ASI की फायरिंग से युवक की मौत पर कोहराम: आक्रोशित भीड़ ने कॉलर पकड़कर डीएम को खींचा, सुरक्षाकर्मियों ने किसी तरह बचाया
मधुबनी में एक एएसआई का दुस्साहस जिले के बड़े अधिकारियों को भारी पड़ने लगा है. मंगलवार को गांव पहुंचे जिलाधिकारी आनंद शर्मा को ग्रामीणों ने कॉलर पकड़कर खींच लिया. सुरक्षाकर्मी जिलाधिकारी को बचाकर ले गए, नहीं तो हो सकती थी अनहोनी.
मधुबनी में ASI चन्द्रमोहन सिंह की फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जमकर प्रदर्शन किया. हालात उस वक्त और तनावपूर्ण हो गए, जब घटनास्थल पर पहुंचे डीएम आनंद शर्मा को ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ा. प्रदर्शन के दौरान कुछ महिलाओं ने डीएम के साथ दुर्व्यवहार किया. उनका कॉलर पकड़कर खींचा गया।. अचानक बिगड़े हालात के बीच मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने किसी तरह उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. हालांकि, डीएम ने पीड़ित के परिजनों को हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया है.
क्या है मामला
दरअसल, मधुबनी जिले के बाबूबरही के बलिराजगढ़ गांव में 2 नवंबर की आधी रात को एक सब इंस्पेक्टर को ग्रामीणों ने अवैध संबंध के मामले में पकड़ लिया. ग्रामीणों से खुद को घिरा देखकर सब इंस्पेक्टर ने अपने सर्विस रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी, जिसमें अशोक नाम के युवक की मौत हो गई और 3 की हालत अभी गंभीर है.
READ ALSO: मधुबनी फायरिंग कांड: SSP ने फरार ASI पर किया 25 हजार रुपये का इनाम घोषित, मर्डर की दर्ज होगी FIR
गंभीर रूप से घायल एक महिला को दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल रेफर किया गया है. घटना के बाद से आरोपी सब इंस्पेक्टर फरार है और पुलिस उसे पकड़ने के लिए दबिश दे रही है. एसएसपी योगेंद्र कुमार ने तो फरार सब इंस्पेक्टर पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर दिया है.
घटना के बाद से इलाके में भारी तनाव है और लोगों में जबर्दस्त आक्रोश है. इसी बीच में मंगलवार दोपहर बाद गांव में डीएम पहुंच गए और वे पीड़ित परिवार को सांत्वना और सरकारी मदद का भरोसा दिलाने लगे, लेकिन ग्रामीण इस बात पर अड़ गए कि उन्हें जो भी मदद दी जानी है, अभी दी जाए. इसी बात को लेकर ग्रामीणों ने डीएम का कॉलर तक पकड़ने का दुस्साहस दिखाया, लेकिन सुरक्षाकर्मी उन्हें सुरक्षित बचाते हुए निकल गए.
SSP योगेंद्र कुमार का कहना है कि ASI एक पुलिस चौकी पर तैनात था और अक्सर गांव के एक घर में जाया करता था. ग्रामीणों ने जब उसे पकड़ लिया, तो उसने सर्विस रिवॉल्वर से गोली चला दी, जिससे एक युवक की मौत हो गई और बाकी 3 घायल हो गए. उन्होंने बताया कि एएसआई के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा.
मधुबनी से बिंदु भूषण की रिपोर्ट