वैशाली में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, अनिल ज्वेलर्स लूटकांड का मुख्य आरोपी छोटू गिरफ्तार
वैशाली जिले में रविवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई. सदर थाना क्षेत्र के मरमला चौर में हुई गोलीबारी में कुख्यात अपराधी राज मंगल कुमार उर्फ छोटू के दाहिने पैर में गोली लगी. पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है.
बिहार के वैशाली जिले में रविवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई. सदर थाना क्षेत्र के दिगही कला स्थित मरमला चौर में हुई इस मुठभेड़ में एक अपराधी के दाहिने पैर में गोली लगी. घायल अपराधी की पहचान राज मंगल कुमार उर्फ छोटू के रूप में हुई है. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया है. पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने मुठभेड़ की पुष्टि की है. पुलिस के अनुसार, वैशाली पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि रविवार रात कुछ अपराधी मरमला चौर में जुटने वाले हैं. सूचना के आधार पर सदर एसडीपीओ-1 के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की. इसी दौरान पुलिस को देखकर आरोपी ने गोलीबारी शुरू कर दी. जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा के लिए फायरिंग की, जिसमें राज मंगल कुमार घायल हो गया.
अन्य अपराधी मौके से फरार
बताया जा रहा है कि घायल आरोपी के साथ मौजूद अन्य अपराधी मौके से फरार हो गए. पुलिस ने घायल आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम उसका उपचार कर रही है. एहतियात के तौर पर अस्पताल में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. वहीं, मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से हथियार भी बरामद किए हैं.
वैशाली और समस्तीपुर में दर्ज हैं एक दर्जन से अधिक मामले
पुलिस के मुताबिक, राज मंगल कुमार उर्फ छोटू वैशाली और समस्तीपुर जिले में लंबे समय से सक्रिय था. उसके खिलाफ लूट, आर्म्स एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं. वह समस्तीपुर के चर्चित अनिल ज्वेलर्स लूटकांड का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है. आरोपी वर्ष 2025 में पुलिस को चकमा देकर समस्तीपुर कोर्ट से फरार हो गया था. इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी.
एसपी ने घटनास्थल का लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. एफएसएल की टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं. वहीं, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. फिलहाल मामले की जांच जारी है.
इनपुट: आईएएनएस