)
बिहार के सारण से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएंगे. वायरल वीडियो में एक व्यक्ति सांप को कच्चा खाते हुए नजर आ रहा है. वायरल वीडियो मांझी प्रखंड के मझनपुरा गांव का बताया जा रहा है. वायरल वीडियो की पहचान मझनपुरा निवासी चरण सिंह के रूप में हुई है. वीडियो में वह जहरीले सांप को पकड़ते, उसके दांत तोड़ते और फिर उसे कच्चा चबाकर खाते नजर आ रहे हैं. हालांकि, ज़ी मीडिया इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है. वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा यह नजारा जितना खतरनाक है, उतने ही गंभीर सवाल भी खड़े करता है. आखिर कोई व्यक्ति अपनी जान को इस तरह जोखिम में डालकर ऐसा कदम कैसे उठा सकता है? क्या यह किसी सनक का नतीजा है, खतरों से खेलने का जुनून या फिर इसके पीछे कोई दूसरी वजह है? इसके अलावा अब वीडियो में दिख रहे व्यक्ति पर कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है और उसे जेल भी जाना पड़ सकता है.
क्या कहता है देश का कानून?
भारत में सांप को मारना वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत एक गंभीर कानूनी अपराध है. इस कानून को जंगली जानवरों, पक्षियों, जीव-जंतुओं के साथ-साथ पेड़-पौधों की रक्षा करने के लिए बनाया गया था. इसके तहत अवैध शिकार, वध और अवैध व्यापार अपराध है.
युवक को कितनी हो सकती है सजा?
इस कानून में विभिन्न स्तर के संरक्षण और दंड के प्रावधान हैं. देश में सांप भी इसी कानून के तहत संरक्षित हैं. इस कानून के तहत सांपों को मारने पर 3 से 7 साल तक की जेल और कम से कम 25,000 रुपये का जुर्माना हो सकता है. यह एक गैर-जमानती अपराध है, यानी इस तरह के अपराध में आसानी से जमानत नहीं मिलती है.
सांपों के साथ पकड़े गए थे 6 लोग
इससे पहले आरपीएफ ने जनसेवा एक्सप्रेस में यात्रियों को सांप दिखाकर पैसे वसूलने वाले 6 लोगों को गिरफ्तार किया था. जानकारी के मुताबिक, आरपीएफ को सूचना मिली थी कि सांपों के साथ कुछ लोग छपरा से 14618 डाउन जनसेवा एक्सप्रेस में सवार हुए हैं और यात्रियों को सांप दिखाकर उनसे पैसे वसूल रहे हैं.
आरपीएफ ने विषैले सांपों के साथ 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया. सभी आरोपी उत्तरप्रदेश के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं. आरपीएफ ने सभी सांपों को छपरा वन विभाग के अधिकारियों सौंप दिया है.