)
संसद के विशेष सत्र की तारीखों का ऐलान हो गया है. सरकार ने 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक बुलाने का फैसला लिया है. इस विशेष सत्र में परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक और महिला आरक्षण से जुड़े परिसीमन विधेयक में कुछ संशोधनों पर चर्चा हो सकती है. वहीं, इसे लेकर बिहार में सियासत भी तेज हो गई है. RJD विधायक रणविजय साहू ने सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा सही नहीं है.
रणविजय साहू ने कहा कि केंद्र सरकार में बैठे लोगों संविधान, लोकतंत्र के महत्व को नहीं समझ रहे हैं. कोई भी प्रस्ताव लाने से पहले विपक्ष के साथ बातचीत करना, शुरुआती बैठकें करना और चर्चा के दौर चलाना, एक पुरानी परंपरा रही है. इसके बाद, उसके बाद सत्र बुला के उस पर विशेष डिबेट होना चाहिए. चर्चा होनी चाहिए कि आखिर देश बोलता क्या है, देश क्या चाहता है. परिसीमन प्रक्रिया को लेकर जनता के नजरिए पर भी बहस होनी चाहिए और केंद्र सरकार को इसी तरीके से आगे बढ़ना चाहिए.
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व एमएलसी प्रेमचंद्र मिश्रा ने कहा कि परिसीमन एक महत्वपूर्ण मुद्दा है. ऐसे गंभीर मुद्दे पर विपक्ष भी अपनी जिम्मेदारियों को समझता है और आपस में कोई राजनीति किए बगैर जो बेहतर हो सकता है, परिसीमन को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस उसका पालन करने की कोशिश करेगी. ऐसा मेरा मानना है, इसलिए इसमें किसी तरह का विरोध या विवाद न हो, लेकिन सभी चीजें, सभी पक्षों को, सभी पहलुओं को देखा जाए, यह ध्यान में रखने का प्रयास कांग्रेस पार्टी की तरफ से होगा.
वहीं, जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार ने कहा कि परिसीमन बिल और सूत्रों के हवाले से खबर है कि महिला आरक्षण बिल, यह अल्पकालीन सत्र में यह पेश हो रहा है. यह देश की संवैधानिक आवश्यकता है और जन आकांक्षा भी है. स्वाभाविक रूप से अब कौन साथ देगा, नहीं देगा यह तो स्पष्ट हो जाएगा, जब पार्लियामेंट में पेश होगा. लेकिन यह देश की आवश्यकता है, महिलाओं को उनका हक मिलना चाहिए, परिसीमन होना चाहिए.
नीरज कुमार ने आगे कहा कि जब जनसंख्या का दबाव इतना बढ़ गया है, भौगोलिक क्षेत्र सीमित है, तो उसमें स्वाभाविक है कि परिसीमन होना चाहिए. महिला आरक्षण के क्यों विरोधी? आजादी के इतने लंबे अरसे गुजर गए, क्या 50% महिलाओं ने अपनी पात्रता सिद्ध कर दी है, तो उनको हक नहीं मिलना चाहिए? क्या परिसीमन नहीं होना चाहिए? ऐसे सवाल पर जरूर गंभीर विपक्ष को होना चाहिए.
रिपोर्ट: रूपेंद्र श्रीवास्तव