तबादले पर सवालः वैशाली में जिस दारोगा के नाम से कांपते हैं अपराधी, SSP से भी मिला सम्मान, क्या अब उसे इमानदारी की मिली सजा?
बेलसर थाना के तेज-तर्रार दरोगा मनीष कुमार का अचानक तबादला कर दिया गया है. इस तबादले के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है. महज छह दिन पहले ही दरोगा मनीष कुमार ने शराब माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई की थी.
वैशाली से इस वक्त की बड़ी और हैरान करने वाली खबर सामने आ रही है. अपराधियों पर लगातार शिकंजा कसने वाले बेलसर थाना के तेज-तर्रार दरोगा मनीष कुमार का अचानक तबादला कर दिया गया है. इस तबादले के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है और चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है. बताया जा रहा है कि दरोगा मनीष कुमार पिछले पांच महीने से बेलसर थाना में तैनात थे. अपने छोटे से कार्यकाल में ही उन्होंने अपराध नियंत्रण में कई बड़ी सफलताएं हासिल कीं. उनकी इसी कार्यकुशलता और ईमानदारी से खुश होकर वैशाली के एसएसपी शुभांक मिश्रा ने खुद उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित कर चुके हैं, लेकिन अब कहानी ने नया मोड़ ले लिया है.
मनीष कुमार के तबादले पर सवाल
जानकारी के मुताबिक, महज छह दिन पहले ही दरोगा मनीष कुमार ने क्षेत्र के कुख्यात अपराधी महताब खान के खिलाफ वारंट जारी करवाया था. इतना ही नहीं, देर रात उन्होंने बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब माफिया मनोज राय को भी गिरफ्तार किया था. इन दो बड़ी कार्रवाइयों के तुरंत बाद ही उनके तबादले का आदेश आ गया.
अचानक हुए इस तबादले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं. क्या ईमानदार और एक्शन लेने वाले अधिकारी को सजा मिल रही है? क्या शराब माफियाओं पर कार्रवाई करना महंगा पड़ गया? फिलहाल, वैशाली पुलिस के इस फैसले पर आम लोगों से लेकर पुलिस कर्मियों तक में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं.
इन अधिकारियों का भी हुआ तबादला
मनीष कुमार के अलावा SI नीरज कुमार सिंह को जंदाहा थाना अनुसंधान इकाई से औद्योगिक थाना अनुसंधान इकाई भेजा गया है. दारोगा विजय प्रसाद का तबादला काजीपुर थाना अनुसंधान इकाई से लालगंज थाना अनुसंधान इकाई में किया गया है.
इसी तरह से SI रामसकल कुमार का तबादला बिदुपुर थाना अनुसंधान इकाई से विधि-व्यवस्था शाखा, पुलिस कार्यालय हाजीपुर में किया गया है. वरीय पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा की ओर से जारी जिलादेश संख्या 1816 में सभी स्थानांतरित पुलिस पदाधिकारियों को अपने नये पदस्थापन स्थल पर तत्काल योगदान देने का निर्देश दिया गया है.