SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

घर पर खड़ी थी गाड़ी, सड़क पर दिखी हमशक्ल... जहानाबाद में एक ही नंबर की दो कारें देख असली मालिक के उड़े होश! पुलिस ने किया जब्त

जहानाबाद में एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर की दो गाड़ियां देख कार के असली मालिक के होश उड़ गए. वाहन मालिक की सूचना पर पुलिस ने संदिग्ध कार को जब्त कर लिया. पुलिस अब कार के इंजन और चेसिस नंबर की जांच शुरू कर दी है, ताकि फर्जीवाड़े का पता चल सके.

Edited By Shailendra
Published: Nov 16, 2026, 13:51 IST | Updated: Nov 16, 2026, 14:06 IST
Image Credit: जहानाबाद में एक ही नंबर पर दौड़ रही थी दो गाड़ियां, असली मालिक के उड़े होश (Photo-AI)
Join

जहानाबाद से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर की दो गाड़ियां मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. मामला नगर थाना क्षेत्र के सदर अस्पताल के समीप का है. बताया जाता है कि एक वाहन मालिक जब सदर अस्पताल के पास से गुजर रहे थे, तो सड़क किनारे उनकी ही गाड़ी के नंबर (BR02BM-7866) वाली दूसरी गाड़ी खड़ी देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. उन्होंने तुरंत इसकी सूचना नगर थाना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने संदिग्ध गाड़ी को जब्त कर लिया है और फर्जीवाड़े की जांच में जुट गई है.

दरअसल, असली वाहन मालिक किसी काम से सदर अस्पताल के पास से गुजर रहे थे. तभी उनकी नजर सड़क किनारे खड़ी एक गाड़ी की नंबर प्लेट पर पड़ी, जिस पर BR02BM-7866 लिखा हुआ था. यह नंबर देखते ही वे हतप्रभ रह गए, क्योंकि यही नंबर उनकी अपनी सफेद रंग की टाटा नेक्सन गाड़ी का है, जिसे उन्होंने वर्ष 2023 में खरीदा था और वह उस वक्त उनके घर पर खड़ी थी.

असली वाहन मालिक महेश प्रसाद उर्फ पप्पू ने बताया कि हम कुछ काम से सदर अस्पताल के पास से गुजर रहे थे. अचानक नजर सड़क किनारे खड़ी गाड़ी की नंबर प्लेट पर पड़ी, तो देखा कि उस पर मेरी ही गाड़ी का नंबर BR02BM-7866 लगा हुआ है. जबकि, मेरी सफेद नेक्सन गाड़ी 2023 मॉडल की है और वह मेरे घर पर खड़ी है. मैं जरूरत पड़ने पर ही गाड़ी निकालता हूं. अपनी गाड़ी का नंबर दूसरी गाड़ी पर लगा देख मैं हैरान रह गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी. उन्होंने आशंका जताते हुए कहा कि कोई मेरे खिलाफ साजिश कर फंसाना चाहता है या किसी आपराधिक वारदात में इस्तेमाल के लिए इस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई होगी.

वहीं, सूचना मिलते ही जहानाबाद नगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और संदिग्ध गाड़ी को कब्जे में लेकर थाने ले आई. हैरानी की बात यह है कि पुलिस की कार्रवाई के बाद भी इस दूसरी गाड़ी का कोई मालिक अब तक सामने नहीं आया है. जहानाबाद नगर थाना सब इंस्पेक्टर रजनीकांत राय ने कहा कि गाड़ी के इंजन और चेसिस नंबर के जरिए यह पता लगाया जाएगा कि यह गाड़ी कहीं चोरी की है या शराब तस्करी या किसी आपराधिक वारदात में इस्तेमाल के लिए इस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी, या फिर यह किसी बड़े वाहन चोर गिरोह का कारनामा है.

रिपोर्ट: मुकेश कुमार

यह भी पढ़ें: ब्रेकर ने बांधकर पिटवा दिया! ट्रैक्टर से हटाने पहुंचे हथियारबंद युवक को ग्रामीणों ने पकड़ा, रस्सी से बांध और कर दी पिटाई

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES