)
जब आप सैलून में जाते होंगे तो हजाम कहता होगा कि आपका 1...2...3...4...5 या कोई और नंबर है और फिर कहता होगा कि इतने लोगों के बाद आपकी दाढ़ी या बाल, जो भी कटवाना है, वह होगा काम होगा. खैर, ये तो हजामत घर में हजाम का काम है. मगर, कुछ लोगों में धैर्य कम होता है और नंबर को लेकर विवाद हो जाता है और लोग इसे अपने अहम पर ले लेते हैं और मामूली विवाद को बढ़ा बना देते हैं. कुछ ऐसा ही विवाद बिहार के शेखपुरा में हुआ है. यहां पर नंबर को लेकर खूनी तांडव हो गया. चलिए इस आर्टिकल में पूरा मामला जानते हैं.
सैलून में मामूली कहासुनी बनी खूनी जंग
दरअसल, शेखपुरा में मामूली विवाद में गोलीबारी का मामला सामने आया है. सैलून में दाढ़ी बनवाने के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और देखते ही देखते कई राउंड गोलीबारी हुई. हुई गोलीबारी में दो लोगों को गोली लग गई. स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफरल अस्पताल बरबीघा में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने चिंताजनक स्थिति में पावापुरी बीम्स रेफर कर दिया है.
शेखोपुरसराय थाना क्षेत्र की घटना
यह घटना शेखपुरा जिले के शेखोपुरसराय थाना क्षेत्र के ओनामा गांव में घटित हुई, जहां सैलून में बाल-दाढ़ी बनवाने को लेकर विवाद हिंसक हो गया और गोलीबारी की घटना हुई. गोलीबारी में घायलों की पहचान 75 वर्षीय वीरेंद्र सिंह और 25 वर्षीय पिंकू कुमार के रूप में हुई है.
एक तरफ से चलीं गोलियां तो दूसरी तरफ से रोड़ेबाजी
बताया जाता है कि गांव के सैलून में बाल बनवाने को लेकर रवि सिंह के भतीजे और मंटू सिंह के पुत्र कारू कुमार के बीच विवाद हो गया. कारू पहले दाढ़ी बनवा रहा था, इसी बात पर दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए. विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष की ओर से गोलीबारी शुरू कर दी गई, तो दूसरे पक्ष के लोग इकट्ठा होकर पत्थर चलाने लगे.
दो लोगों को लगी गोली
इसी दौरान बीच-बचाव या झड़प के दौरान 75 वर्षीय ग्रामीण वीरेंद्र सिंह के पैर में गोली लग गई, जबकि 25 वर्षीय युवक पिंकू कुमार भी गोली लगने से घायल हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से गोली का खोखा बरामद किया. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है.
रिपोर्ट: रोहित कुमार