अररिया एसपी आवास, 200 मीटर दूरी पर ज्वेलरी शॉप, चोर आए 3 घंटे तक काटा शटर-लॉकर और 1 करोड़ के जेवर लेकर फरार
अररिया में एसपी आवास से महज 200 मीटर की दूरी पर शगुन ज्वैलर्स में 1 करोड़ की चोरी का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि चोरों ने 3 घंटे तक दुकान में घटना को अंजाम दिया. इसके बाद आसानी से फरार हो गए.
अररिया जिला में चोरों ने एक ज्वेलरी दुकान में करीब 1 करोड़ की चोरी की घटना को अंजाम दिया है. अररिया बस स्टैंड के समीप स्थित शगुन ज्वेलर्स में अज्ञात चोरों ने गैस कटर से ताला और शटर का लॉक काटकर भीषण चोरी की वारदात को अंजाम दिया. जिस जगह पर चोरी हुई है, वह हाई सिक्योरिटी जोन माना जाता है, क्योंकि चोरी वाली जगह से एसपी आवास महज 200 मीटर की दूरी पर है.
1:30 बजे चोर दुकान के अंदर दाखिल हुए हैं और 4:30 बजे करते रहे चोरी
वहीं, इससे बेखौफ चोरों ने जिस तरह से तीन घंटे तक ज्वेलरी दुकान के अंदर चोरी की घटना को अंजाम दिया, वह पुलिस की गश्त पर सवालिया निशान लगाता है. दुकान के मालिक सोनू भगत ने बताया कि रात्रि 1:30 बजे चोर दुकान के अंदर दाखिल हुए हैं और 4:30 बजे के आसपास तक दुकान में बैठकर लॉकर समेत अन्य चीजों को तोड़कर उसमें रखे गहने और पैसों की चोरी कर फरार हो गए.
पुलिस चोरी की इस वारदात की जांच करने में जुट गई
दरअसल, चोरों ने गैस कटर और अन्य औजार वही छोड़ दिया है. वह गहने पैसे लेकर फरार हो गए. घटना की सूचना सदर पर एसडीपीओ सुशील कुमार नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक और डीआईयू टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद वारदात की जानकारी जुटानी शुरू की और जांच में जुट गई है.
इस क्षेत्र में पहले भी हो चुकी है चोरी की वारदात
बता दें कि इससे पहले में भी कुछ साल पूर्व बैंक ऑफ इंडिया डकैती की घटना और गहना ज्वैलर्स में चोरी की वारदात हो चुकी है.
पटना में चोरों का आतंक, पांच फ्लैटों के टूटे ताले
वहीं, मंगलवार 17 नवंबर को बिहार की राजधानी पटना में चोरों ने रिटायर्ड शिक्षक और कारोबारी के मकानों को निशाना बनाया था. गर्दनीबाग थाना क्षेत्र के रोड नंबर-10, रिलायंस टावर स्ट्रीट स्थित अलकापुरी में दो अलग-अलग मकानों में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया. पहली घटना रिटायर्ड शिक्षक जवाहर झा के घर में हुई.
वहीं, दूसरी वारदात ठीक सामने स्थित कारोबारी अमित कुमार सिंह के दो मंजिला मकान में हुई थी. इस मकान में कुल पांच फ्लैट हैं. चोरों ने सभी पांच फ्लैटों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. कारोबारी के मुताबिक, चार फ्लैटों में किरायेदार रहते हैं. सभी फ्लैटों के ताले टूटे हुए हैं और सामान बिखरा पड़ा था.
रिपोर्ट: कुमार नितेश