गोपालगंज में कल देर रात राजीव रीजेंसी होटल में चाकूबाजी की एक घटना हुई. यह होटल भाजपा एमएलसी राजीव कुमार गप्पू का है. होटल के तीन कर्मचारियों के बीच चाकूबाजी हुई, जिसमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मिली जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार देर रात शहर के बंजारी मोड़ स्थित होटल राजीव रीजेंसी की है, जहां रेस्टोरेंट में कार्यरत 3 कर्मियों के बीच विवाद हो गया.
देखते ही देखते विवाद में चाकूबाजी शुरू की घटना हुई, जिसमें 3 लोग घायल हो गए. इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, इस दौरान एक कर्मी अवनीश सिंह ने दम तोड़ दिया. मृतक कर्मचारी अवनीश सिंह हथुआ थाना क्षेत्र के तंडवा का रहने वाला था. इसी रेस्तरां में काम करता था. उसके परिजन शव को रेस्तरां के बाहर रखकर वहीं बैठे हैं. सदर एसडीपीओ फिलहाल उन्हें समझाने-बुझाने की कोशिश कर रहे हैं.
पटना में डिब्रूगढ़-राजेंद्रनगर एक्सप्रेस में ट्रेन सुपरवाइजर के साथ मारपीट और रुपये लूटने के मामले में रेल पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील कुमार उर्फ राधे उर्फ नेपाली, रंजन कुमार और राजीव कुमार उर्फ राजा के रूप में हुई है. इस मामले में पहले एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया था, जबकि एक आरोपी ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया था. मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेन बख्तियारपुर स्टेशन पर रुकी तो 5-6 संदिग्ध युवक एस-2 कोच में सवार हुए. सभी शौचालय में घुसकर अंदर से दरवाजा बंद कर नट-बोल्ट खोलने लगे.
इस दौरान ट्रेन सुपरवाइजर विजय कुमार ने विरोध किया, तो उनके साथ गाली-गलौज की गई. अन्य रेलकर्मियों ने भी इसका विरोध किया और एक युवक को पकड़ लिया. इसके बाद गुलजारबाग और राजेंद्रनगर स्टेशन के बीच आरोपियों ने चेन खींचकर ट्रेन रोक दी. फिर कुछ युवक कोच में घुसे और अपने साथी को छुड़ाकर विजय कुमार को नीचे घसीट ले गए. उनके साथ मारपीट की गई. पुलिस को आता देख आरोपी शराब की पेटियां लेकर फरार हो गए. घटनास्थल पर छूटे एक बैग से शराब की बोतलें बरामद हुई थीं. रेल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
गोपालंगज से मदेष तिवारी और पटना से प्रकाश कुमार सिन्हा की रिपोर्ट