)
सिवान के आलमपुर पटाखा ब्लास्ट मामले में मृतकों की संख्या अब बढ़कर 6 हो गई है. हादसे में पहले 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी, लेकिन चार दिनों से लापता 21 वर्षीय मुस्कान सिद्दीकी का शव मलबे से बरामद किया गया है. इसके साथ ही अब मृतकों की कुल संख्या 6 हो गई है.
23 अक्टूबर को अवैध रूप से पटाखा बनाने के दौरान हुए भीषण विस्फोट के बाद से ही मुस्कान की तलाश की जा रही थी. 27 अक्टूबर मंगलवार को पुलिस टीम ने क्षतिग्रस्त मकान का मलबा हटाने के दौरान शव बरामद किया. इसकी आधिकारिक जानकारी सीवान पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी है.
गौरतलब है कि सिवान के जामो बाजार थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में पटाखा बनाने के दौरान हुए भीषण विस्फोट ने कई परिवारों को उजाड़ दिया था. विस्फोट इतना जबरदस्त था कि एक मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
हादसे के बाद से ही मलबे में दबे लोगों की तलाश की जा रही थी. इस विस्फोट में इससे पहले पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी, जिनमें अमीरुद्दीन अहमद मियां, इशरत सिद्दीकी, खुशबू सिद्दीकी, अरशद सिद्दीकी और राजकुमार उर्फ भोला शामिल थे.
अब मुस्कान का शव मिलने के बाद मृतकों की संख्या छह हो गई है. मुस्कान आलमपुर गांव की ही रहने वाली थी और हादसे के बाद से लापता थी. पुलिस टीम लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थी. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल सिवान भेज दिया गया है. फिलहाल, इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.
दूसरी तरफ 27 अक्टूबर मंगलवार यानी आज सिवान के बड़हरिया में एक मोबाइल टावर में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेज थी कि टावर से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं. आग की लपटें देखकर आसपास के बाजार में अफरातफरी मच गई. ग्रामीण आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं. लोगों ने अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दे दी है.
घटना बड़हरिया थाना क्षेत्र के कोइरीगांवा स्थित ग्रामीण बैंक के पीछे की है. आग लगने से टावर के केबल समेत कई कीमती उपकरण जलकर राख हो गए है. वहीं, इलाके में मोबाइल नेटवर्क सेवा भी प्रभावित हुई है. अचानक लगी आग से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया. टावर काफी ऊंचाई पर होने के कारण आग बुझाने में परेशानी हो रही है. आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है.
मोबाइल टावर में आग लगने से केबल और अन्य उपकरणों को नुकसान पहुंचा है. इसके कारण क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क सेवा प्रभावित है. फिलहाल, टावर कर्मियों की ओर से भी संबंधित विभाग को घटना की सूचना दे दी गई है.
रिपोर्ट: अमित सिंह