)
वैशाली में पुलिस महकमे में एसपी शुभांक मिश्रा ने बड़ा एक्शन लिया है. पातेपुर के हरलोचनपुर सुक्की थाना के थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिस अवर निरीक्षकों को निलंबित कर दिया गया है. इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. कार्रवाई एक मामले की जांच के दौरान सामने आई प्रक्रियात्मक खामियों और कर्तव्य में लापरवाही के आधार पर की गई है. मिली जानकारी के अनुसार, हरलोचनपुर थाना कांड संख्या 23/26 के अनुसंधान के दौरान महुआ एसडीपीओ ने पूरे मामले की जांच की थी. जांच के दौरान अनुसंधान और केस डायरी लेखन में अनुसंधानकर्ता की ओर से प्रक्रियात्मक त्रुटियां पाई गईं.
हाजीपुर में लाइन हाजिर किया गया
जांच प्रतिवेदन मिलने के बाद वैशाली एसपी शुभांक मिश्रा ने कार्रवाई करते हुए हरलोचनपुर थाना के थानाध्यक्ष पुअनि राकेश कुमार यादव, पुअनि इन्द्रजीत कुमार और अनुसंधानकर्ता पुअनि सुमन झा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. निलंबन के बाद तीनों पुलिसकर्मियों को पुलिस केंद्र हाजीपुर में लाइन हाजिर किया गया है. वहीं, एसआई सुबोध कुमार को हरलोचनपुर सुक्की थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है.
पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
बताया जा रहा है कि यह वही मामला है, जिसमें हरलोचनपुर थाना पुलिस ने यूट्यूबर कुंदन कुमार को उसके घर से कथित तौर पर कट्टा और गोली के साथ गिरफ्तार किया था. गिरफ्तारी के बाद ग्रामीणों ने बाइक रैली निकालकर इसका विरोध जताया था. विरोध बढ़ने के बाद एसपी ने महुआ एसडीपीओ से पूरे मामले की जांच कराई. इसके बाद जांच प्रतिवेदन के आधार पर अब पुलिसकर्मियों पर निलंबित करने की कार्रवाई की गई है. बता दें कि थानाध्यक्ष समेत तीन SI को निलंबित करने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. वहीं, इसे लेकर प्रशासन का कहना है कि इस मामले को गंभीरता से लिया गया है और कार्रवाई की गई है.
रिपोर्ट: राजकुमार सिंह