)
वैशाली जिले में नाबालिग के साथ कथित अप्राकृतिक यौनाचार के मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन सामने आया है. पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि वारदात में इस्तेमाल किए गए टेम्पो को भी जब्त कर लिया गया है. वहीं, इस मामले में संलिप्त एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. पूरा मामला वैशाली जिले के काजीपुर थाना क्षेत्र का है.
पुलिस के मुताबिक, 15 अक्टूबर को एक नाबालिग के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल को लेकर शिकायत मिली थी. आवेदन के आधार पर काजीपुर थाना कांड संख्या 32/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर-1 एसडीपीओ सुबोध कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. अनुसंधान के दौरान नाबालिग के साथ कथित तौर पर बलपूर्वक अप्राकृतिक यौनाचार किए जाने की बात सामने आई. इसके बाद पुलिस ने छापेमारी तेज की.
कार्रवाई के दौरान नामजद आरोपी बल्लू कुमार उर्फ बब्लू कुमार को सदर थाना क्षेत्र के गदाई सराय से गिरफ्तार किया गया. वहीं, दूसरे आरोपी सन्नी कुमार को उसके गांव भट्टडी से दबोचा गया. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल टेम्पो भी जब्त कर लिया है. फिलहाल, एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है. नाबालिग से जुड़े इस संवेदनशील मामले में पुलिस की जांच जारी है. वहीं, अब देखना होगा कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी कब तक होती है और जांच में आगे क्या तथ्य सामने आते हैं.
मामले की जानकारी देते हुए हाजीपुर एसडीपीओ सदर सुबोध कुमार ने बताया कि 17 अक्टूबर को काजीपुर थाना अंतर्गत एक आवेदन प्राप्त हुआ था, जिसमें आवेदक ने अपने नाबालिग पुत्र के साथ एक नामजद और दो अज्ञात व्यक्तियों के द्वारा मारपीट किए जाने के मामले दर्ज कराया गया था. प्राप्त आवेदन के आधार पर काजीपुर थाना में एक मामला दर्ज किया गया और गिरफ्तारी के लिए एक टीम का गठन किया गया था. जांच के दौरान पता चला कि नाबालिग लड़के के साथ अप्राकृतिक यौनचार भी किया गया है. गठित टीम ने सलेमपुर काजीपुर के रहने वाले बल्लू कुमार उर्फ बबलू कुमार को गिरफ्तार किया है. साथ ही, भटंडी काजीपुर के रहने वाले सनी कुमार को भी गिरफ्तार किया है.
उन्होंने आगे बताया कि पूछताछ करने पर दोनों व्यक्तियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली. बताया गया है कि दोनों युवक रात के समय काजीपुर इलाके में ऑटो रिक्शा चलाने का काम करते हैं. 15 अक्टूबर को, उन्होंने डिग्गी ब्रिज के पास से नाबालिग लड़के को उठाया और बाद में काजीपुर इलाके में इस कृत्य को अंजाम दिया. दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और अब उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.
रिपोर्ट: राजकुमार सिंह