गड्डी दी गई. इसके बाद व्यवसायी ने डाटा एंट्री ऑपरेटर संतोष झा के जरिए रिश्वत की रकम सहायक कर आयुक्त प्रकाश चंद्र तक पहुंचाई.

पूरे मामले की जांच-पड़ताल की जा रही
इसी दौरान निगरानी टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि निगरानी टीम की भनक लगते ही सहायक कर आयुक्त ने रिश्वत की रकम कार्यालय की खिड़की से बाहर फेंक दी. हालांकि, निगरानी टीम ने मौके से रकम बरामद कर ली. इसके बाद निगरानी विभाग की टीम ने सहायक कर आयुक्त प्रकाश चंद्र और डाटा एंट्री ऑपरेटर संतोष झा को हिरासत में ले लिया. फिलहाल, दोनों से पूछताछ और पूरे मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है.

'दोनों आरोपियों के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी'
निगरानी विभाग के डीएसपी सतीश चंद्र माधव ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी. इस कार्रवाई के बाद सेल टैक्स कार्यालय में हड़कंप मचा हुआ है. हालांकि, असिस्टेंट कमिश्नर प्रकाश चंद्र मोहन के घर पर भी निगरानी विभाग की टीम की ओर से छापेमारी की जा रही है और उनके संबंधित ठिकानों पर भी छापेमारी की जा रही है.

रिपोर्ट: जितेन्द्र कुमार

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES