App

नीतीश सेतु के उद्घाटन के बाद हंगामा: पोस्टर फाड़ने का वीडियो हुआ वायरल, पक्ष और विपक्ष में जुबानी जंग

नीतीश सेतु के उद्घाटन के बाद एक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में लोग पुल पर लगे पोस्टर को फाड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं. इस घटना के बाद बिहार में बयानबाजी तेज हो गई है.

नीतीश सेतु के उद्घाटन के बाद हंगामा: पोस्टर फाड़ने का वीडियो हुआ वायरल, पक्ष और विपक्ष में जुबानी जंग
Image Credit: नीतीश सेतु हंगामा (जी मीडिया)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल (21 नवंबर) वैशाली में नीतीश सेतु का उद्घाटन किया. इस कार्यक्रम के बाद, कई पोस्टर फाड़ दिए गए और कुछ लोगों ने पुल पर हंगामा किया. वायरल हो रहे वीडियो में कथित तौर पर मौके पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का एक झंडा और एक हरा गमछा भी दिखाई दे रहा है. वहीं, अब इसे लेकर बिहार में सियासी पारा चढ़ गया है और इस घटना पर विपक्ष और सत्ता पक्ष के नेताओं की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं. 

भाजपा नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि नीतीश सेतु के उद्घाटन के बाद जिस तरीके से पोस्टर फाड़े गए, यह बताता है कि यह 'जंगलराज' वाले लोग हैं. इन्हें विकास से कोई मतलब नहीं है और अगर ये लोग सत्ता में आ गए तो गुंडाराज व अपराधी राज कायम करेंगे.

'प्रधानमंत्री को हो गया इस बात का विश्वास'

वहीं, राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने पलटवार करते हुए कहा कि यह स्पष्ट करता है कि प्रधानमंत्री जी को भी इस बात का एहसास हो गया कि एनडीए के अंदर सब कुछ ठीक नहीं है. प्रधानमंत्री ने इस बात का भी एहसास कर लिया कि इस इलाके के लोगों ने समर्थन और विश्वास नहीं दिया है, हमें सुनने नहीं आए हैं. प्रधानमंत्री जी को इस बात का भी विश्वास हो गया कि यह समाजवादियों का गढ़ है, इसीलिए उन्होंने हरा गमछा लहरा करके कहीं न कहीं अपनी झेंप मिटाने का काम किया. जिस तरह से एनडीए के अंदर इस कार्यक्रम के प्रति गुस्सा और रोष देखने को मिला, जब उनके नेताओं का फोटो नहीं देंगे, जब उनकी पार्टी का झंडा नहीं लगाएंगे और इस इवेंट को भारतीय जनता पार्टी का बनाएंगे, तो कहीं न कहीं उस गुस्से का प्रकटीकरण देखने को मिल रहा है.

'प्रधानमंत्री जी हरा गमछा लहरा रहे हैं'

उन्होंने आगे कहा कि जब प्रधानमंत्री जी हरा गमछा लहरा रहे हैं, तो क्या वह राष्ट्रीय जनता दल के नेता या कार्यकर्ता थे? यह स्पष्ट करना चाहिए. अब कोई भी राष्ट्रीय जनता दल का झंडा लेकर के अगर कोई इस तरह का कृत्य कर रहा है, तो उसको राष्ट्रीय जनता दल का कार्यकर्ता नहीं माना जाना चाहिए. क्योंकि राष्ट्रीय जनता दल लालू जी के विचारों और तेजस्वी जी के कार्यों पर विश्वास करता है. राष्ट्रीय जनता दल के प्रति, तेजस्वी जी के प्रति इस इलाके में जो समर्थन और विश्वास देखने को मिल रहा है, उसका एहसास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को भी हो गया.

'जनता नरेंद्र मोदी से आक्रोशित'

वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस प्रवक्ता स्नेहाशीष वर्धन ने कहा कि जनता नरेंद्र मोदी जी से पूरी तरीके से आक्रोशित हो चुकी है. चुन-चुन कर उनकी तस्वीरों को फाड़ने का जो वीडियो आया है, वह स्पष्ट करता है कि प्रधानमंत्री महोदय के कार्यकाल से बिहार की जनता नाखुश है. साथ ही साथ सिख धर्म के दसवें गुरु, गुरु गोविंद सिंह जी के नाम पर जिस पुल का नामकरण होना था, गठबंधन टूटने के डर से आनन-फानन में नीतीश कुमार जी के नाम पर उसको रखा गया. प्रधानमंत्री जी को स्वयं उस कार्यक्रम में आना पड़ा, जबकि यह पूरी तरीके से फ्लॉप शो था और जनता आक्रोशित थी. इसलिए प्रधानमंत्री महोदय की तस्वीरों को फाड़कर उसने गुस्से का इजहार किया.

रिपोर्ट: सनी कुमार

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया में 2 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News रीजनल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रही हैं. हाइपरलोकल की राजनीति, क्राइम और अन्य खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.ISOMES कॉलेज से BJMC करने के बाद रंजना ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में काम किया है. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देती हैं.रंजना कुमारी से आप Ranjana.Kumari@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More